मयूराक्षी नदी भी बालू तस्करों के निशाने पर, जिसके जमीन में मिलेगा डंप निशान होगी FIR

Published on 13 सित॰ 2026

Dumka News: संथाल परगना में अवैध बालू खनन और परिवहन का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है. जामताड़ा की अजय नदी के बाद अब दुमका की मयूराक्षी नदी भी कथित बालू तस्करों के निशाने पर है. आरोप है कि मयूराक्षी नदी के सिलाजुड़ी इलाके से अवैध तरीके से बालू निकालकर सामपुर में डंप किया जा रहा है. इसके बाद बालू को ट्रकों में लोड कर बंगाल भेजे जाने की बात सामने आ रही है.

स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, इलाके में अवैध बालू कारोबार का नेटवर्क मंडल बंधुओं के माध्यम से संचालित होने की चर्चा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी से बालू निकालकर पहले सामपुर में जमा किया जाता है. खनन विभाग की टीम के जांच के लिए पहुंचने से पहले ही डंप की गई बालू को ट्रकों में लोड कर बाहर भेज दिया जाता है. इससे जांच के दौरान मौके पर बालू की वास्तविक मात्रा का पता लगाना मुश्किल हो जाता है. मामले में थाना प्रभारी रानेश्वर से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका सरकारी फोन नंबर बंद मिला.

Uploaded Image

अवैध बालू डंप करने के स्थान पर जांच करते अधिकारी

पुराने स्टॉक के नाम पर भी सवाल

दुमका जिले में JSMDC के माध्यम से पुराने बालू स्टॉक की नीलामी के लिए टेंडर किया गया था. जानकारी के अनुसार, एमएस कंपनी ने यह टेंडर हासिल किया है. रामेश्वर के परिहारपुर में करीब 1.54 लाख सीएफटी पुराने बालू स्टॉक का टेंडर किया गया है. दुमका के आसपास भी पुराने स्टॉक की नीलामी की गई है.


अब सवाल उठ रहा है कि टेंडर की गई सीमित मात्रा के बावजूद हर दूसरे-तीसरे दिन दर्जनों ट्रकों में बालू भरकर बाहर भेजे जाने की स्थिति कैसे बन रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पुराने स्टॉक और नदी से निकाली गई ताजा बालू की अलग-अलग निगरानी होनी चाहिए.

इसे भी पढ़ें - 

Lagatar Impact : पूर्व नक्सलियों के भी बनेंगे पहचान पत्र, DGP ने दिए जांच के आदेश
पलामू टाइगर रिजर्व से हटेगी रेलवे लाइन, छिपादोहर और हेहेगड़ा स्टेशन रहेंगे


श्यामपुर में मिले डंप के निशान

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को जिला खनन कार्यालय को श्यामपुर में बालू डंप होने की सूचना मिली थी. अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बालू डंप किए जाने के निशान भी देखे. इसके बाद जिस जमीन पर बालू डंप की गई थी, उसके मालिक के खिलाफ प्राथमिकी की प्रक्रिया शुरू करने के लिए अंचल कार्यालय से जमीन संबंधी रिकॉर्ड मांगा गया है. थाना को भी खनन विभाग की ओर से लिखित सूचना दिए जाने की जानकारी है.

Uploaded Image

ट्रकों से अवैध बालू ले जाने का तस्वीर 


अब जांच का मुख्य सवाल यह है कि श्यामपुर में मिली बालू वैध पुराने स्टॉक की थी या मयूराक्षी नदी से निकालकर वहां डंप की गई थी. स्टॉक का भौतिक सत्यापन और परिवहन दस्तावेजों की जांच से पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकती है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.