Ranabaali Movie: जब भी कोई एक्टर किसी पुराने जमाने की कहानी में काम करता है, तो उसके लिए सिर्फ कपड़े बदलना ही काफी नहीं होता. उसे अपने किरदार के हिसाब से चलने, बोलने और काम करने का तरीका भी सीखना पड़ता है. विजय देवरकोंडा (Vijay Deverakonda) और रश्मिका मंदाना (Rashmika Mandanna) की फिल्म 'राणाबाली' में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिलने वाला है. इस फिल्म में विजय एक योद्धा के रोल में नजर आएंगे, जबकि रश्मिका उनकी पत्नी जयम्मा का किरदार निभा रही हैं.
फिल्म 'राणाबाली' की कहानी 19वीं सदी के दौर की दिखाई गई है. ऐसे में दोनों कलाकारों के लुक से लेकर उनके बोलने के तरीके तक पर काम किया गया है. विजय ने घुड़सवारी और हथियार चलाने की ट्रेनिंग ली है, तो रश्मिका के लुक को पुराने जमाने के हिसाब से तैयार किया गया है. तो आइए जानते हैं कि फिल्म के लिए दोनों ने कैसी तैयारी की.
विजय ने सीखी घुड़सवारी-हथियार चलाना
विजय देवरकोंडा इस फिल्म में राणाबाली नाम के योद्धा का रोल प्ले कर रहे हैं. उनका किरदार अपने लोगों के लिए लड़ता है. ऐसे में विजय के लिए इस रोल को निभाना आसान नहीं था. उन्हें पर्दे पर एक ऐसे इंसान की तरह दिखना था, जिसे लड़ाई करना आता हो और जो मुश्किल हालात में भी पीछे न हटे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, विजय ने इस रोल के लिए कई महीनों तक तैयारी की. उन्होंने घुड़सवारी सीखी और हथियार चलाने की प्रैक्टिस भी की. इसके अलावा उन्होंने चाकू से लड़ने और एक्शन सीन करने की ट्रेनिंग भी ली.
सिर्फ लुक नहीं, बोलने का तरीका भी बदला
जब भी कोई कलाकार किसी किरदार को निभाता है तो वो उसकी भाषा बोलने पर भी काफी मेहनत करता है. ऐसे में राणाबाली के लिए विजय ने भी इस चीज पर काम किया. 'राणाबाली' में उनके किरदार को रायालसीमा की बोली में बात करनी था. ऐसे में उन्होंने अपने डायलॉग बोलने के तरीके पर भी काम किया था. विजय ने एक इंटरव्यू में बताया था कि वो पुट्टपर्थी में करीब 10 साल तक पढ़े थे. इस वजह से उन्हें रायालसीमा की बोली का थोड़ा अंदाजा था. लेकिन फिल्म में किरदार के हिसाब से बोलने के लिए उन्हें करीब दो से तीन महीने तक अलग से प्रैक्टिस करनी पड़ी थी.
ये भी पढ़ें- Explainer: रश्मिका-विजय की ‘राणाबाली’ में दिखेगा ‘द ग्रेट मद्रास अकाल’, क्या थी 1876 की वो भयानक त्रासदी?
रश्मिका के जयम्मा किरदार का लुक
वहीं, फिल्म में रश्मिका मंदाना जयम्मा के रोल में नजर आएंगी. वो विजय के किरदार राणाबाली की पत्नी बनी हैं. फिल्म 19वीं सदी की दिखाई गई है, ऐसे में उनका लुक आजकल की फिल्मों में दिखने वाले स्टाइलिश अंदाज से बेहद अलग है. उनके कपड़ों और गहनों में पुराने जमाने की झलक देखने को मिलती है. फिल्म के एक पोस्टर में रश्मिका पारंपरिक साड़ी और गहनों में नजर आईं. वहीं विजय भी पुराने जमाने के दूल्हे वाले लुक में दिखाई दिए. हालांकि, रश्मिका ने इस रोल के लिए कितने दिन तैयारी की या फिर कोई खास ट्रेनिंग ली, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है.
पुरानी तस्वीरों से आया पोस्टर का आइडिया
'राणाबाली' का वेडिंग पोस्टर काफी खास रहा, जब इसे मेकर्स ने रिलीज किया तो ये काफी वायरल हुआ. आमतौर पर फिल्मों के पोस्टर में कलाकारों को खास पोज देते हुए दिखाया जाता है. लेकिन इस फिल्म के पोस्टर में पुराने जमाने की तस्वीरों जैसा अंदाज रखा गया था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, डायरेक्टर राहुल सांकृत्यायन को पुराने समय की तस्वीरें पसंद हैं और वो चाहते थे कि विजय और रश्मिका की तस्वीर देखकर ऐसा लगे, जैसे किसी पुराने जमाने के कपल की फोटो हो. यही वजह है कि फिल्म के पोस्टर को सादा रखा गया था.
क्या है 'राणाबाली' की कहानी?
'राणाबाली' की कहानी 19वीं सदी की है, जब भारत में अंग्रेजों का राज था. फिल्म में उस दौर को दिखाया गया है, जब मद्रास इलाके में पड़े भीषण अकाल के कारण लोग भूख और गरीबी से परेशान थे. विजय फिल्म में राणाबाली नाम के योद्धा बने हैं, जो अपने गांव और वहां के लोगों को अंग्रेजों के अत्याचारों से बचाने के लिए उनके खिलाफ खड़े होते हैं. वहीं, रश्मिका मंदाना उनकी पत्नी जयम्मा के किरदार में नजर आएंगी. फिल्म में दोनों के रिश्ते के साथ-साथ राणाबाली की लड़ाई भी दिखाई जाएगी. इसमें अर्नोल्ड वॉस्लू अंग्रेज अधिकारी सर थियोडोर हेक्टर का रोल निभा रहे हैं.
ये भी पढ़ें- Expaliner: 'Jailer 2' में क्यों अंडरकवर हुआ 'टाइगर'? रजनीकांत की फिल्म के ट्रेलर से समझें पूरा गेम
विजय का किरदार पूरी तरह असली नहीं
फिल्म के डायरेक्टर राहुल सांकृत्यायन ने बताया है कि भले ही 'राणाबाली' को इतिहास से प्रेरणा लेकर बनाया गया है, लेकिन इसकी कहानी पूरी तरह इतिहास की घटनाओं की नकल नहीं है. इसमें कल्पना का भी इस्तेमाल किया गया है. विजय का किरदार भी एक काल्पनिक योद्धा है, जिसे रायालसीमा इलाके के पुराने योद्धाओं की कहानियों से प्रेरित होकर तैयार किया गया है. यही वजह है कि फिल्म में उस दौर की घटनाओं के साथ कुछ ऐसे मोड़ भी देखने को मिलेंगे, जो मनोरंजन के लिए हैं.
रश्मिका के किरदार को क्यों माना गया खास?
फिल्म में रश्मिका मंदाना जयम्मा का किरदार निभा रही हैं. विजय ने एक इंटरव्यू में बताया था कि डायरेक्टर राहुल सांकृत्यायन ने जयम्मा के रोल के लिए रश्मिका का नाम सजेस्ट किया था और उन्हें भी लगा था कि वो इस किरदार के लिए सही रहेंगी. वहीं, 'राणाबाली' में साउथ अफ्रीका के एक्टर अर्नोल्ड वॉस्लू भी नजर आएंगे. वह फिल्म में सर थियोडोर हेक्टर नाम के अंग्रेज अफसर का किरदार निभा रहे हैं. इस किरदार को अंग्रेजों के दौर के एक अधिकारी सर रिचर्ड टेंपल से प्रेरित बताया गया है.
कब रिलीज होगी 'राणाबाली'?
विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की ये फिल्म 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. फिल्म का निर्देशन राहुल सांकृत्यायन ने किया है, जबकि इसका म्यूजिक अजय-अतुल ने तैयार किया है. विजय और रश्मिका की जोड़ी को पहले भी दर्शकों ने काफी पसंद किया था और अब इस फिल्म में दोनों को पुराने जमाने के किरदारों में देखना दिलचस्प होगा. वहीं, शादी के बाद पहली बार ये कपल एक साथ बड़े पर्दे पर नजर आएगा. ऐसे में फैंस दोनों को देखने के लिए और भी ज्यादा एक्साइटेड हैं.
ये भी पढ़ें- Explainer: अगर किसी फिल्म का Trailer हिट हो जाए तो क्या फिल्म भी हिट हो जाती है? यहां जान लीजिए इसका खेल