Gumla News: सुब्रतो कप फतह कर लौटीं गुमला की बेटियां, संत पैट्रिक विद्यालय में हुआ भव्य अभिनंदन

Published on 31 अग॰ 2026

Gumla News: झारखंड की खेल प्रतिभाओं ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का परचम लहराया है. 65वीं सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल कप के अंडर-17 बालिका वर्ग में झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए संत पैट्रिक उच्च विद्यालय गुमला की बेटियों ने राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है. नई दिल्ली के डॉ. बी.आर. आंबेडकर स्टेडियम में 27 अगस्त को खेले गए फाइनल मुकाबले में गुमला की टीम ने मिजोरम की एनसीसी टीम को 2-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया था. 

इसे भी पढ़ें:

दलीप ट्रॉफी: वैभव सूर्यवंशी का गरजा बल्ला,  सिर्फ 42 गेंदों में तोड़ा 57 साल पुराना रिकॉर्ड
यूएस ओपन से नोवाक जोकोविच पहले राउंड में बाहर, 49वीं रैंकिंग प्लेयर ने हराया


राष्ट्रीय स्तर पर गुमला और झारखंड का नाम रोशन कर लौटीं खिलाड़ियों का विद्यालय परिसर में सोमवार को गर्मजोशी से स्वागत किया गया. समारोह में मुख्य अतिथि उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो तथा गुमला विधायक भूषण तिर्की ने विजेता खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को सम्मानित किया. विद्यालय परिवार, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं तथा जिला प्रशासन के पदाधिकारियों ने भी राष्ट्रीय विजेता टीम की इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों का अभिनंदन किया.

गुमला ने फिर साबित किया कि यह खेल नगरी है: विधायक भूषण तिर्की

गुमला विधायक भूषण तिर्की ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि संत पैट्रिक उच्च विद्यालय की बेटियों का सुब्रतो मुखर्जी कप जीतना गुमला ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि गुमला को लंबे समय से खेल नगरी के रूप में पहचान मिली है और यहां के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा एवं उपलब्धियों से इस पहचान को लगातार मजबूत किया है.

उन्होंने कहा कि संत पैट्रिक विद्यालय परिवार ने शिक्षा के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है. खिलाड़ियों ने जिस अनुशासन, मेहनत और खेल भावना के साथ राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदर्शन किया, वह प्रशंसनीय है. उन्होंने कहा कि यह सफलता आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए भी मिसाल है.

विधायक ने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए निरंतर अभ्यास, अनुशासन और प्रयास आवश्यक है. उन्होंने कहा कि गुमला की इन बेटियों ने राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का परिचय देकर जिले और राज्य को गौरवान्वित किया है.

यह केवल गुमला की नहीं, पूरे झारखंड की उपलब्धि: उपायुक्त

उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो ने कहा कि संत पैट्रिक विद्यालय की बेटियां सुब्रतो मुखर्जी कप जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट में विजेता बनकर लौटी हैं. यह उपलब्धि गुमला जिले के साथ-साथ पूरे झारखंड के लिए गौरव का विषय है. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने कठिन परिश्रम, निरंतर अभ्यास, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता के प्रत्येक चरण में शानदार प्रदर्शन किया और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया.

उपायुक्त ने कहा कि सुब्रतो मुखर्जी कप की यात्रा प्रखंड स्तर से शुरू होकर जिला, प्रमंडल, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंची. इस पूरे सफर में खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और समर्पण से लगातार बेहतर प्रदर्शन किया. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे उनके प्रशिक्षकों एवं कोच का मार्गदर्शन, विद्यालय परिवार का सहयोग और स्वयं खिलाड़ियों की प्रतिबद्धता महत्वपूर्ण रही है.

उन्होंने विजेता टीम के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, विद्यालय प्रबंधन एवं पूरे विद्यालय परिवार को जिला प्रशासन की ओर से बधाई देते हुए कहा कि गुमला के बच्चे-बच्चियां लगातार विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले की पहचान को मजबूत कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन जिले के खिलाड़ियों के सहयोग के लिए लगातार प्रयासरत है, खिलाड़ी अपने खेल पर ध्यान दें, मेहनत करते रहें  और अपने भविष्य की ओर आगे बढ़ें. उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

सम्मान में निकला विजय जुलूस

सम्मान समारोह के दौरान उपायुक्त एवं विधायक ने विजेता टीम के खिलाड़ियों, कोच बिना केरकेट्टा,एवं प्रशिक्षकों को सम्मानित किया. इसके बाद विजेता टीम के सम्मान में विजय जुलूस निकाला गया. विद्यालय परिसर से शुरू हुआ जुलूस टावर चौक, पटेल चौक होते हुए इनडोर स्टेडियम तक पहुंचा. इस दौरान खिलाड़ियों के प्रति लोगों में उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला.

राष्ट्रीय चैंपियन टीम की इस उपलब्धि ने एक बार फिर यह साबित किया है कि गुमला की बेटियों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की क्षमता है. कठिन परिस्थितियों के बावजूद निरंतर अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण के दम पर इन खिलाड़ियों ने सुब्रतो मुखर्जी कप की राष्ट्रीय ट्रॉफी पर कब्जा जमाकर झारखंड के खेल मानचित्र पर गुमला की मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है. 


समारोह में जिला शिक्षा पदाधिकारी कविता खालको, जिला शिक्षा अधीक्षक नूर आलम खां, जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार, संत पैट्रिक विद्यालय के प्राचार्य फादर नाबोर मिंज, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षकेतर कर्मचारी, प्रशिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं अन्य संबंधित उपस्थित रहे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें