Gagan Malik: 12 साल तक खेला क्रिकेट, फिर गगन मलिक कैसे बने टीवी के 'राम'?

Published on 19 अक्टू॰ 2026

Gagan Malik: 12 साल तक खेला क्रिकेट, फिर गगन मलिक कैसे बने टीवी के ‘राम’?

क्रिकेटर से एक्टर कैसे बने गगन मलिक? (फोटो- GETTY)

Gagan Malik: क्रिकेट की बाइस गज की पिच पर पसीना बहाने से लेकर टेलीविजन और इंटरनेशनल सिनेमा के पर्दे पर भगवान राम और महात्मा बुद्ध का किरदार निभाकर फैंस के दिलों पर राज करने तक, एक्टर गगन मलिक का सफर प्रेरणा और समर्पण की मिसाल है. नई दिल्ली के एक हिंदू जाट परिवार में जन्मे गगन मलिक ने अभिनय की दुनिया में कदम रखने से पहले करीब 12 सालों तक क्रिकेट खेला था. उन्होंने दिल्ली की रणजी ट्रॉफी टीम का भी प्रतिनिधित्व किया, फिर उन्होंने टीवी की दुनिया में कदम रखा.

क्रिकेट के मैदान से मॉडलिंग और टीवी स्क्रीन तक

बचपन में हंसराज मॉडल स्कूल से शिक्षा प्राप्त करने वाले गगन को उनकी मां रामायण पढ़कर सुनाया करती थीं. इसी संस्कार का नतीजा था कि वो बचपन में अपनी कॉलोनी की रामलीला में हमेशा भगवान राम का ही किरदार निभाते थे. आगे चलकर यही किरदार उनके अभिनय करियर का सबसे मजबूत स्तंभ साबित हुआ. 12 साल तक क्रिकेट खेलने के बाद गगन मलिक ने ग्लैमर और अभिनय की दुनिया का रुख किया. इस दौरान उन्होंने दिल्ली के लिए एक फर्स्ट क्लास मैच भी खेला, जो उनका पहला और आखिरी मैच साबित हुआ.

फिर साल 2004 में उन्होंने नेशनल लेवल की मिस्टर इंडिया प्रतियोगिता में मिस्टर फोटोजेनिक का खिताब जीता. इसके बाद उन्होंने कई बड़े ब्रांड्स के टीवी एड, फैशन शो और म्यूजिक वीडियो में काम किया. उन्होंने स्टार प्लस के शो कुमकुम से अभिनय की शुरुआत की. बाद में साथ साथ बनाएंगे एक आशियाना और शकुंतला जैसे शो में भी अहम भूमिकाएं निभाईं. इसके बाद साल 2012 में जी टीवी के शो रामायण में उन्हें भगवान राम की भूमिका मिली. बाद में उन्होंने सोनी टीवी के शो संकटमोचन महाबली हनुमान में भी प्रभु राम का किरदार निभाया.

इंटरनेशनल सिनेमा में भी कदम रखा

साल 2013 में गगन मलिक ने इंटरनेशनल सिनेमा में कदम रखा, जिसने उन्हें ग्लोबल लेवल पर नई पहचान दिलाई. उन्होंने श्रीलंका की सिंहली भाषा की ऐतिहासिक फिल्म श्री सिद्धार्थ गौतम में महात्मा बुद्ध का किरदार निभाया. इस फिल्म ने श्रीलंका में बॉक्स ऑफिस के तमाम रिकॉर्ड तोड़ दिए और दिल्ली इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के साथ-साथ वियतनाम में संयुक्त राष्ट्र की ओर से आयोजित बुद्धिस्ट फिल्म फेस्टिवल में कई अवॉर्ड जीते. इस किरदार में जान फूंकने के लिए गगन मलिक को 2014 के वर्ल्ड बुद्धिस्ट फिल्म फेस्टिवल में बेस्ट एक्टर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button