IIT दिल्ली ने शुरू किया 'Agentic AI' प्रोग्राम में छह महीने का एडवांस्ड सर्टिफिकेट, जानें क्या है पूरा प्रोसेस

Published on 14 जुल॰ 2026

Image

IIT दिल्ली ने शुरू किया 'Agentic AI' प्रोग्राम (Photo - AI)

IIT Delhi Launches Agentic AI program: आज के डिजिटल युग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का दायरा बहुत तेजी से बढ़ रहा है। हर तरह एआई का बोलबाला देखने को मिल रह है। देश में हो रहे इसी बदलाव को ध्यान में रखते हुए देश के सबसे प्रतिष्ठित संस्थान भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली ने टेक्नोलॉजी और एआई के क्षेत्र में करियर बनाने वाले युवाओं के लिए एक नया और बेहद खास कोर्स लॉन्च किया है। आईआईटी दिल्ली ने 'एजेंटिक एआई' (Agentic AI) में छह महीने के एडवांस्ड सर्टिफिकेट प्रोग्राम की शुरुआत की है। यह प्रोग्राम उन पेशेवरों, डेवलपर्स और एआई उत्साही लोगों के लिए डिजाइन किया गया है, जो अगली पीढ़ी की एआई तकनीकों पर महारत हासिल करना चाहते हैं। आइए जानते हैं कि इस प्रोग्राम में क्या खास है और यह आपके करियर को कैसे नई उड़ान दे सकता है।

क्या है एजेंटिक एआई? (Agentic AI)

अक्सर लोग एआई को सिर्फ सवालों के जवाब देने या कंटेंट लिखने वाले टूल के रूप में जानते हैं। लेकिन 'एजेंटिक एआई' इससे कहीं अधिक उन्नत है। यह एआई का वह रूप है जहां एआई सिस्टम स्वायत्त रूप से निर्णय लेने, जटिल समस्याओं को हल करने, योजना बनाने और इंसानी दखल के बिना खुद से काम पूरा करने की क्षमता रखता है। आसान भाषा में इसे समझे तो एजेंटिक एआई केवल आपकी बात सुनता नहीं है, बल्कि वह आपके लिए एक 'एजेंट' या सहायक की तरह स्वतंत्र रूप से काम भी करता है।

कोर्स की मुख्य विशेषताएं

आईआईटी दिल्ली का यह छह महीने का एडवांस्ड सर्टिफिकेट प्रोग्राम पूरी तरह से व्यावहारिक और उद्योग की जरूरतों (Industry-ready) के अनुसार तैयार किया गया है। इस कोर्स की अवधि 6 महीने की है और यह एक ऑनलाइन/हाइब्रिड कोर्स है। यह कोर्स वैसे तो सभी के लिए फायदेमंद है, लेकिन सॉफ्टवेयर इंजीनियर, डेटा साइंटिस्ट, एआई रिसर्चर्स, आईटी प्रोफेशनल्स और भविष्य की तकनीक में रुचि रखने वाले ग्रेजुएट्स के लिए यह कोर्स अत्यंत लाभकारी है।

क्या है इस कोर्स का करिकुलम

इस प्रोग्राम के तहत छात्रों को आर्किटेक्चर, मशीन लर्निंग, न्यूरल नेटवर्क्स, नेचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग (NLP), रिइंफोर्समेंट लर्निंग और स्वायत्त एआई एजेंट्स को विकसित व तैनात करने की बारीक तकनीक सिखाई जाएगी। कोर्स में केवल थ्योरी ही नहीं, बल्कि छात्रों को वास्तविक समय के प्रोजेक्ट्स पर काम करने का अवसर भी मिलेगा, ताकि वे समझ सकें कि उद्योगों में इस तकनीक का व्यावहारिक उपयोग कैसे किया जाता है।

इस कोर्स की आज क्यों है जरूरी?

तकनीकी विशेषज्ञों का मानना है कि एजेंटिक एआई भविष्य की सबसे बड़ी औद्योगिक क्रांति है। आने वाले समय में स्वास्थ्य सेवा, फाइनेंस, ई-कॉमर्स, रोबोटिक्स और ऑटोमोबाइल जैसे क्षेत्रों में स्वायत्त एआई एजेंट्स की मांग कई गुना बढ़ने वाली है। आईआईटी दिल्ली का यह एडवांस्ड सर्टिफिकेट कोर्स छात्रों को इस अत्याधुनिक बाजार के लिए पहले से तैयार करेगा, जिससे उनके लिए उच्च वेतन वाले पदों और वैश्विक स्तर पर रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।

कैसे करें आवेदन?

आईआईटी दिल्ली के इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में प्रवेश के लिए इच्छुक उम्मीदवार संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया, पात्रता मानदंड और शुल्क की पूरी जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। यदि आप एआई के क्षेत्र में खुद को सबसे आगे रखना चाहते हैं, तो यह प्रोग्राम आपके लिए एक बेहतरीन निवेश साबित हो सकता है।

Varsha Kushwaha

वर्षा कुशवाहा author

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्... और देखें

  • Hindi News
  • Education

End of Article