17 जुलाई 2026, नई दिल्ली: IMD Forecast: छत्तीसगढ़-ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी, पूर्वोत्तर-UP-बिहार में भी अलर्ट; राजस्थान-गुजरात समेत इन राज्यों में मानसून रहेगा सुस्त – भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को देश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय बना हुआ है। पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में बना सुस्पष्ट दबाव क्षेत्र कमजोर होकर अब कम दबाव के क्षेत्र में बदल गया है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश, जबकि ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, पूर्वोत्तर भारत, बिहार, उत्तर प्रदेश और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम में अगले सात दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। दूसरी ओर, पश्चिम-मध्य भारत, दक्षिण भारत और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अगले कुछ दिन बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कम रहने की संभावना जताई गई है।
सिनॉप्टिक मौसम स्थिति
IMD के अनुसार, उत्तर ओडिशा, झारखंड और गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल के ऊपर बना मजबूत लो प्रेशर एरिया अब कमजोर होकर सामान्य लो प्रेशर एरिया में बदल गया है। यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, झारखंड और उत्तर ओडिशा के ऊपर सक्रिय है और अगले 24 घंटों में इसके और कमजोर होने की संभावना है।
इसके अलावा मानसून ट्रफ का पश्चिमी सिरा सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर बना हुआ है। उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में नया वेस्टर्न डिस्ट्रवेंस सक्रिय हुआ है। उत्तरी हरियाणा और आसपास के इलाकों में निचले स्तर पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इन सभी मौसमी प्रणालियों का असर उत्तर, पूर्व और मध्य भारत के कई राज्यों में देखने को मिलेगा।
पूर्वी और मध्य भारत का मौसमIMD के मुताबिक छत्तीसगढ़ में आज कई स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश (Extremely Heavy Rainfall) का रेड अलर्ट जारी किया गया है। कुछ इलाकों में बहुत ज्यादा बारिश होने की भी संभावना है। ओडिशा में आज भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। वहीं 18 से 20 जुलाई के बीच भी कई जिलों में भारी बारिश जारी रह सकती है।
झारखंड, बिहार, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम में लगातार बारिश का दौर बना रहेगा। 18 और 19 जुलाई को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मध्य प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश तथा तेज हवाएं चलने की संभावना है। पूर्वी मध्य प्रदेश में कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
उत्तर भारत का मौसम
उत्तर भारत में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले कई दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। 19 जुलाई के बाद इन राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 17 से 19 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 20 से 22 जुलाई के बीच इन इलाकों में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी अगले सात दिनों तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर बना रहेगा। राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में 18 जुलाई से बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी जबकि पश्चिमी राजस्थान में भी 18 से 23 जुलाई के बीच बारिश होने का अनुमान है।
पूर्वोत्तर भारत का मौसम
पूर्वोत्तर राज्यों में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले सात दिनों तक व्यापक बारिश की संभावना है। 17 से 19 जुलाई के दौरान अरुणाचल प्रदेश तथा असम-मेघालय में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।
पश्चिम भारत का मौसम
कोंकण और गोवा में अगले सात दिनों तक लगातार व्यापक बारिश जारी रहने की संभावना है। गुजरात, सौराष्ट्र-कच्छ, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में हल्की से मध्यम बारिश होगी। मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में गरज-चमक और 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
दक्षिण भारत का मौसम
तटीय कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, रायलसीमा और कर्नाटक के कई हिस्सों में अगले सप्ताह तक बारिश जारी रहने की संभावना है। आज तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है। तेलंगाना में तेज आंधी, बिजली और 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। हालांकि IMD का कहना है कि अगले सात दिनों तक दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत और पश्चिम-मध्य भारत में बारिश की तीव्रता अपेक्षाकृत कम रहेगी।
दिल्ली-NCR का मौसम
IMD के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा। दिनभर गर्मी और उमस बनी रह सकती है। दोपहर या शाम के समय कुछ इलाकों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं (20 से 30 किमी/घंटा, झोंके 40 किमी/घंटा तक) चलने की संभावना है।
राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जो सामान्य से 2 से 5 डिग्री तक अधिक रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 18 जुलाई से दिल्ली में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं और तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: