ENG vs PAK: पहाड़ों में जिस खिलाड़ी की खोज की अब उसे पाकिस्तान ने डेब्यू कराया, टीम में 4 बड़े बदलाव

Published on 9 सित॰ 2026

ENG vs PAK: पहाड़ों में जिस खिलाड़ी की खोज की अब उसे पाकिस्तान ने डेब्यू कराया, टीम में 4 बड़े बदलाव

पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन में चार बड़े बदलाव (फोटो-GETTY IMAGES)

England vs Pakistan 3rd Test: एजबेस्टन के मैदान पर पाकिस्तान ने अपनी प्लेइंग इलेवन में बड़ा बदलाव करते हुए चार खिलाड़ियों को मौका दिया. बड़ी खबर ये है कि तीन खिलाड़ी टेस्ट में डेब्यू कर रहे हैं जिसमें से एक खिलाड़ी की खोज तो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने खैबर पख्तूनख्वा के पहाड़ों में कराई. एजबेस्टन में पाकिस्तान ने विकेटकीपर गाजी गौरी, ऑलराउंडर मोहम्मद इमरान रंधावा और रजाउल्लाह को डेब्यू का मौका दिया है. वहीं सैम अय्यूब की टेस्ट टीम में वापसी हुई है.

एजबेस्टन टेस्ट के लिए पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन

अजान अवैस, सैम अय्यूब, अब्दुल्लाह शफीक, शान मसूद, बाबर आजम, सऊद शकील, गाजी घोरी, मोहम्मद इमरान रंधावा, रजाउल्लाह, मोहम्मद अब्बास और मोहम्मद अली.

रजाउल्लाह की हुई पहाड़ों में खोज

पाकिस्तान ने जिन खिलाड़ियों को डेब्यू कराया है वो घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करते हैं लेकिन बड़ी बात ये है कि एक खिलाड़ी की तो पीसीबी ने पहाड़ों में खोज कराई. पाकिस्तानी मीडिया का दावा है कि पीसीबी ने रजाउल्लाह को जब टीम में जगह दी तो उसके बाद उनसे फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उनका नंबर बंद था. इसके बाद पीसीबी ने उनके कोच को फोन किया और उन्हें खैबर पख्तूनख्वा की पहाड़ियों में भेजा गया जहां इस ऑलराउंडर का घर है. रजाउल्लाह जब मिले तो उनका पासपोर्ट ही नहीं था. आनन-फानन में इस खिलाड़ी को लाहौर बुलाया गया और उनका पासपोर्ट तैयार कराया गया. अब ये खिलाड़ी को डेब्यू कराया गया है.

पाकिस्तान पर क्लीन स्वीप का खतरा

पाकिस्तान की टीम लीड्स और लॉर्ड्स में टेस्ट मैच हार चुकी है और अब इस टीम पर एजबेस्टन में क्लीन स्वीप का खतरा है. इस मैदान पर पाकिस्तान का रिकॉर्ड बेहद खराब रहा है. पाकिस्तान ने एजबेस्टन में कोई टेस्ट मैच नहीं जीता है. ये टीम 8 टेस्ट खेली है, जिसमें उसे पांच में हार का सामना करना पड़ा, वहीं तीन मैच ड्रॉ रहे. इंग्लैंड का भी इस मैदान पर प्रदर्शन खराब रहा है. इंग्लैंड ने एजबेस्टन में 6 में से 4 मैच गंवाए हैं. अब देखना ये है कि एजबेस्टन में कौन मैच गंवाता है?

अनूप देव सिंह

अनूप देव सिंह

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले का रहने वाला हूं. बचपन से ही खेलों से बेहद प्यार है. खासतौर पर क्रिकेट से जो इस देश का धर्म भी कहा जाता है. स्कूली पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय से हुई. साल  2006 में दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी जर्नलिज्म की डिग्री हासिल की और उसके बाद मीडिया के मैदान में उतर गए और खेल की खबरों को ही अपना कर्म भी बना लिया. करियर की पहली नौकरी नेटवर्क 18 ग्रुप में मिली. शुरुआत IBN7 न्यूज चैनल से हुई जहां मैंने पांच सालों की लंबी पारी खेली. इसके बाद इंडिया टीवी, न्यूज नेशन जैसे बड़े नेशनल चैनल्स के साथ काम किया. 2016 में डिजिटल मीडिया में कदम रखा और ये मौका जी नेटवर्क ने दिया. एक साल तक क्रिकेट कंट्री के साथ काम किया और फिर हुई नेटवर्क 18 में वापसी. न्यूज 18 हिंदी की वेबसाइट में 4 सालों तक स्पोर्ट्स की हर खबर पाठकों तक पहुंचाई. अब टीवी9 के साथ हूं. क्रिकेट ही नहीं खेल की हर खबर आपतक एक नए अंदाज और नए कलेवर में पहुंचाता हूं.

Read More

google button