
जडेजा की वजह से टीम का बड़ा नुकसान. (फोटो- PTI)
Ravindra Jadeja No-Ball: भारत और श्रीलंका के बीच गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट की चौथी पारी में एक चौंकाने वाली घटना देखने को मिला. श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डी सिल्वा को अपनी जादुई फिरकी के जाल में फंसाने के बावजूद स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को अपनी एक पुरानी गलती के कारण विकेट का जश्न मनाने से महरूम रहना पड़ा. पारी के 16वें ओवर की आखिरी गेंद पर डी सिल्वा पहली स्लिप में अपना कैच थमा बैठे, लेकिन जडेजा के क्रीज से पैर बाहर निकालने के कारण इसे नो-बॉल करार दिया गया. जिसने जश्न पर पानी फेर दिया.
जादुई गेंद पर दिया चकमा
आमतौर पर टेस्ट क्रिकेट में रवींद्र जडेजा की सीधी रहने वाली गेंदें बल्लेबाजों के लिए सबसे बड़ा खतरा बनती हैं, जिससे वो एलबीडब्ल्यू या बोल्ड होने के डर में रहते हैं. लेकिन इस बार 16वें ओवर की आखिरी गेंद पर जडेजा ने शानदार वेरिएशन दिखाया. जडेजा ने गेंद को तेजी से घुमाया, जो बल्ले के बीच के हिस्से को पूरी तरह छकाती हुई निकली. गेंद ने बल्ले का हल्का सा बाहरी किनारा लिया और सीधे पहली स्लिप के केएल राहुल के हाथों में चली गई. इस गेंद पर डी सिल्वा के पास बचाव का कोई मौका नहीं था और भारतीय खेमा बड़े विकेट के जश्न में डूब गया.
जश्न पर फिरा पानी, चौथी बार हुई गलती
भारतीय खिलाड़ियों का यह जश्न चंद पलों में ही निराशा में बदल गया, जब मैदानी अंपायर ने नो-बॉल का इशारा कर दिया. रीप्ले में साफ दिखा कि जडेजा का पैर पॉपिंग क्रीज से आगे निकल चुका था. यह इस गॉल टेस्ट मैच में रवींद्र जडेजा की ओर से फेंकी गई चौथी नो-बॉल थी.
एक स्पिन गेंदबाज के लिए टेस्ट मैच में बार-बार नो-बॉल फेंकना चिंता का विषय माना जाता है, और जब ऐसी गलती पर सामने वाली टीम के कप्तान का बड़ा विकेट हाथ से निकल जाए, तो यह टीम इंडिया के लिए और भी भारी साबित हुआ. इस जीवनदान के सहारे श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डी सिल्वा क्रीज पर टिके रहने में कामयाब रहे.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More