ENG vs PAK: बाबर आजम की कप्तानी में पहली बार होगा ऐसा, इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में कर रहे वापसी

Published on 26 अग॰ 2026

ENG vs PAK: बाबर आजम की कप्तानी में पहली बार होगा ऐसा, इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में कर रहे वापसी

बाबर आजम के लिए लॉर्ड्स टेस्ट बहुत अहम होने वाला हैImage Credit source: PTI

Lord’s Test Match: इंग्लैंड के खिलाफ पहला टेस्ट मैच बुरी तरह हारने के बाद पाकिस्तान पर वापसी का दबाव है. लीड्स टेस्ट में मिली हार के लिए पाकिस्तान के बॉलिंग कोच उमर गुल ने ठंड को दोष दे दिया था. अब टीम लंदन में है, जहां लॉर्ड्स में 27 अगस्त से दूसरा टेस्ट मैच शुरू हो रहा है. इसमें मौसम का बहाना बनाने की जरूरत पड़ेगी या नहीं, ये मैच खत्म होने के बाद पता चलेगा. फिलहाल पाकिस्तान के लिए राहत की बात ये है कि बाबर आजम फिट हो चुके हैं और लॉर्ड्स टेस्ट में कप्तानी करेंगे.

लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने सिर्फ 3 दिन के अंदर ही पाकिस्तान को एक पारी और 103 रन से चित कर दिया था और सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली थी. पाकिस्तानी बैटिंग दोनों पारियों में पस्त रही और टीम एक बार भी 200 का आंकड़ा पार नहीं कर सकी. शायद टीम को स्टार बल्लेबाज और कप्तान बाबर आजम की कमी भी खली, जो हाथ की चोट के कारण पहला टेस्ट मैच नहीं खेल पाए थे.

बाबर की कप्तानी में पहला ऐसा मैच

पाकिस्तान के लिए राहत की बात ये है कि बाबर आजम अब फिट हो चुके हैं. टेस्ट मैच से एक दिन पहले खुद बाबर ने इसका ऐलान किया और सलमान अली आगा वापस बाबर को कप्तानी सौंपेंगे. बाबर आजम के लिए भी ये टेस्ट मैच खास होने वाला है क्योंकि उनके करियर में ये पहला ही मौका है, जब वो किसी SENA देश (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया) में टेस्ट टीम की कप्तानी कर रहे हैं.

बाबर ने इससे पहले पाकिस्तान के लिए जिन 22 टेस्ट मैच में कप्तानी की है, उनमें से कोई भी इन चारों देशों में नहीं खेला गया. बाबर ने ज्यादातर पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश में ही टेस्ट टीम की कमान संभाली है. ऐसे में ये पहला मौका उनके लिए एक कड़ा इम्तेहान भी होने वाला है क्योंकि टीम पहले ही सीरीज में पिछड़ चुकी है और इन परिस्थितियों में उनके ऊपर सिर्फ बल्ले से ही नहीं बल्कि अपने फैसलों और नेतृत्व से भी मैच जिताने का दबाव होगा.

दमदार है बाबर का रिकॉर्ड

पाकिस्तान और खुद बाबर के लिए राहत की बात ये है कि अपनी कप्तानी में इस स्टार बल्लेबाज ने काफी रन बटोरे हैं. अपनी कप्तानी में 22 मैच की 39 पारियों में बाबर ने 1920 रन बनाए हैं, जिसमें 4 शतक और 13 अर्धशतक हैं. उनका औसत 53 का है. हाल ही में कप्तानी में लौटने के बाद वेस्टइंडीज दौरे पर बाबर ने 3 पारियों में 193 रन बनाए थे और प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड जीता था. ऐसे में पाकिस्तान को अपने स्टार से इसी प्रदर्शन को दोहराने की उम्मीद और जरूरत होगी.

सुमित सुन्द्रियाल

सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More

google button