Hyundai की नई कॉम्पैक्ट SUV Bayon जल्द ही भारतीय बाजार में एंट्री करने वाली है. कंपनी इसे 26 अक्टूबर को लॉन्च करेगी. पिछले हफ्ते ही इस SUV से ग्लोबल स्तर पर पर्दा उठाया गया था. अब इसकी भारत में लॉन्चिंग की तैयारियां भी तेज हो गई हैं. Hyundai की डीलरशिप पर इसकी प्री-बुकिंग शुरू हो चुकी है. इतना ही नहीं, Bayon डीलरों के स्टॉकयार्ड तक भी पहुंचने लगी है. हाल ही में एक वीडियो सामने आया है, जिसमें भारत में लॉन्च होने वाली Bayon को ट्रक से उतारते हुए देखा जा सकता है.
क्या-क्या दिखा वीडियो में?
View on Instagram
वीडियो की शुरुआत एक लाल रंग की Bayon SUV से होती है, जो एक गाड़ी ले जाने वाले ट्रांसपोर्टर में खड़ी नजर आती है. सबसे पहले इसकी पिछली डिजाइन देखने को मिलती है. इसमें आपस में जुड़ी हुई दिखने वाली टेललाइट्स, बड़ा टेलगेट, छत पर लगा स्पॉइलर और नीचे की तरफ मोटा बंपर नजर आता है. इसके अलावा, SUV में ऊपर की तरफ स्टॉप लैंप और शार्क-फिन एंटीना भी दिया गया है.
इसके बाद जब SUV को ट्रांसपोर्टर से उतारा जाता है, तो वीडियो में इसके केबिन की भी कुछ झलक देखने को मिलती है. साइड की खिड़कियों और खुले दरवाजे से पता चलता है कि इसका डैशबोर्ड मॉडर्न डिजाइन वाला है. इसमें बड़ा डिजिटल डिस्प्ले सेटअप मिलता दिखाई देता है. वहीं, सेंटर कंसोल पर गियर सिलेक्टर और दूसरे कंट्रोल्स भी नजर आते हैं.
वीडियो के आखिर में SUV ट्रांसपोर्टर से बाहर खड़ी नजर आती है. इसके फ्रंट डिजाइन में Hyundai की लेटेस्ट स्टाइलिंग देखने को मिलती है. इसमें पतली LED डे-टाइम रनिंग लाइट्स (DRLs) दी गई हैं, जबकि हेडलैंप्स को नीचे की तरफ अलग से लगाया गया है. इसके अलावा, मस्कुलर बंपर इसे दमदार लुक देता है. SUV के व्हील आर्च पर दी गई मोटी क्लैडिंग और इसका ऊंचा स्टांस इसे पहले से ज्यादा मजबूत और बड़ी SUV जैसा लुक देते हैं.
Hyundai Bayon: फीचर्स
Hyundai पहले ही भारत में आने वाली Bayon के स्पेसिफिकेशंस से पर्दा उठा चुकी है. इसमें दो 12.3 इंच की डिस्प्ले मिलेंगी. इनमें से एक इंफोटेनमेंट सिस्टम के लिए होगी, जबकि दूसरी पर ड्राइवर को गाड़ी से जुड़ी जरूरी जानकारी दिखाई देगी. इस SUV की सबसे खास बात इसका AI बेस्ड वॉयस असिस्टेंट है, जो जनरेटिव AI टेक्नोलॉजी पर काम करेगा. इसे NVIDIA के सपोर्ट वाले Connected Car Navigation Cockpit के साथ जोड़ा गया है.
इसके अलावा, Hyundai गाड़ी के 19 कंट्रोलर्स के लिए ओवर-द-एयर (OTA) अपडेट देने का भी वादा कर रही है. इसमें 70 से ज्यादा Bluelink कनेक्टेड कार फीचर्स भी मिलेंगे. Bayon में मल्टी-लैंग्वेज इंटरफेस और वॉयस कमांड की सुविधा भी दी जाएगी.
Hyundai Bayon: पावरट्रेन
इंजन की बात करें तो इसमें 1.5-लीटर का 4-सिलेंडर, नैचुरली एस्पिरेटेड MPi पेट्रोल इंजन मिलेगा. यह इंजन 115 PS की पावर और 144 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. ट्रांसमिशन के लिए इसमें 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स और Hyundai का Intelligent Variable Transmission (IVT) का ऑप्शन मिलेगा. IVT असल में कंपनी का CVT गियरबॉक्स है.
ये भी पढ़ें: भूल जाएंगे Ertiga! आ रही है Hyundai की ये 7-सीटर कार, मिल सकता है फैक्ट्री फिटेड CNG का विकल्प