September 11, 2026

Global Chess League: जीसीएल सीजन 4 में अल्पाइन एपीएल पाइपर्स ने फाईर्स अमेरिकन गैम्बिट्स को 9-7 से हराकर फाइनल की अपनी दावेदारी मजबूत कर ली। बेंगलुरु में जारी इस मुकाबले में टीम की जीत में मैग्नस कार्लसन और भारतीय ग्रैंडमास्टर विदित गुजराती की जीत निर्णायक रही। कार्लसन ने जावोखिर सिंदारोव को मात देकर उनकी लगातार तीन जीत पर विराम लगाया, जबकि विदित ने डैनिल डुबोव को कड़े मुकाबले में पराजित किया। नौवें राउंड से पहले दोनों टीमों के मैच प्वाइंट और गेम प्वाइंट बराबर थे, इसलिए फाइनल में पहुंचने के लिए इस मैच का नतीजा बेहद महत्वपूर्ण था।
कार्लसन ने आइकॉन बोर्ड पर सिंदारोव को कोई बड़ी वापसी का मौका नहीं दिया और मुकाबले को अपने नियंत्रण में रखा। उज्बेकिस्तान के खिलाड़ी ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन 36 चालों के बाद उन्हें हार स्वीकार करनी पड़ी। इस जीत के लिए कार्लसन को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया। मैच के बाद उन्होंने टीम के प्रदर्शन की तारीफ की और बताया कि शुरुआती दौर में उनका खेल अच्छा था, लेकिन सिंदारोव ने लगातार चुनौती पेश की। कार्लसन ने अपनी ट्रॉफी विदित को सौंपते हुए कहा कि भारतीय ग्रैंडमास्टर इसके ज्यादा हकदार हैं।
ये भी पढे़ं :–https://dainiksaveratimes.com/sports/bcci-recruitment-head-sports-science-medicine-coe/
विदित और डुबोव के बीच सुपरस्टार मेन्स बोर्ड का मुकाबला भी पाइपर्स के लिए बेहद अहम साबित हुआ। खेल आगे बढ़ने के साथ दोनों खिलाड़ी समय के दबाव में आ गए और स्थिति ‘टाइम स्क्रैम्बल’ तक पहुंच गई। विदित ने इस मुश्किल परिस्थिति में संयम बनाए रखा और डुबोव के रूक के सामने अपने अतिरिक्त नाइट तथा प्यादे का प्रभावी इस्तेमाल किया। 96 चालों तक चले इस लंबे मुकाबले में आखिरकार विदित ने जीत दर्ज की। इसके साथ पाइपर्स ने अमेरिकन गैम्बिट्स के खिलाफ अपनी दूसरी जीत भी हासिल कर ली।
पाइपर्स की जीत के बीच महिला विश्व कप चैंपियन दिव्या देशमुख के लिए मुकाबला निराशाजनक रहा। जीसीएल में अपने डेब्यू अभियान के दौरान उन्हें शुक्रवार को बिबिसारा असौबायेवा के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। 34वीं चाल पर दिव्या का समय समाप्त हो गया और यह मैच में पाइपर्स की एकमात्र हार रही। विदित ने मैच को बेहद चुनौतीपूर्ण बताते हुए कहा कि जब उन्होंने बोर्ड की स्थिति देखी थी, तब टीम की जीत तय नहीं लग रही थी। उन्होंने अपने खेल को अच्छा बताया और टीम के लिए इस जीत को महत्वपूर्ण करार दिया।
उधर, टूर्नामेंट की निचली दो टीमों के बीच मुकाबले में दो बार की चैंपियन त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स ने पीबीजी अलास्कन नाइट्स को पीछे छोड़ दिया। सुपरस्टार महिला बोर्ड पर झू जिनेर ने कैटेरिना लैग्नो को 44 चालों में हराकर प्रतियोगिता में अपनी पहली जीत हासिल की। एलेक्जेंड्रा कोस्टेनियुक ने नीनो बटसियाश्विली की चूक का फायदा उठाया और मुकाबला अपने नाम किया। प्रॉडिजी बोर्ड पर भी त्रिवेणी को सफलता मिली, जहां प्रणव वेंकटेश ने 42 चालों के बाद अभिमन्यु मिश्रा को शिकस्त दी।
काले मोहरों से खेलते हुए त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स ने तीन जीत दर्ज कीं और 12 अंक अपने खाते में जोड़े। अलास्कन नाइट्स के लिए अर्जुन एरिगैसी ने वेई यी को हराया, जबकि 15 वर्षीय यागिज कान एर्दोगमुस ने अरविंद चिदंबरम के खिलाफ जीत दर्ज की। हालांकि, इन दोनों जीतों के बावजूद नाइट्स को फाइनल की दौड़ में कोई बड़ा फायदा नहीं मिला। दूसरी ओर, त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स ने अपने प्रदर्शन के जरिए अपनी स्थिति और मजबूत कर ली।