Sep 09, 2026 08:19 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

माना जाता है कि मोदक भगवान गणेश के फेवरिट है। इसलिए बहुत से लोग गणेशोत्सव के दौरान बप्पा को अलग-अलग तरह के मोदक का भोग लगाते हैं। ऐसे में हम यहां आपको हाई प्रोटीन वाले पनीर मोदक बनाने का तरीका बता रहे हैं, सीखिए।
गणेश चतुर्थी 14 सितंबर को है और इसी दिन से अनंत चतुर्दशी तक के लिए 10 दिन का गणेशोत्सव शुरू हो जाएगा। इस दौरान लोग बप्पा की भक्ति में लीन रहते हैं और उनकी मनपसंद चीजों का भोग लगाते हैं। माना जाता है कि भगवान श्री गणेश को मोदक बहुत प्रिय हैं और ऐसे में आप हाई प्रोटीन केसर पनीर मोदक बनाकर तैयार कर सकते हैं। ये मोदक काफी हेल्दी हैं, इनमें एक मोदक में 10 ग्राम प्रोटीन और 150 कैलोरीज हैं। सीखिए कैसे बनाएं-
हाई प्रोटीन केसर पनीर मोदक बनाने की सामग्री
-200 ग्राम पनीर
-1 छोटा चम्मच घी करीब (5 ग्राम)
-1/4 कप कम फैट वाला बिना चीनी वाला मिल्क पाउडर (लगभग 30 ग्राम)
-1/4 कप कम कैलोरी वाला पाउडर स्वीटनर
- 85 मिली कम फैट वाला दूध
- केसर के कुछ रेशे
- 1/8 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
- 5 ग्राम कटे हुए पिस्ते (गार्निशिंग के लिए)
हाई प्रोटीन केसर पनीर मोदक बनाने का तरीका
1) हाई प्रोटीन केसर पनीर मोदक बनाने के लिए सबसे पहले एक कटोरी में दूध लें और इसे गुनगुना गरम कर लें। फिर इसमें केसर के रेशे डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर लें। इसे दूध में तब तक भिगोएं जब तक कि रंग न निकल आए। फिर एक मिक्सर जार में पनीर डालें और इसे मुलायम होने तक ब्लेंड करें।
2) अब मोदक बनाने के लिए एक पैन में घी गरम करें और इसमें पनीर का पेस्ट डालें और 2-3 मिनट तक पकाएं जब तक कि यह थोड़ा ढीला न हो जाए।
3) फिर इसमें मिल्क पाउडर और स्वीटनर डालें। इन दोनों चीजों को डालने के बाद अच्छी तरह मिलाएं और फिर कुछ देर के लिए पकाएं। ताकी अच्छी तरह से पक जाए दोनों पाउडर पनीर के साथ मिक्स हो जाएं।
4) अब इस पनीर के मिक्स में केसर वाला दूध डालें और अच्छी तरह से मिक्स कर दें।
5) मिक्स को मध्यम आंच पर तब तक पकाएं जब तक कि यह गाढ़ा न हो जाए, पैन के किनारों को न छोड़ने लगे और आटे जैसा न बन जाए।
6) जब ये गाढ़ा हो जाए तब इलायची पाउडर डालें और अच्छी तरह मिलाएं। मिक्स को थोड़ा ठंडा होने दें, फिर मोदक के सांचों में दबाकर भरें।
7) फिर कटे हुए पिस्तों से सजाएं। चाहें तो चांदी के वर्क से भी सजा सकते हैं। बताई गई सामग्री की मात्रा में आप मध्यम से बड़े आकार के मोदक बना सकते हैं।
घर के बने पनीर से आएग अलग स्वाद
अगर मोदक घर पर बना रहे हैं तो इसके लिए पनीर को भी घर पर ही तैयार करें। घर पर पनीर बनाने के लिए एक भारी तले वाले बर्तन में 2 लीटर दूध डालें और मध्यम आंच पर गर्म करें। जब दूध अच्छी तरह उबलने लगे तो गैस धीमी कर दें। जब तक 3 बड़े चम्मच नींबू का रस थोड़ा-थोड़ा करके डालें और बहुत धीरे चलाएं। कुछ सेकंड में दूध फटने लगेगा। अब एक छलनी के ऊपर मलमल का कपड़ा रखें और फटा हुआ दूध उसमें डाल दें। अब पनीर को हल्के से ठंडे पानी से धो लें। पनीर को कपड़े समेत एक सपाट प्लेट या ट्रे पर रखें। उसके ऊपर दूसरी प्लेट रखें और कुछ वजन रखें। ताकी सारा पानी निकल जाए।