Hero Motors Share: कमजोर लिस्टिंग के बाद शेयर में आई तेजी, अब Buy, Hold या Sell?

Published on 23 सित॰ 2026

Published: Wednesday, September 23, 2026, 15:34 [IST]

Hero Motors Share: कमजोर लिस्टिंग के बाद शेयर में रॉकेट जैसी तेजी देखने को मिली है। 23 सितंबर को कंपनी के शेयर 84 रुपये के आईपीओ इश्यू प्राइस के मुकाबले 82 रुपये पर लिस्ट हुए, यानी करीब 2.38 फीसदी डिस्काउंट के साथ बाजार में शुरुआत हुई। हालांकि, कमजोर शुरुआत के बाद शेयर ने तेजी पकड़ी और 11:45 बजे तक NSE पर 17.14 फीसदी चढ़कर 98.40 रुपये पर पहुंच गया।

Hero Motors Share

हीरो मोटर्स का आईपीओ 79 से 84 रुपये के प्राइस बैंड में आया था और इसका कुल आकार 1,000 करोड़ रुपये था। इसमें फ्रेश इश्यू के साथ ऑफर फॉर सेल यानी ओएफएस भी शामिल था। आईपीओ को निवेशकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। हालांकि, लिस्टिंग से पहले ग्रे मार्केट के संकेत इश्यू प्राइस से नीचे लिस्टिंग की ओर इशारा कर रहे थे और शेयर की शुरुआत भी उसी के आसपास हुई।

कंपनी की खासियत की बात करें तो कांतिलाल छगनलाल सिक्योरिटीज के महेश एम. ओझा के मुताबिक, हीरो मोटर्स का पावरट्रेन पोर्टफोलियो काफी डायवर्सिफाइड है। कंपनी के पास इन-हाउस इंजीनियरिंग क्षमता है और दुनिया की कई बड़ी कंपनियां इसकी क्लाइंट हैं। कंपनी सीवीटी हब, ईवी ट्रांसमिशन और इलेक्ट्रिक मोटर्स जैसे सेगमेंट में मौजूद है। इसके अलावा प्रीमियम आईसीई और ई-बाइक पावरट्रेन बाजार में भी कंपनी की मौजूदगी बताई गई है।

हालांकि, शेयर की मौजूदा वैल्यूएशन एक अहम चिंता है। महेश ओझा के मुताबिक, आईपीओ से पहले कंपनी का वैल्यूएशन FY26 की कमाई के करीब 74 गुना पर था, जबकि इस सेगमेंट की दूसरी कंपनियों का औसत पीई करीब 50.2 गुना बताया गया। यानी कंपनी की वैल्यूएशन साथियों की तुलना में ज्यादा है। इसके अलावा कंपनी के टॉप 10 क्लाइंट्स से कुल रेवेन्यू का करीब 73 से 78 फीसदी हिस्सा आता है, जिससे क्लाइंट कंसंट्रेशन का जोखिम भी सामने आता है।

स्वस्तिका इनवेस्टमार्ट की शिवानी नयाती के मुताबिक, कंपनी की वैल्यूएशन करीब 69 से 74 गुना अर्निंग्स है। कंपनी का RoNW बढ़कर 8.53 फीसदी हुआ है, जबकि EBITDA मार्जिन करीब 10.2 फीसदी है, जो कुछ प्रतिद्वंद्वी कंपनियों से कम है। उनका कहना है कि नए निवेशक बेहतर प्राइस प्वाइंट या प्राइस कंसोलिडेशन का इंतजार कर सकते हैं। वहीं, आईपीओ में शेयर पाने वाले निवेशकों के लिए 75-77 रुपये का स्टॉपलॉस बताया गया है।

[Disclaimer: यहां व्यक्त किए गए विचार और सुझाव केवल व्यक्तिगत विश्लेषकों या इंस्टीट्यूशंस के अपने हैं। ये विचार या सुझाव Goodreturns.in या ग्रेनियम इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड (जिन्हें सामूहिक रूप से 'We' कहा जाता है) के विचारों को प्रतिबिंबित नहीं करते हैं। हम किसी भी कंटेंट की सटीकता, पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी, समर्थन या ज़िम्मेदारी नहीं लेते हैं, न ही हम कोई निवेश सलाह प्रदान करते हैं या प्रतिभूतियों (सिक्योरिटीज) की खरीद या बिक्री का आग्रह करते हैं। सभी जानकारी केवल सूचनात्मक और शैक्षिक उद्देश्यों के लिए प्रदान की जाती है और कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले लाइसेंस प्राप्त वित्तीय सलाहकारों से स्वतंत्र रूप से सत्यापित जरूर करें।]

Story first published: Wednesday, September 23, 2026, 15:34 [IST]

Other articles published on Sep 23, 2026