सिरसा जिले में मंडियों में धान खरीद को लेकर दौरा के दौरान नमी की जांच करते हुए कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा व मंडी सचिव और अन्य भाजपा नेता
हरियाणा सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने आज रविवार को सिरसा जिले की विभिन्न अनाज मंडियों का दौरा किया। कृषि मंत्री राणा में मंडियों में खरीद को लेकर किसानों की समस्या जानी। किसानों ने सरकार द्वारा धान खरीद में लिमिट तय करने पर
.
इस पर श्याम सिंह राणा ने कहा कि किसी किसान का उत्पादन 30 क्विंटल प्रति एकड़ या इससे अधिक होना अच्छी बात है। ऐसे किसानों की फसल की खरीद सुनिश्चित की जाएगी। यहां आने से पहले मुख्यमंत्री से बात हुई थी। उन्होंने इस लिमिट सिस्टम को हटा दिया है। किसी किसान के खेत में उत्पादन ज्यादा है तो मंडी सचिव को अवगत कराएंगे। इसके बाद रेवेन्यू विभाग उसकी 24 घंटे में वेरिफिकेशन कर पोर्टल से उसे हटा दिया जाएगा।
मंत्री बोले-किसान को मंडी सचिव को बताना होगा
मंत्री बोले, इसमें किसान को दिक्कत नहीं आएगी। उनको मार्केट कमेटी को टोकन कटवाते समय बताना होगा। निर्देश दिए कि अधिक उत्पादन के कारण टोकन कटवाने में परेशानी आने पर किसान मार्केट कमेटी के सचिव एवं कार्यकारी अधिकारी सुरेंद्र सैन को लिखित प्रार्थना पत्र दें। संबंधित समस्या का समाधान 48 घंटे के भीतर करवाया जाएगा। मंत्री ने सुरेंद्र सैन को एसडीएम के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई कर किसानों की फसल बिकवाने के निर्देश दिए।

डबवाली मंडी में धान खरीद को लेकर नमी की जांच करते हुए कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा व साथ में अन्य अधिकारी व किसान, आढ़ती

डबवाली में मंत्री की गाड़ी पर बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट होने पर किसानों ने उठाए सवाल और वीडियो वायरल
किसान बोले-पुलिस मंत्री का नहीं कर रही चालान
वहीं, डबवाली मंडी में दौरे के दौरान कृषि मंत्री की गाड़ी पर बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) होने पर सवाल उठाए हैं और इसका वीडियो भी वायरल है। मंत्री की गाड़ी पर एचएसआरपी नंबर प्लेट नहीं थी। इस पर किसानों ने ट्रैफिक पुलिस थाना प्रभारी से भी सवाल जवाब किए कि मंत्री की गाड़ी पर एचएसआरपी प्लेट नहीं है। क्या पुलिस मंत्री की गाड़ी का चालान करेगी?
किसानों ने आरोप लगाया कि डबवाली पुलिस आमजन व किसान-मजदूरों के लगातार चालान कर रही है, लेकिन मंत्री की गाड़ी का कोई चालान नहीं होगा। पुलिस ने भी हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट को लेकर चेकिंग अभियान चलाया हुआ है। मगर इसका सरकार के मंत्री ही पालन नहीं कर रहे।

मंत्री की गाड़ी का चालान न करने और खाद को लेकर किसान पुलिस एवं प्रशासन पर सवाल उठाते हुए
मंत्री से किसान बोले, खाद नहीं मिल रही
डबवाली में दौरे से पहले किसानों ने गेट पर ही मंत्री की गाड़ी का घरेाव कर लिया। किसानों ने खाद न मिलने की समस्या मंत्री के समक्ष रखी और बोले, किसी को 10 से 15 बैग मिल रहे हैं तो किसी को कुछ भी नहीं मिल रहा। इस पर कृषि मंत्री बोले, अब सरसों की बुवाई का समय आने वाला है। इसीलिए पहले सरसों बुवाई वाले किसानों को डीएपी मुहैया करवाई जाएगी।
इसके 10 दिन बाद गेहूं व चना की बुवाई होनी है। फिर उन किसानों को डीएपी दी जाएगी। इसे लेकर मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल बना है, जिस पर किसानों ने पंजीकरण करवाया हुआ है। उसी से पता चलता है कि किसी किसान ने 10 एकड़ तो किसी ने 15 एकड़ का पंजीकरण कराया हुआ है। उसी अनुसार खाद मुहैया करवाई जा रही है।
इसका गलत इस्तेमाल भी होने लगा है। जिसके पास जमीन है, खाद उसको देनी पड़ेगी। चाहे सरसों या गेहूं की बुवाई करता हो। उसका आंकलन कर चेक कराएंगे और इसे दुरुस्त करवाएंगे।

रानियां मंडी में धान में नमी की मात्रा जांच के दौरान मंत्री श्याम सिंह राणा व मंडी सचिव, एसडीएम अदिति एवं अन्य भाजपा नेता
कपास की खेती पर 10 हजार रुपये प्रति एकड़ मिलेगा प्रोत्साहन कृषि मंत्री ने कहा कि धान की खेती छोडक़र कपास की खेती करने वाले किसानों को 10 हजार रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि देने का फैसला किया गया है। कपास की खेती को बढ़ावा देने के लिए अच्छी गुणवत्ता वाले बीजों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विश्वविद्यालयों से बातचीत की जा रही है।
जिन क्षेत्रों में भूजल खारा है और सिंचाई के लिए नहरी पानी की आवश्यकता रहती है, वहां नहरी पानी और ट्यूबवेल के पानी को मिलाकर सिंचाई की संभावनाओं पर भी काम किया जाएगा।

रानियां में आढ़तियों की समस्या सुनते हुए कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा
आढ़ती बोले-कई बार ऑनलाइन टोकन नहीं कटते
रानियां में आढ़तियों ने निजी खरीद के तहत बासमती धान के टोकन काटने में आ रही तकनीकी दिक्कतों से मंत्री को अवगत करवाया कि पोर्टल पर अधिक दबाव या सॉफ्टवेयर में खराबी के कारण कई बार ऑनलाइन टोकन नहीं कट पाते, जिससे खरीद प्रभावित होती हैं। इस पर कृषि मंत्री ने तत्काल चंडीगढ़ में संबंधित उच्च अधिकारियों से बातचीत की और आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान महेश फुटेला से भी उनकी बात करवाई। मैन्युअल टोकन काटने के आदेश जारी किए। यह व्यवस्था केवल ऑनलाइन पोर्टल में दिक्कत आने तक अस्थायी रूप से लागू रहेगी।

कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा मीडिया को जानकारी देते हुए
अतिरिक्त व्यवस्था को भी जोड़ा जाएगा
मंडी में फसल उतारने के लिए अतिरिक्त जगह की आवश्यकता के मुद्दे पर मंत्री राणा ने आढ़तियों से कहा कि वे मार्केट कमेटी सचिव को लिखित मांग पत्र दें, ताकि जरूरी व्यवस्था करवाई जा सके। अतिरिक्त स्थान को भी ऑनलाइन जीपीएस प्रणाली से जोड़ा जाएगा।
कृषि मंत्री राणा ने मीडिया से बातचीत में कहा, प्रदेश सरकार किसानों की फसल खरीद के प्रति गंभीर है। मंत्री, विधायक और अधिकारी लगातार मंडियों का दौरा कर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। अधिकांश स्थानों पर उठान सुचारू रूप से चल रहा है। इसके बावजूद जहां जरूरत है, वहां उठान में तेजी लाने के निर्देश दिए।
ये रहे मौजूद
उनके साथ पूर्व विधायक रामचंद्र कंबोज, भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री बलवान जांगड़ा, एसडीएम ऐलनाबाद अदिति सिंघानिया, तहसीलदार शुभम शर्मा, मार्केट कमेटी सचिव एवं कार्यकारी अधिकारी सुरेंद्र सैन, भाजपा नेता राजेंद्र देसूजोधा, चेयरमैन ललित मोहन पोपली, पारुल शर्मा और कृष्णा दलाल सहित अन्य उपस्थित रहे।