BBC डॉक्यूमेंट्री विवाद में DU से एक साल रहे डी-बार, अब इस छात्रनेता को कांग्रेस में मिला नेशनल पद

Published on 16 सित॰ 2026

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) की 'राजनीतिक नर्सरी' से एक और छात्र नेता ने राष्ट्रीय स्तर के संगठन में अपनी जगह पक्की कर ली है. NSUI दिल्ली राज्य के पूर्व जनरल सेक्रेटरी और डूसू कैंपेन इंचार्ज रहे डॉ. लोकेश चुग को ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) के अंतर्गत आने वाले संगठन 'जवाहर बाल मंच' का नेशनल कोऑर्डिनेटर (प्रोबेशनरी) नियुक्त किया गया है.  

जवाहर बाल मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जी.वी. हरि द्वारा 14 सितंबर 2026 को जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, देश भर से कुल 5 नेताओं को यह राष्ट्रीय जिम्मेदारी सौंपी गई है.  

ये 5 नेशनल कोऑर्डिनेटर भी न‍ियुक्त 

AICC द्वारा जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार, अगले 6 महीनों के प्रोबेशनरी पीरियड के लिए इन 5 नेताओं को नेशनल कोऑर्डिनेटर (P) बनाया गया है. ये नाम हैं-  

सीवीए जलील-केरल  
दुष्यंत सिंह राणा-उत्तर प्रदेश  
राहुल शर्मा- उत्तर प्रदेश  
शाहला शेख- मुंबई  
डॉ. लोकेश चुग- दिल्ली  

बीबीसी डॉक्यूमेंट्री स्क्रीनिंग विवाद में डीयू से 1 साल रहे डिबार

डॉ. लोकेश चुग दिल्ली विश्वविद्यालय के एंथ्रोपोलॉजी विभाग से पीएचडी कर चुके हैं. डीयू की छात्र राजनीति में वे तब राष्ट्रीय सुर्खियों में आए थे, जब वर्ष 2023 में दिल्ली विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रतिबंधित बीबीसी डॉक्यूमेंट्री ('India: The Modi Question') की पब्लिक स्क्रीनिंग आयोजित करने के आरोप में उन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की थी. इस मामले में डीयू प्रशासन ने उन्हें 1 वर्ष के लिए विश्वविद्यालय से डिबार (Debarred) कर दिया था.

अदालती लड़ाई से मिला न्याय 

इसके बाद लोकेश चुग ने विश्वविद्यालय के इस फैसले को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी थी, जहां से राहत मिलने के बाद वे दोबारा अपनी शैक्षणिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय हुए. 

उतार-चढ़ाव भरा रहा डीयू का सफर 

2008: NSUI नॉर्थ कैंपस के जनरल सेक्रेटरी बने.
2010-12: NSUI दिल्ली प्रदेश के जनरल सेक्रेटरी/सेक्रेटरी रहे.
2014 व 2016: DUSU चुनाव में एडवाइजर और कैंपेन इंचार्ज की कमान संभाली.
2018-21: NSUI के नेशनल सेक्रेटरी और गुजरात के मीडिया इंचार्ज रहे.
कोरोना काल का आंदोलन: कोविड के दौर में हॉस्टल फीस माफी, नो पीजी रेंट और मास प्रमोशन को लेकर दिल्ली यूनिवर्सिटी में बड़े छात्र आंदोलनों का नेतृत्व किया.
2024-26: इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) में नेशनल कोऑर्डिनेटर (मीडिया इंचार्ज) के रूप में जिम्मेदारी संभाली.

18 सितंबर को होने जा रहे DUSU चुनाव 2026 से ठीक पहले डॉ. लोकेश चुग के साथ यूपी, केरल और मुंबई के युवा नेताओं को AICC के इस अग्रिम संगठन में नेशनल कोऑर्डिनेटर बनाना यह दर्शाता है कि कांग्रेस पार्टी संगठन में नए और जुझारू चेहरों को लगातार तवज्जो दे रही है.

---- समाप्त ----

ये भी देखें

Live TV