
क्या ये रिकॉर्ड तोड़ पाएगी द ओडिसी?
Top 5 Highest Grossing Hollywood Movies: हॉलीवुड की फिल्मों को लेकर हिंदी ऑडियंस का क्रेज कोई पुराना नहीं है. कई ऐसे मौके देखने को मिले हैं जब हॉलीवुड की फिल्मों का करिश्मा देखने के लिए थियेटर्स पर ऑडियंस का जमावड़ा नजर आया है. ऐसा ही अब एक बार फिर से देखने को मिल रहा है. मौजूदा समय में क्रिस्टोफर नोलन की द ओडिसी फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज कर दी गई है. भारत में इस फिल्म के शुरुआती आंकड़े काफी आकर्षक नजर आ रहे हैं. लेकिन इतिहास के पन्नों को पलटकर देखें तो हॉलीवुड में क्रिस्टोफर नोलन की फिल्मों का भारत में रिकॉर्डतोड़ कलेक्शन देखने को नहीं मिला है. भारत में टॉप 10 हॉलीवुड फिल्मों के कलेक्शन में क्रिस्टोफर नोलन की एकमात्र फिल्म ओपेनहाइमर है. ये फिल्म भी इस लिस्ट में 10वें नंबर पर है.
ऐसे में द ओडिसी के लिए सिर्फ ओपेनहाइमर ही चुनौती नहीं है. वो तो जैसे घर की ही बात है. मतलब दोनों ही फिल्में क्रिस्टोफर नोलन की ही हैं. वहीं द ओडिसी को 9 बड़ी हॉलीवुड फिल्मों के रिकॉर्ड को तोड़ना होगा जिन्होंने भारत में अपनी कलाई का दम दिखाया है. आइए जानते हैं कि कैसे द ओडिसी फिल्म के सामने 5 बड़ी हॉलीवुड फिल्मों के कलेक्शन को पार करने की चुनौती होगी जिन्होंने भारत में धुआंधार कमाई की है.

भारत में हॉलीवुड की टॉप 5 मूवीज
भारत में सबसे ज्यादा कलेक्शन वाली 5 हॉलीवुड मूवीज
सैकनिल्क की रिपोर्ट्स की मानें तो भारतीय सिनेमा के इतिहास में अवतार द वे ऑफ वाटर फिल्म 391 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ भारत में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हॉलीवुड फिल्म है. वहीं दूसरा नंबर एवेंजर्स एंडगेम का आता है जिन्होंने 373 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. वहीं दूसरी तरफ एवेंजर्स इनफिनिटी वार ने 227 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर के दिखाया है और वे इस फहरिश्त में तीसरे नंबर पर हैं. चौथा नंबर स्पाइडरमैन नो वे होम फिल्म का है जिसने 219 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. पांचवे नंबर की फिल्म की बात करें तो इसमें 188 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ द जंगल बुक फिल्म का नाम है. अगर द ओडिसी फिल्म इस कलेक्शन के आसपस खुद को पहुंचा पाती है तो फिर ये फिल्म के लिए बड़ी बात होगी.
ये भी पढ़ें- Evil Dead Burn Box Office: ऑब्सेशन से टक्कर लेने आई हॉरर फिल्म एविल डेड बर्न, पहले हफ्ते कैसा है रिपोर्ट कार्ड?
कैसी शुरुआत करेगी द ओडिसी?
कई सारी रिपोर्ट्स में ऐसा सुनने में आ रहा है कि द ओडिसी फिल्म भारत में जबरदस्त ओपनिंग कर सकती है. पहले दिन इस फिल्म से 20 करोड़ रुपये के आसपास के कलेक्शन की उम्मीद लगाई जा रही है. अगर ऐसा होता है तो फिल्म को शुरू से ही बेहतर मोमेंटम मिल जाएगा और पहले वीकेंड में ही ये फिल्म ज्यादा बढ़िया कलेक्शन कर के दिखा सकती है. फिल्म अगर एक महीने तक सिनेमाघरों में टिकी रह जाती है तो फिर ये जरूर अपने कलेक्शन को 200 करोड़ से ऊपर पहुंचाना चाहेगी और भारत में हॉलीवुड की टॉप 5 फिल्मों की फहरिश्त में अपना स्थान पक्का करना चाहेगी.

पुनीत उपाध्याय
पत्रकारिता जगत में पूरे कर चुका हूं 4 साल. सिनेमा, साहित्य पर लिखने का शौक, कभी खोजी पत्रकार, कभी मौजी पत्रकार.
Read More