देश
- Edited by: शिशुपाल कुमार
- Updated Jul 14, 2026, 06:35 PM IST
Giridih News: झारखंड के गिरिडीह में नीरज हाजरा हत्याकांड में मंगेतर ही असली खिलाड़ी निकली है। होने वाली पत्नी ने ही नीरज की हत्या की थी।
![]()
शादी से तीन दिन पहले मंगेतर बनी कातिल
Giridih News: जिस घर में शहनाइयां गूंजने वाली थीं और शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अचानक मातम पसर गया। गिरिडीह जिले के बहुचर्चित नीरज हाजरा अपहरण और हत्याकांड का पुलिस ने बेहद सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में मृतक नीरज की होने वाली पत्नी और उसके प्रेमी (जो रिश्ते में उसका साढ़ू लगता है) को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में जो सच सामने आया, उसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। दोनों आरोपियों के बीच अवैध प्रेम संबंध थे और नीरज से होने वाली शादी उनके इस रिश्ते में सबसे बड़ी बाधा बन रही थी। इसी बाधा को हटाने के लिए उन्होंने खौफनाक साजिश रच डाली।
राजस्थान से लौटते ही लापता हुआ था नीरज
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरिडीह के जमुआ थाना क्षेत्र के भिखोडीह गांव का रहने वाला 20 वर्षीय नीरज हाजरा राजस्थान में रहकर मजदूरी करता था। नीरज की शादी 7 जुलाई 2026 को तय की गई थी। शादी की रस्मों और तैयारियों में शामिल होने के लिए नीरज 4 जुलाई को राजस्थान से अपने गांव लौटा था। लेकिन घर पहुंचने के कुछ ही समय बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक लापता हो गया।
बेटे के न मिलने पर परेशान पिता सुभाष हाजरा ने 5 जुलाई को जमुआ थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू की, लेकिन इसी बीच बिहार के जमुई जिले के बेला जंगल से एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ, जिसकी शिनाख्त बाद में नीरज हाजरा के रूप में की गई।
मोबाइल लोकेशन से खुला राज
नीरज का शव मिलने के बाद गिरिडीह एसपी के निर्देश पर एक विशेष जांच दल का गठन किया गया। पुलिस ने जब वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों तथा मोबाइल लोकेशन को खंगाला, तो शक की सुई नीरज की होने वाली मंगेतर उर्मिला कुमारी और उसके प्रेमी सुभाष पासवान पर जाकर टिकी। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने अपना गुनाह कबूल कर लिया और पूरी साजिश उगल दी। पूछताछ में उर्मिला और सुभाष ने बताया कि उन दोनों के बीच काफी समय से प्रेम संबंध चल रहा था। वे दोनों एक-दूसरे से अलग नहीं होना चाहते थे, लेकिन उर्मिला के परिजनों ने उसकी शादी नीरज से तय कर दी थी।
योजनाबद्ध तरीके से हत्या
उर्मिला इस शादी को हर हाल में रोकना चाहती थी। अपने रिश्ते के बीच से नीरज को हमेशा के लिए हटाने के लिए दोनों ने मिलकर मर्डर का प्लान बनाया। 4 जुलाई को जैसे ही नीरज गांव आया, उन्होंने किसी बहाने से उसे बुलाया और चाकू से गोदकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद पकड़े जाने के डर से और सबूत मिटाने की नीयत से शव को ले जाकर बिहार के जमुई स्थित बेला के जंगलों में फेंक दिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई एक होंडा स्कूटी और हत्या में प्रयुक्त किए गए दो धारदार चाकू भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
![]()
शिशुपाल कुमार author
शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय ... और देखें
- Hindi News
- India
End of Article