नई दिल्ली(उत्तम हिन्दू न्यूज)- नीट पेपर लीक मामले को लेकर आंदोलन तेज करते हुए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अब देशभर में विरोध प्रदर्शन करने का फैसला किया है। संगठन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्टर जारी कर 24 जुलाई (शुक्रवार) को देश के हर जिले में शांतिपूर्ण प्रदर्शन आयोजित करने की अपील की है। CJP का कहना है कि यह आंदोलन छात्रों के अधिकारों और कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में आयोजित किया जाएगा।
‘Every District, One Day, One Demand’ का दिया नारा
जारी पोस्टर में CJP ने “Every District, One Day, One Demand” का नारा देते हुए छात्र संगठनों, युवाओं और सामाजिक संस्थाओं से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है। संगठन का दावा है कि प्रदर्शन का उद्देश्य आंदोलन के दौरान प्रभावित छात्रों और कथित पुलिस बर्बरता के पीड़ितों के साथ एकजुटता दिखाना है।
प्रदर्शन के लिए जारी किए दिशा-निर्देश
CJP ने प्रदर्शन को लेकर आयोजकों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश (SOP) भी जारी किए हैं। इसमें स्थानीय प्रशासन से आवश्यक अनुमति लेने, शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करने और छात्रों की मांगों को सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाने की बात कही गई है। संगठन ने बताया कि प्रदर्शन के लिए ज्ञापन का प्रारूप और अन्य जरूरी सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।
जंतर-मंतर पर जारी है आंदोलन
दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP का आंदोलन लगातार जारी है, जहां बड़ी संख्या में छात्र और समर्थक जुटे हुए हैं। संगठन से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी लंबे समय से अनशन पर हैं और स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद उनका इलाज गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
सरकार के सामने रखी प्रमुख मांगें
CJP ने केंद्र सरकार के सामने कई मांगें रखी हैं। इनमें नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच, छात्रों को न्याय दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग प्रमुख है। फिलहाल सरकार की ओर से इन मांगों पर कोई औपचारिक निर्णय सामने नहीं आया है।
विपक्ष और सामाजिक संगठनों का मिला समर्थन
दिल्ली में चल रहे आंदोलन को कई विपक्षी दलों और विभिन्न सामाजिक संगठनों का समर्थन भी मिल रहा है। वहीं, अब CJP के देशव्यापी प्रदर्शन के आह्वान के बाद 24 जुलाई को देश के कई राज्यों और जिलों में विरोध प्रदर्शन आयोजित किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
You Might Be Interested In
- सरकार का बड़ा एक्शन, अश्लील कंटेंट वाले 50 OTT ऐप्स पर लगा ताला
- वैभव सूर्यवंशी टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अर्धशतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बने
- ‘हम नड्डा के दफ्तर नहीं जाएंगे, वो जंतर-मंतर आएं’, बातचीत के लिए CJP ने रखी शर्त
- शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, निवेशकों के डूबे 3 लाख करोड़, सेंसेक्स 364 अंक गिरा
- छावनी में तबदील दिल्ली: कनॉट प्लेस की सभी दुकानें, दफ्तर और रेस्तरां शाम साढ़े छह बजे तक बंद करने के निर्देश
- कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: भारत का पहला पदक पक्का, लवलीना सेमीफाइनल में पहुंचीं