Indore News: 8 करोड़ के शासकीय गबन मामले में एक और गिरफ्तारी, बैंक खाते में 13.72 लाख के ट्रांजैक्शन से खुला राज - Haribhoomi

Published on 28 जुल॰ 2026

इंदौर के 8 करोड़ रुपये के शासकीय धन गबन मामले में पुलिस ने एक और आरोपी मनोज उर्फ हल्लू को गिरफ्तार किया है। जांच में उसके बैंक खाते में 13.72 लाख रुपये ट्रांसफर होने का खुलासा हुआ है। पुलिस रिमांड के दौरान रकम के इस्तेमाल और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।

Indore News

8 करोड़ के शासकीय गबन मामले में एक और गिरफ्तारी

  • Published: 28 Jul 2026, 10:49 AM IST
  • Last Updated: 28 Jul 2026, 10:49 AM IST

इंदौर: बहुचर्चित करीब 8 करोड़ रुपये के शासकीय धन गबन मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। रावजी बाजार थाना पुलिस ने परदेशीपुरा निवासी मनोज उर्फ हल्लू को हिरासत में लिया है। जांच में सामने आया कि आरोपी के बैंक खाते में गबन की रकम में से 13 लाख 72 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए थे। कोर्ट ने आरोपी को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है, जहां उससे मामले में शामिल अन्य लोगों और पैसों के इस्तेमाल को लेकर पूछताछ की जा रही है।

2023 में सामने आया था मामला
यह मामला वर्ष 2023 में सामने आया था। 23 मार्च 2023 को तत्कालीन संयुक्त कलेक्टर मुनीष सिंह सिकरवार की शिकायत पर रावजी बाजार थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस ने इस मामले में मिलाप चौहान, रंजीत करोड़, मनीषा चौहान, राहुल चौहान समेत कई लोगों को आरोपी बनाया था।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से जिला कोषालय से उन बैंक खातों की जानकारी जुटाई, जिनमें शासकीय राशि तकनीकी कारणों से ट्रांसफर नहीं हो पाई थी। इसके बाद पात्र हितग्राहियों के खातों की जगह अपने, परिजनों, दोस्तों और परिचितों के बैंक खातों की जानकारी दर्ज कर फर्जी स्वीकृति आदेश तैयार किए गए।

राशि को निजी बैंक खातों में ट्रांसफर कराया
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने दोबारा भुगतान संबंधी देयक तैयार कर शासकीय राशि को निजी बैंक खातों में ट्रांसफर कराया। इसी तरीके से करीब 8 करोड़ रुपये का गबन किया गया। जांच के दौरान बैंक ट्रांजैक्शन की पड़ताल में सामने आया कि सह-आरोपी रंजीत ने मनोज उर्फ हल्लू के खाते में 13.72 लाख रुपये ट्रांसफर किए थे।
इसी बैंक ट्रांजैक्शन के आधार पर पुलिस ने मनोज को गिरफ्तार किया। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने इस रकम का उपयोग कहां किया, किन लोगों को पैसा पहुंचाया और इस पूरे नेटवर्क में उसकी क्या भूमिका रही।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और बैंक खातों के लेनदेन की गहन पड़ताल की जा रही है। संभावना है कि जांच में इस गबन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क का खुलासा होने तक कार्रवाई जारी रहेगी।