अश्लील मैसेज विवाद में एक और मोड़ : अब प्रोफेसर की शिकायत पर युवती के खिलाफ दर्ज हुई FIR - Haribhoomi

Published on 16 जुल॰ 2026

रायगढ़ के लैलूंगा प्रोफेसर-युवती विवाद में अब दोनों पक्षों पर एफआईआर दर्ज हो गई है, साथ ही पुलिस वायरल वीडियो समेत पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है।

Professor and woman dispute Video

प्रोफेसर-युवती विवाद से जुड़ा वीडियो

  • Published: 16 Jul 2026, 04:00 PM IST
  • Last Updated: 16 Jul 2026, 04:19 PM IST

रायगढ़। जिले के लैलूंगा स्थित शासकीय महाविद्यालय कुंजारा से जुड़े चर्चित प्रोफेसर-युवती विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। पहले युवती की शिकायत पर प्रोफेसर रेमन भार्गव के खिलाफ अश्लील संदेश भेजने और धमकी देने का मामला दर्ज किया गया था। अब प्रोफेसर की शिकायत पर भी युवती के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है।

पहले प्रोफेसर पर दर्ज हुआ था मामला
पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई 2026 को एक स्थानीय युवती ने लैलूंगा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि भागीरथी कॉलोनी निवासी प्रोफेसर रेमन भार्गव ने व्हाट्सएप और टेलीग्राम के माध्यम से अश्लील संदेश भेजे और किसी को जानकारी देने पर धमकी दी। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 222/2026 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78 और 79 के तहत मामला दर्ज किया।

रायगढ़ के लैलूंगा प्रोफेसर-युवती विवाद में अब दोनों पक्षों पर एफआईआर दर्ज हो गई है, साथ ही पुलिस वायरल वीडियो समेत पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है।@RaigarhDist #Chhattisgarh @RaigarhPolice pic.twitter.com/yXvjSIu7UJ

— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) July 16, 2026

अब युवती के खिलाफ भी FIR
इसी मामले में प्रोफेसर रेमन भार्गव की शिकायत पर 15 जुलाई 2026 को युवती के खिलाफ अपराध क्रमांक 229/2026 दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप है कि युवती अक्सर उनके घर आती-जाती थी, जिससे पारिवारिक संबंध जैसे बन गए थे। प्रोफेसर का दावा है कि युवती उधार में पैसे मांगती थी और मना करने पर गाली-गलौज, मारपीट तथा झूठे मामले में फंसाने की धमकी देती थी। प्रोफेसर के अनुसार, 30 जून 2026 को युवती ने उनका कॉलर पकड़कर थप्पड़ मारे और जान से मारने की धमकी दी। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने युवती के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है।

वायरल वीडियो भी जांच के दायरे में
इस मामले के बीच सोशल मीडिया पर ढाई लाख रुपये की कथित मांग से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हुआ था। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो सहित अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में कथित ब्लैकमेलिंग से जुड़े कुछ तथ्य सामने आने के बाद युवती के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)