'बीड़ी जलाई ले से मल्हारी तक...' बड़े पर्दे पर दिखेगी Ganesh Acharya के संघर्ष की कहानी, फिल्म का ट्रेलर रिलीज - ganesh acharyas ganesh dust to stardust trailer out it shows struggle hardwork and success of the choreographer

Published on 11 अक्टू॰ 2026

मशहूर कोरियोग्राफर गणेश आचार्य (Ganesh Acharya) की जिंदगी पर बनी फिल्म 'गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट' का शानदार ट्रेलर रिलीज हो गया है।

'गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट' का दमदार ट्रेलर रिलीज

'गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट' का दमदार ट्रेलर रिलीज

HighLights

  1. 'गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट' का दमदार ट्रेलर रिलीज

  2. फिल्म में दिखेगी कोरियोग्राफर की जिंदगी की कहानी

  3. कब रिलीज होगी ये फिल्म?

एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। कोरियोग्राफर-फिल्ममेकर गणेश आचार्य ने रविवार को अपनी आने वाली फिल्म 'गणेश डस्ट टू स्टारडस्ट' का ट्रेलर जारी किया। यह एक बायोग्राफिकल ड्रामा है जो एक साधारण शुरुआत से लेकर हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने कोरियोग्राफर बनने तक के उनके सफर को दिखाता है।

क्या होगा फिल्म में?

आचार्य द्वारा लिखी और निर्देशित यह फिल्म, सिनेमा की दुनिया में अपनी पहचान बनाने के उनके सपने को पूरा करने के दौरान किए गए संघर्ष, त्याग और दृढ़ संकल्प की कहानी है। यह फिल्म इंडस्ट्री में उनके आगे बढ़ने के सफर को दिखाती है और उन चुनौतियों को भी उजागर करती है जिनका उन्होंने रास्ते में सामना किया।

यह भी पढ़ें- ‘शादी टूटना ऐसा जैसे खराब रिक्शा...’ पहली शादी के अनुभव पर खुलकर बोलीं Shefali Shah, कई अहम मुद्दों पर की बात

कैसा है ट्रेलर?

गणेश आचार्य की जिंदगी पर बनी फिल्म का ट्रेलर काफी दमदार और इमोशनल है। अक्षय कुमार और अजय देवगन ने भी इस ट्रेलर को अपने-अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। ट्रेलर में उनके संघर्ष, मेहनत और सफलता की कहानी को दिखाया गया है। जिसमें कम उम्र में उनके पिता का निधन, आर्थिक तंगी, कम उम्र में कमाई और फिर 12 साल की उम्र में डांस की फील्ड में करियर बनाने की जिद दिखाई गई है। दर्शकों को ट्रेलर काफी पसंद आ रहा है।

कब रिलीज होगी फिल्म?

ट्रेलर कोरियोग्राफर के पर्सनल और प्रोफेशनल सफर की एक झलक दिखाता है, जिसमें डांस और भावुक पल कहानी का अहम हिस्सा हैं। शिवांशु सोनी, आलोक शॉ, सुकन्या कलान और साक्षी पावस्कर अभिनीत यह फिल्म 11 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

आचार्य ने एक बयान में कहा, 'मेरा हमेशा से मानना रहा है कि हर किसी को सपने देखने का अधिकार है, लेकिन सिर्फ सपने देखने से वे सच नहीं होते। आपको कड़ी मेहनत करनी पड़ती है, त्याग करना पड़ता है और आगे बढ़ते रहना पड़ता है, चाहे सफर कितना भी मुश्किल क्यों न हो। 'गणेश डस्ट टू स्टारडस्ट' के जरिए हमने इसी भावना को जीवंत करने की कोशिश की है'।

akahy

गणेश आचार्य ने कोरियोग्राफ किए ये गाने

आचार्य ने 1990 के दशक में कोरियोग्राफर के तौर पर अपना करियर शुरू किया था और ओमकारा के बीड़ी जलाई ले, अग्निपथ के चिकनी चमेली और बाजीराव मस्तानी के मल्हारी जैसे लोकप्रिय हिंदी फिल्मी गानों को कोरियोग्राफ किया है।

उन्होंने भाग मिल्खा भाग के हवन कुंड और टॉयलेट: एक प्रेम कथा के गोरी तू लठ मार के लिए बेस्ट कोरियोग्राफी का नेशनल फिल्म अवॉर्ड जीता।

इन फिल्मों का किया निर्देशन

कोरियोग्राफी के अलावा आचार्य ने स्वामी और मनी है तो हनी है जैसी फिल्मों का निर्देशन भी किया है और कई प्रोजेक्ट्स में एक्टिंग भी की है।

फिल्म के बारे में

V2S प्रोडक्शन एंड एंटरटेनमेंट द्वारा पेश इस फिल्म की पटकथा और डायलॉग दिगांगना सूर्यवंशी और आचार्य ने लिखे हैं। इसका संगीत और बैकग्राउंड स्कोर जुनैद कुमार ने तैयार किया है, जबकि गाने के बोल समीर अनजान और आचार्य ने लिखे हैं। अजय पांडे सिनेमैटोग्राफर हैं और राकेश राम ने एडिटिंग का काम संभाला है।