
16 दिसंबर को गोवा में IPL ऑक्शन
भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज खत्म हो रही है और जल्द ही टीम इंडिया का न्यूजीलैंड दौरा शुरू हो जाएगा. वहीं घरेलू क्रिकेट का एक्शन भी जारी है. यानि भारतीय फैंस के लिए क्रिकेट के रोमांच की कोई कमी नहीं है. मगर मैदान से बाहर क्रिकेट के जिस एक्शन का सबसे ज्यादा इंतजार है, वो है IPL 2027 सीजन का मिनी ऑक्शन. ये इंतजार दिसंबर में खत्म होने जा रहा है और अब इसकी तारीख भी सामने आ गई है- 16 दिसंबर.
फ्रेंचाइजियों तक पहुंचा BCCI का मैसेज
क्रिकबज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, BCCI ने सभी फ्रेंचाइजी मालिकों को बता दिया है कि वो 16 दिसंबर को मिनी ऑक्शन के लिए तैयार रहें. लगातार 3 सीजन के बाद ऑक्शन की भारत में वापसी हो रही है और इस बार आयोजन गोवा में होने जा रहा है. गोवा का सेलेक्शन अपने आप में खास है क्योंकि पहली बार इस राज्य में IPL की नीलामी होगी, जबकि यहां से कोई टीम भी नहीं है.
रिपोर्ट के मुताबिक, BCCI की लॉजिस्टिक टीम ने सभी फ्रेंचाइजी के मैनेजमेंट को मैसेज भेजकर कहा है कि वो 16 दिसंबर के लिए तैयारी कर लें. इस मैसेज में बताया गया है कि ऑक्शन का वेन्यू, 5-स्टार होटल ITC ग्रैंड गोवा होगा. हालांकि ये भी ध्यान देने वाली बात है कि अभी तक बोर्ड ने आधिकारिक ईमेल नहीं किया है. ऐसे में तारीख में बदलाव की आशंका बरकरार है.
टीम इंडिया खेल रही होगी ODI मैच
एक खास बात ये भी है कि 16 दिसंबर को ही बेंगलुरु में भारत और श्रीलंका के बीच वनडे मैच खेला जा रहा होगा. ऐसे में उस मुकाबले में हिस्सा ले रहे कुछ खिलाड़ियों को लेकर भी ऑक्शन में फैसला हो सकता है. अगर ऐसा होता है तो क्रिकेट फैंस के लिए 16 दिसंबर ‘डबल धमाल’ वाला होगा, जहां वो रिमोट का बटन अपने हाथ में लेकर लगातार चैनल बदलते रहेंगे. या फिर एक साथ दो स्क्रीन लगाकर दोनों एक्शन का अपडेट लेते रहेंगे.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More