Feeding Fish: मछलियों को आटा खिलाना क्यों माना जाता है शुभ? जानें किन ग्रहों पर पड़ता है इसका असर

Published on 3 अक्टू॰ 2026

Feeding Fish Benefits: हिंदू धर्म और ज्योतिष में जीव-जंतुओं को भोजन कराने का विशेष महत्व बताया गया है. मान्यता है कि किसी जरूरतमंद जीव को भोजन कराने से सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है. इसी तरह नदी, तालाब या किसी प्राकृतिक जलस्रोत में रहने वाली मछलियों को आटे की गोलियां खिलाना भी एक शुभ उपाय माना जाता है. ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, नियमित रूप से मछलियों को आटा खिलाने से कई ग्रहों के अशुभ प्रभाव को कम करने में मदद मिल सकती है.

हालांकि, ये उपाय प्राकृतिक जलस्रोतों में रहने वाली मछलियों से जुड़ा माना जाता है. घर के एक्वेरियम में पाली गई मछलियों को आटा खिलाने को इसी तरह का ज्योतिषीय उपाय नहीं माना जाता. आइए जानते हैं मछलियों को आटा खिलाने से किन ग्रहों का संबंध बताया जाता है और इससे जुड़े क्या फायदे माने गए हैं.

मछलियों को आटा खिलाने से कौन सा ग्रह मजबूत होता है?

ज्योतिष शास्त्र में मछलियों को आटा खिलाने का संबंध मुख्य रूप से राहु, केतु और शनि से जोड़ा जाता है. मान्यता है कि यह उपाय इन ग्रहों से जुड़े अशुभ प्रभावों को शांत करने में सहायक हो सकता है. इसके अलावा बुध, सूर्य और देवगुरु बृहस्पति से जुड़े दोषों को दूर करने के लिए भी मछलियों को भोजन कराने का उपाय बताया जाता है.

मछलियों को आटा खिलाने के फायदे

राहु-केतु की शांति:- जल में रहने वाली मछलियों का संबंध राहु और केतु की उग्र ऊर्जा को संतुलित करने से जोड़ा गया है, जिससे जीवन की अचानक आने वाली बाधाएं दूर होती हैं.

शनि का दोष निवारण:- विशेषकर शनिवार के दिन मछलियों को आटे की गोलियां खिलाने से शनि के बुरे प्रभाव और अड़चनें कम होती हैं.

नकारात्मक ऊर्जा का नाश:- घर की नकारात्मक ऊर्जा समाप्त होती है और पितृ दोष से राहत मिलती है.

आर्थिक उन्नति:- ये उपाय घर में सकारात्मक ऊर्जा लाता है, आर्थिक संकट मिटाता है और धन की वृद्धि करता है.

मछलियों को आटा किस दिन खिलाना चाहिए?

मछलियों को आटे की गोलियां खिलाना बहुत शुभ माना जाता है. आप इसे किसी भी दिन अपनी श्रद्धा के अनुसार कर सकते हैं, लेकिन कुछ विशेष दिनों का खास महत्व है:

शुक्रवार और शनिवार:- धन लाभ, कर्ज मुक्ति और शनि के अशुभ प्रभावों को कम करने के लिए इन दिनों को बहुत उत्तम माना गया है.

रोजाना या अन्य दिन:- कई लोग गुरु ग्रह की मजबूती या मानसिक शांति के लिए इसे मंगलवार, रविवार या प्रतिदिन भी नियम से करते हैं.

समय:- मछलियों को हमेशा सूर्योदय से पहले या सूर्यास्त के बाद ही आटा खिलाना चाहिए.

Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है.

सना चौधरी

सना चौधरी

सना यूपी के गाजियाबाद की रहने वाली हैं. सना ने हाईटेक इंस्टीट्यूट से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है. पढ़ाई के साथ-साथ कंटेंट ऑप्टिमाईजेशन और वीडियो एडिटिंग भी सीखा है. जिसके बाद सना ने अलग-अलग जगहों पर डिजिटल कॉन्टेंट राइटर और वीडियो एडिटर के तौर पर काम किया.  इससे पहले सना Zee मीडिया में बतौर वीडियो और कंटेंट एडिटर काम कर चुकी हैं. उन्होंने जी न्यूज में सोशल मीडिया पेज मैनेज किया है. Zee के बाद सना ने टीवी9 भारतवर्ष की वेबसाइट TV9hindi.com में बतौर ट्रेनी ज्वाइन किया. सना को न्यूज़ एंकरिंग का भी शौक है.

Read More

google button