नहर किनारे मिला महिला का शव, हत्या की आशंका: अंतिम संस्कार रोककर परिजनों ने की FIR की मांग, विधायक ने कार्रवाई का दिया भरोसा - Shravasti News

Published on 11 अक्टू॰ 2026
  • Hindi News
  • Local
  • Uttar pradesh
  • Shrawasti
  • Shravasti Woman Murder Case | MLA Ram Feran Pandey Assures Fair Probe

श्रावस्ती3 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

श्रावस्ती में नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र के दसियापुर गांव में 46 वर्षीय पुष्पा देवी का शव शुक्रवार को गांव से करीब 500 मीटर दूर नहर किनारे मिला था। परिजन और ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं।

शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो परिजनों ने मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर अंतिम संस्कार रोक दिया। समझाने-बुझाने के बाद अंतिम संस्कार किया गया। रविवार दोपहर करीब 1 बजे भाजपा विधायक राम फेरन पांडेय पीड़ित परिवार से मिले और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया।

दवा लेने गई थीं, घर नहीं पहुंचीं

परिजनों के मुताबिक, पुष्पा देवी शुक्रवार सुबह अपने पति पवन कुमार शुक्ला के साथ दवा लेने इकौना गई थीं। वहां से वह वीरपुर स्थित पति की पान की दुकान पर पहुंचीं। इसके बाद पति ने उन्हें ई-रिक्शा से घर के लिए रवाना किया। लेकिन वह घर नहीं पहुंचीं। बाद में गांव के पास नहर किनारे उनका शव मिलने की सूचना मिली।

रास्ते में क्या हुआ, स्पष्ट नहीं

स्थानीय लोगों के मुताबिक, रास्ता खराब होने के कारण ई-रिक्शा चालक पुष्पा देवी को कुछ दूर पहले उतारकर चला गया था। इसके बाद वह पैदल घर की ओर जा रही थीं। झाड़ियों से घिरे रास्ते पर उनके साथ अनहोनी होने की आशंका जताई जा रही है। परिजन और ग्रामीण गला दबाकर हत्या किए जाने का संदेह जता रहे हैं। हालांकि, हत्या की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

विधायक ने अधिकारियों से बात कर कार्रवाई का भरोसा दिया

रविवार को भाजपा विधायक राम फेरन पांडेय ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से बात की गई है। एसएचओ और एसडीएम को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए अवगत कराया गया है। विधायक ने निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

बेटे-बेटी का रो-रोकर बुरा हाल

पुष्पा देवी की मौत से उनके बेटे शिवम (27) और बेटी संतोषी शुक्ला (19) का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि संतोषी परीक्षा देने बहराइच गई थीं। लौटने पर मां की मौत की खबर मिलने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दोनों बच्चों की अभी शादी नहीं हुई है।

फोरेंसिक और सर्विलांस टीम कर रही जांच

पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना का खुलासा करने के लिए फोरेंसिक और सर्विलांस टीम की मदद ली जा रही है। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

.