हरियाणा में 1 जून से 25 जुलाई तक राज्य में केवल 132.7 मिमी बारिश हुई है। तो वहीं मौसम विभाग ने आज शाम से प्रदेश भर में मौसम बदलने और अगले 4 दिनों तक झमाझम बारिश के आसार जताए है।
हरियाणा में मौसम विभाग का 28-29 जुलाई को भारी बारिश का जारी अलर्ट।
- Published: 27 Jul 2026, 10:39 AM IST
- Last Updated: 27 Jul 2026, 11:13 AM IST
Haryana Weather: हरियाणा में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) चंडीगढ़ केंद्र के अनुसार, प्रदेश में आज से मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज हवाओं और बिजली की चमक के साथ झमाझम बारिश का पूर्वानुमान जताया है।
विभाग ने जताई बारिश और बिजली गिरने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को पंचकूला, यमुनानगर और अंबाला में कहीं-कहीं अच्छी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली चमकने की संभावना है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की लोगों को उम्मीद
आज महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह (मेवात), पलवल, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी में भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
पिछले 2 से 3 दिनों से अधिकांश जिलों में बारिश नहीं होने और तेज धूप निकलने के कारण उमस काफी बढ़ गई थी। गर्मी और पसीने से लोग परेशान थे, लेकिन मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार शाम से मौसम बदलने के साथ राहत मिलनी शुरू हो जाएगी।
प्रदेश में भिवानी रहा सबसे गर्म
रविवार को प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। सबसे अधिक तापमान भिवानी के बोपानिया केंद्र में 38.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि महेंद्रगढ़ में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
आंकड़ों के अनुसार सामान्य से कम हुई बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 25 जुलाई तक हरियाणा में 132.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 175.4 मिलीमीटर होती है। यानी प्रदेश में अब तक 24 प्रतिशत कम वर्षा हुई है।
राज्य के केवल 6 जिलों में सामान्य या सामान्य के आसपास बारिश दर्ज हुई है, जबकि 16 जिलों में अभी भी सामान्य से कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है। हालांकि आगामी चार दिनों के दौरान अच्छी बारिश होने से वर्षा की कमी कुछ हद तक पूरी होने की संभावना है।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।