
UAE ने अंडर-19 वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई कियाImage Credit source: ICC
क्रिकेट को लेकर हमेशा कहा जाता है कि एक-एक रन कीमती है क्योंकि ये किसी भी खिलाड़ी या मैच की तकदीर और तस्वीर बदल सकते हैं. अगर किसी को शक हो तो वो UAE और मलेशिया के बीच खेले गए मुकाबले को देख सकता है, जहां एक रन की जीत ने वर्ल्ड कप का टिकट दिला दिया. आईसीसी विमेंस अंडर-19 वर्ल्ड कप 2027 के एशिया क्वालिफायर में UAE और मलेशिया के बीच खेले गए रोमांचक मुकाबले में ये नजारा दिखा, जहां UAE ने 1 रन से फाइनल जीत लिया और पहली बार वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई कर दिया.
सिर्फ 95 रन बनाकर जीत गई UAE
मलेशिया की राजधानी कुआलालाम्पुर में खेले गए एशिया क्वालिफायर के इस फाइनल में कोई तूफानी बैटिंग और बड़े स्कोर नहीं दिखे. बल्कि बहुत छोटा स्कोर बना, जिसे विरोधी टीम चेज नहीं कर पाई. इस मैच में UAE महिला टीम ने पहले बैटिंग की और पूरी टीम 19.3 ओवर में सिर्फ 95 रन बनाकर ऑल आउट हो गई. टीम के लिए सबसे ज्यादा 31 रन ओपनर अल मसीरा जहांगीर ने बनाए. टीम के 4 बल्लेबाज तो रन आउट ही हो गए.
मगर किसे पता था कि मलेशिया की अंडर-19 टीम के लिए 96 रन का लक्ष्य भी असंभव साबित होगा. मलेशिया के बल्लेबाजों ने पूरे 20 ओवर खेले और विकेट भी सिर्फ 6 ही गिरे लेकिन फिर भी टीम सिर्फ 94 रन ही बना सकी और 1 रन से मैच के साथ फाइनल हार गई. टीम के लिए नूरीन इमानीना ने सबसे ज्यादा 36 रन बनाए. ओपनर नूर आलिया की 25 गेंदों में 12 रन की धीमी पारी टीम पर भारी पड़ गई और वो 1 रन से हार के साथ वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई करने से चूक गई.
सभी मैच जीतकर किया क्वालिफाई
महक ठाकुर की कप्तानी वाली UAE इस पूरे क्वालिफाइग टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारी. आठ टीमों वाले इस टूर्नामेंट में UAE ने फाइनल समेत अपने सभी 5 मैच जीते और वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई किया. अब टीम 2027 में बांग्लादेश और नेपाल में होने वाले इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी, जिसमें कुल 16 टीम खिताब की दावेदारी पेश करेंगी.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More