DUSU Election 2026: डीयू छात्रसंघ चुनाव में किन मुद्दों पर चुनाव लड़ रहे हैं ABVP- NSUI? जानें NEET पेपर लीक आंदोलन का कितना असर

Published on 14 सित॰ 2026

DUSU Election 2026: डीयू छात्रसंघ चुनाव में किन मुद्दों पर चुनाव लड़ रहे हैं ABVP- NSUI? जानें NEET पेपर लीक आंदोलन का कितना असर

डूसू चुनाव के लिए घोषणा पत्र जारी करते हुए NSUI कैंडिडेट्स (इनसेट में ABVP कैंडिडेट्स)

DUSU Election 2026: दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ (DUSU) चुनाव 2026 के लिए प्रचार इन दिनों अपने पीक पर है. डूसू चुनाव 2026 के लिए 18 सितंबर को वोट डाले जाने हैं तो वहीं 19 सितंबर को नतीजे जारी किए जाने हैं. इससे पूर्व छात्र संगठन और कैंडिडेट्स सामान्य यानी मतदाता स्टूडेंट्स को लुभाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं. इस बीच डूसू चुनाव में शामिल हो रहे दो प्रमुख छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) ने डूसू चुनाव 2026 के लिए अपने-अपने घोषणा पत्र जारी कर दिए हैं.

आइए, जानते हैं कि डूसू चुनाव 2026 में ABVP- NSUI किन मुद्दों पर स्टूडेंट्स से वोट मांग रहे हैं. जानेंगे कि हॉस्टल और नीट यूजी पेपर लीक आंदोलन जैसे मुद्दे नेछात्रसंगठनों के घोषणा पत्र में कितनी जगह बनाई है.

नीट पेपर लीक आंदोलन और हॉस्टल मुद्दे की चर्चा क्यों?

डूसू चुनाव को देश की सभी यूनिवर्सिटी का सबसे बड़ा स्टूडेंट यूनियन इलेक्शन माना जाता है, इसमें कोई दो राय नहीं है. डूसू चुनाव 2026 का आयोजन देश में एक बड़े छात्र आंदोलन के बाद हो रहा है, जो नीट यूजी 2026 पेपर लीक को लेकर जंतर-मंतर पर आयोजित हुआ था. इसके बाद से NTA के एग्जाम सिस्टम में बड़े बदलाव की तैयार हो गई है. NEET UG 2026 में शामिल हुए कैंडिडेट्स ने भी बड़ी संख्या में डीयू में इस साल एडमिशन लिया है. ऐसे में नीट यूजी आंदोलन को लेकर डूसू चुनाव में कितनी चर्चा है, ये मुद्दा फिलहाल बना हुआ है.इसी तरह सत्य निकेतन पीजी हादसे के बाद से डीयू में हॉस्टल की कमी के मुद्दे की देश में खूब चर्चा हुई थी. डूसू चुनाव में ये मुद्दा कितना बड़ा है? इसको लेकर चर्चाएं हैं.

ABVP के घोषणा पत्र में क्या है?

डूसू चुनाव के लिए ABVP की तरफ से रविवार को घोषणा पत्र जारी किया गया है. घोषणापत्र को ‘अ से आवास, भा से भागीदारी, वि से विश्वास और प से परिणाम’ रेखांकित किया गया है. मसलन, ABVP ने अपने घोषणा पत्र में चुनाव जीतने पर स्टूडेंट्स के लिए सुलभ आवास, महिला सुरक्षा, यूनिवर्सिटी की निर्णय प्रक्रिया में स्टूडेंट्स की प्रभावी भागीदारी, बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था तथा रोजगार के अवसरों सुनिश्चित करने की घोषणा की है.

ABVP घोषणा पत्र के प्रमुख मुद्दे

  • नए हॉस्टलों का निर्माण
  • लड़कियों के लिए पर्याप्त हॉस्टल
  • स्टूडेंट्स आवास प्रकोष्ठ एवं हेल्पलाइन की व्यवस्था
  • पीजी एवं हाॅस्टलों की सुरक्षा जांच
  • अग्नि-सुरक्षा मानकों का प्रभावी पालन
  • स्वच्छता, पेयजल और इंटरनेट जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करना
  • महिला सुरक्षा के लिए पिंक बूथ और सुरक्षा गश्त
  • महिला सुरक्षा कर्मियों की उपलब्धता
  • बेहतर प्रकाश व्यवस्था
  • लड़कियों के लिए कॉमन रूम, सैनिटरी नैपकिन मशीनें, स्त्री-रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति

NSUI के घोषणा पत्र में क्या है?

नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) ने सोमवार को डूसू चुनाव 2026 के लिए घोषणापत्र जारी किया है. NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ की उपस्थिति में घोषणा पत्र जारी किया गया. NSUI ने अपने घोषणा पत्र को Accountable DU | Accountable DUSU नाम दिया है. NSUI ने दावा किया है कि उसकाघोषणापत्र छात्र अधिकारों, शिक्षा, किफायती सुविधाओं, सुरक्षा, बुनियादी ढांचे, मानसिक स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय और रोजगार के अवसरों पर केंद्रित है.

NSUI घोषणा पत्र के प्रमुख मुद्दे

  • किफायती आवास: किराया नियंत्रण कानून के प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए किफायती पीजी और किराए के आवास के लिए सत्यापित डीयू पोर्टल तैयार करना.
  • मेट्रो कंसेशन पास: स्टूडेंट्स के परिवहन खर्च को कम करने के लिए किफायती मेट्रो पास की व्यवस्था.
  • पांच दिवसीय शैक्षणिक कार्यक्रम:सोमवार से शुक्रवार तक कक्षाएं आयोजित करना
  • मासिक धर्म अवकाश: लड़कियों के लिए प्रति माह दो दिन के मासिक धर्म अवकाश का प्रावधान.
  • NEP: FYUP प्रणाली के तहत अधिक स्पष्टता, पारदर्शिता और बेहतर शैक्षणिक परिणाम सुनिश्चित करना.
  • खेल सुविधाएं, 24×7 रीडिंग लाइब्रेरी, कैंपस वाई-फाई औरसब्सिडाइज्ड 24×7 कैंटीन
  • मानसिक स्वास्थ्य सहायता और एससी/एसटी स्टूडेंट्स के लिए स्कॉलरशिप का विस्तार
  • इंटर्नशिप और करियर सहायता

मनोज भट्ट

मनोज भट्ट

पत्रकारिता में एक दशक से अध‍िक समय से सक्रिय. नवोदय टाइम्स, दैनिक जागरण, हिंदुस्तान में लंबे समय तक फील्ड रिपोर्टिंग. कई मुद्दों व खबरों को लीड किया, जो चर्चा में रही. अभी तक पंचायत, कृषि, प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा, राजनीति, पर्यावरण, स्वास्थ्य, चुनाव, बिजनेस से जुड़े विषयों पर काम किया है और इनमें लेखन की दिलचस्पी है.

Read More

google button