गोंडा1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

गोंडा के खोड़ारे थाना क्षेत्र में अवैध संबंधों का विरोध करने पर पिता ने अपने 22 वर्षीय बेटे पर चाकू से हमला कर दिया। घटना बुधवार रात करीब 2 बजे बनकटवा ग्राम पंचायत के साबरपुर गांव में हुई। आरोप है कि नसरुल्ला ने अपने बेटे तनवीर के गले पर चाकू से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल तनवीर को लखनऊ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह ICU में है।
घटना के बाद आरोपी पिता अपनी कार बभनान स्टेशन रोड पर छोड़कर फरार हो गया। बेटे की तहरीर पर खोड़ारे पुलिस ने नसरुल्ला के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं। घटना के 24 घंटे से अधिक समय बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है।

पिता के प्रेम संबंध का विरोध कर रहा था बेटा
पुलिस के अनुसार, नसरुल्ला के एक महिला से प्रेम संबंध बताए जा रहे हैं। आरोप है कि वह महिला को घर में रखने का फैसला कर रहा था, जिसका बेटा तनवीर लगातार विरोध कर रहा था। तनवीर की बहन रेहाना खातून भी इस बात से असहमत थी। इसी मुद्दे को लेकर पिता और बेटे के बीच अक्सर विवाद होता था। बुधवार रात विवाद बढ़ने पर नसरुल्ला ने कथित तौर पर तनवीर पर चाकू से हमला कर दिया।

गले पर किए चाकू से कई वार
परिजनों के मुताबिक, रात करीब 2 बजे नसरुल्ला ने तनवीर के गले पर चाकू से कई वार किए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी अपनी कार बभनान स्टेशन रोड पर छोड़कर फरार हो गया। परिजन घायल तनवीर को उपचार के लिए लखनऊ ले गए, जहां उसे निजी अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

सुबह थाने पहुंचकर बेटे ने दर्ज कराया मुकदमा
तनवीर ने गुरुवार सुबह करीब 9 बजे खोड़ारे थाने में तहरीर देकर अपने पिता पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने नसरुल्ला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।

तीन टीमें तलाश में जुटीं
खोड़ारे पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की हैं। पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। घटना के बाद से आरोपी का कोई पता नहीं चल सका है। खोड़ारे थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि बेटे की शिकायत पर नसरुल्ला के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया गया है। पिता और बेटे के बीच अवैध संबंधों को लेकर अक्सर विवाद होने की बात सामने आई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।
.