Heavy Rain Warning: भारी बारिश का अलर्ट, 6 जिलों में रेड अलर्ट जैसी स्थिति; शहडोल में आकाशीय बिजली गिरने से 3 की मौत - Haribhoomi

Published on 27 जुल॰ 2026

बारिश के बीच शहडोल जिले से दुखद खबर भी सामने आई है। रविवार को अलग-अलग स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार से अधिक लोग घायल हुए हैं। मृतकों में एक 11 वर्षीय बच्चा भी शामिल है।

Madhya Pradesh Rain

आकाशीय बिजली गिरने से 3 की मौत

  • Published: 27 Jul 2026, 10:56 AM IST
  • Last Updated: 27 Jul 2026, 10:56 AM IST

मध्य प्रदेश:  एक बार फिर मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। स्ट्रॉन्ग मानसूनी सिस्टम सक्रिय होने से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर शुरू हो गया है। रविवार को पूर्वी मध्य प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश हुई, जबकि मौसम विभाग ने सोमवार को छह जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 27 से 30 जुलाई के बीच प्रदेश के कई इलाकों में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) भोपाल के अनुसार, अगले 24 घंटे में उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों के लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत
बारिश के बीच शहडोल जिले से दुखद खबर भी सामने आई है। रविवार को अलग-अलग स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार से अधिक लोग घायल हुए हैं। मृतकों में एक 11 वर्षीय बच्चा भी शामिल है। सभी हादसे खेतों या खुले स्थानों पर हुए, जहां लोग बारिश के दौरान काम कर रहे थे।

पुलिस ने मामलों में मर्ग कायम कर जांच की शुरू 
जैतपुर थाना क्षेत्र के झींक बिजुरी चौकी अंतर्गत ग्राम झींक में धान की रोपाई कर रहे लोगों पर बिजली गिर गई। इस हादसे में 28 वर्षीय किशन गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने सभी मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना
मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश से मानसून ट्रफ गुजर रही है। इसके साथ ही एक लो प्रेशर एरिया और डिप्रेशन भी सक्रिय है। आने वाले दिनों में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। इसी वजह से अगले कुछ दिनों तक कई जिलों में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। हालांकि प्रदेश में अब तक सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस सीजन में अब तक औसतन 334.9 मिमी बारिश हुई है, जबकि इस समय तक 395.2 मिमी बारिश हो जानी चाहिए थी। यानी प्रदेश में करीब 15 प्रतिशत वर्षा की कमी बनी हुई है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 18 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में 13 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।

वहीं, होशंगाबाद जिले के इटारसी में अच्छी बारिश की कामना को लेकर धार्मिक आयोजन भी किए गए। प्राचीन तिलक सिंदूर मंदिर में बम बाबा समिति ने भगवान भोलेनाथ का विशेष जलाभिषेक किया और शिवलिंग को जल में डुबोकर क्षेत्र में अच्छी वर्षा, किसानों की समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की।