दिल्ली में सड़क पार कर रही DTC बस मार्शल को बाइक ने मारी टक्कर, ट्रक की चपेट में आने से मौत - India TV Hindi

Published on 25 सित॰ 2026

दिल्ली में गुरुवार को सड़क हादसे में 55 साल की एक महिला की मौत हो गई। महिला दिल्ली होम गार्ड में कार्यरत थीं और DTC बस मार्शल के तौर पर ड्यूटी कर रही थीं। पुलिस के मुताबिक, खजूरी फ्लाईओवर के पास सड़क पार करते समय एक मोटरसाइकिल ने उन्हें टक्कर मार दी। इसके बाद वह ट्रक के सामने गिर गईं और ट्रक की चपेट में आने से उनकी जान चली गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे की सूचना गुरुवार दोपहर करीब 12:18 बजे मिली। सूचना मिलने के बाद उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका की पहचान सुनीता थेपलियाल के रूप में की। वह भजनपुरा की रहने वाली थीं।

सड़क पार करते समय हुआ हादसा

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, सुनीता थेपलियाल खजूरी फ्लाईओवर की शुरुआत के पास सड़क पार कर रही थीं। उसी दौरान एक ट्रक वहां से गुजर रहा था। ट्रक चालक ने महिला को सामने देखकर उन्हें बचाने के लिए अचानक ब्रेक लगाया। पुलिस के अनुसार, ट्रक के कारण मोटरसाइकिल सवार को सड़क पार कर रही महिला ठीक से दिखाई नहीं दीं। इसके बाद मोटरसाइकिल ने महिला को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद महिला सड़क पर गिर गईं और ट्रक के सामने आ गईं। इसके बाद ट्रक की चपेट में आने से उन्हें गंभीर चोटें आईं।

अस्पताल ले गए, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि राहगीर उन्हें बेहोशी की हालत में JPC अस्पताल ले गए थे। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस टीम को हादसे की जगह पर एक मोटरसाइकिल और एक ट्रक मिला। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

ट्रक और बाइक सवार दोनों गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत खजूरी खास थाने में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने हादसे के सिलसिले में ट्रक चालक और मोटरसाइकिल सवार दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि हादसे की परिस्थितियों और घटनाक्रम की आगे जांच की जा रही है। मामले में अन्य तथ्यों को भी जांच के दौरान सामने लाया जाएगा।

(रिपोर्ट- PTI)

ये भी पढ़ेंः कालकाजी पार्क गैंगरेप केस में साजिश का एंगल, फोन में मिले अश्लील वीडियो; पिस्टल और चाकू बरामद

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।