Indore Crime: फेसबुक पर ड्राय फ्रूट का विज्ञापन देखकर महिला ने किया ऑर्डर, 91 हजार की साइबर ठगी - Haribhoomi

Published on 18 सित॰ 2026

इंदौर के कनाड़िया क्षेत्र में फेसबुक पर ड्राय फ्रूट का विज्ञापन देखकर ऑर्डर करने वाली महिला साइबर ठगी का शिकार हो गई। 1500 रुपए के ऑर्डर के बाद ठग ने भरोसा जीतने के लिए 11 रुपए वापस भेजे और फिर कोड कॉपी-पेस्ट करवाकर खाते से 91 हजार रुपए ट्रांसफर कर लिए। महिला की शिकायत पर कनाड़िया पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Cyber Crimes

91 हजार की साइबर ठगी

  • Published: 18 Sep 2026, 12:21 PM IST
  • Last Updated: 18 Sep 2026, 12:21 PM IST

इंदौर: सोशल मीडिया पर दिखने वाले विज्ञापनों पर आंख मूंदकर भरोसा करना भारी पड़ सकता है। इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र में ऐसा ही एक मामला सामने आया है। फेसबुक पर ड्राय फ्रूट का विज्ञापन देखकर ऑर्डर करना एक महिला को महंगा पड़ गया। साइबर ठगों ने पहले भरोसा जीतने के लिए छोटी रकम वापस भेजी और बाद में अलग-अलग कोड कॉपी-पेस्ट करवाकर महिला के बैंक खाते से 91 हजार रुपए ट्रांसफर कर लिए।

कनाड़िया निवासी गुरविंदर कौर ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने गुरुवार को मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी के मोबाइल नंबर और डिजिटल पेमेंट से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

1500 रुपए के ऑर्डर से शुरू हुआ मामला
महिला के मुताबिक 10 सितंबर को उन्होंने फेसबुक पर ‘श्रीराम ड्राय फ्रूट’ नाम से अंजीर और बादाम का विज्ञापन देखा। विज्ञापन में दिए नंबर पर संपर्क करने के बाद आरोपी ने होम डिलीवरी के लिए 1500 रुपए ऑनलाइन जमा करने को कहा। महिला ने रकम भेज दी। इसके बाद व्हाट्सऐप पर ऑर्डर कन्फर्म होने का मैसेज भी आया।

दो दिन बाद आरोपी ने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए महिला को व्हाट्सऐप कॉल किया। उसने कहा कि ऑनलाइन भुगतान वापस कर दिया जाएगा और सामान कैश ऑन डिलीवरी से भेजा जाएगा। भरोसा बढ़ाने के लिए आरोपी ने पहले एक रुपए वापस भेजने की बात कही और फिर पेटीएम से 11 रुपए ट्रांसफर किए।

कोड कॉपी-पेस्ट करवाकर खाते से निकले पैसे
इसके बाद आरोपी ने 1500 रुपए वापस करने के नाम पर एक कोड भेजा और उसे कॉपी-पेस्ट करने को कहा। फिर दूसरा कोड भेजकर 3 हजार रुपए वापस मिलने का झांसा दिया। इसी दौरान महिला के खाते से रकम कटने लगी।

पहले 45 हजार रुपए कटने का मैसेज आया। इसके बाद लगातार ट्रांजैक्शन होते रहे और कुल 91 हजार रुपए खाते से ट्रांसफर हो गए। रकम कटने के बाद महिला ने अपने पति को इसकी जानकारी दी। दोनों ने आरोपी से संपर्क कर पैसे वापस करने को कहा।

आरोपी ने इसके बाद भी उन्हें भ्रमित करने की कोशिश की। उसने व्हाट्सऐप पर 91 हजार रुपए वापस भेजने का स्क्रीनशॉट भेज दिया, लेकिन बैंक खाते की जांच करने पर कोई रकम जमा नहीं मिली।

साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत, जांच शुरू
ठगी का पता चलने के बाद महिला ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत की। जांच के बाद कनाड़िया पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब उस मोबाइल नंबर, डिजिटल पेमेंट माध्यम और उन बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है, जिनके जरिए रकम ट्रांसफर हुई।

पुलिस की जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस ठगी के पीछे कौन लोग हैं और महिला के खाते से निकली रकम आखिर किन खातों में पहुंची।