Ishqnama Trailer: सरहदों से बड़ी निकली मोहब्बत, शहनाज गिल और जय रंधावा की पीरियड लव स्टोरी का ट्रेलर हुआ रिलीज

Published on 15 जुल॰ 2026

Ishqnama Trailer: कुछ प्रेम कहानियां वक्त के साथ धुंधली नहीं पड़तीं, बल्कि इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज हो जाती हैं. ऐसी ही एक सच्ची और इमोशनल प्रेम कहानी को बड़े पर्दे पर लेकर आ रही है पंजाबी फिल्म 'इश्कनामा', जिसका मच अवेटेड ट्रेलर आखिरकार रिलीज कर दिया गया है. शहनाज गिल और जय रंधावा स्टारर इस पीरियड रोमांटिक फिल्म का ट्रेलर पंजाब में एक बड़े इवेंट के दौरान लॉन्च किया गया, जहां पूरी स्टारकास्ट और मेकर्स मौजूद रहे.

ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है. शानदार सिनेमैटोग्राफी, इमोशनल कहानी, दमदार बैकग्राउंड म्यूजिक और शानदार एक्टिंग की झलक ने दर्शकों की एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है. अरविंदर एस. खैरा के निर्देशन में बनी ये फिल्म 24 जुलाई 2026 को भारत, कनाडा और यूनाइटेड किंगडम (यूके) के सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

भारत-पाक की सरहद पर जन्मी एक अनोखी प्रेम कहानी

'इश्कनामा' सिर्फ एक रोमांटिक फिल्म नहीं है, बल्कि ये भारत-पाकिस्तान की सीमा पर जन्मी एक ऐसी प्रेम कहानी है, जिसने वर्षों तक लोगों को भावुक किया है. फिल्म की कहानी चर्चित किताब 'हिंद पाक बॉर्डरनामा' से प्रेरित है और ये निम्मा और नसीमा की रियल प्रेम कहानी पर आधारित बताई जा रही है. कहानी का समय 1981 से 1988 के बीच का है, जब भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण माहौल होने के बावजूद पंजाब के दोनों ओर रहने वाले लोगों के रिश्ते और भावनाएं आज भी एक-दूसरे से जुड़ी हुई थीं.

फिल्म में भारतीय पंजाब के रहने वाले एक युवा सिख शायर निम्मा और पाकिस्तानी पंजाब की मुस्लिम युवती नसीमा की प्रेम कहानी दिखाई गई है. दोनों अलग-अलग देशों, अलग धर्म और सरहदों की दीवारों से बंधे होने के बावजूद एक-दूसरे से बेइंतहा मोहब्बत करते हैं. लेकिन उनका ये रिश्ता आसान नहीं होता और उन्हें समाज, हालात तथा सीमाओं की तमाम मुश्किलों का सामना करना पड़ता है.

आज भी जिंदा है इस प्रेम कहानी का एक किरदार

फिल्म को और भी खास बनाती है इसकी वास्तविकता. बताया जाता है कि इस प्रेम कहानी के नायक निम्मा आज भी भारत में जीवित हैं, जबकि नसीमा बाद में इंग्लैंड चली गई थीं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें खोजने की कोशिशें आज भी जारी हैं. यही वजह है कि 'इश्कनामा' केवल एक काल्पनिक प्रेम कहानी नहीं, बल्कि इतिहास से जुड़ी एक ऐसी दास्तान है, जिसने कई लोगों के दिलों को छुआ है.

ट्रेलर में दिखी शानदार विजुअल्स और इमोशनल कहानी

फिल्म का ट्रेलर भावनाओं से भरपूर है. इसमें पंजाब की खूबसूरत लोकेशंस, बॉर्डर इलाकों का माहौल, उस दौर की संस्कृति और किरदारों की भावनाओं को बेहद खूबसूरती से पर्दे पर उतारा गया है. ट्रेलर में प्यार, बिछड़ना, इंतजार, संघर्ष और त्याग की झलक देखने को मिलती है. वहीं बी प्राक का म्यूजिक और जानी के लिखे गाने कहानी की भावनाओं को और गहराई देते हैं. ट्रेलर देखकर साफ महसूस होता है कि मेकर्स ने इसे सिर्फ एक लव स्टोरी नहीं, बल्कि एक भावनात्मक सिनेमाई अनुभव बनाने की कोशिश की है.

निर्देशक ने बताया क्यों खास है 'इश्कनामा'

भारतीय म्यूजिक वीडियो इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बना चुके निर्देशक अरविंदर एस. खैरा इस फिल्म के जरिए निर्देशन की नई पारी शुरू कर रहे हैं. ट्रेलर लॉन्च के दौरान उन्होंने कहा, "पिछले दस वर्षों से मैंने चार मिनट के गानों के जरिए लोगों की भावनाओं को दिखाने की कोशिश की है, लेकिन कुछ कहानियां इतनी बड़ी होती हैं कि उन्हें एक गाने में नहीं समेटा जा सकता. 'इश्कनामा' ऐसी ही कहानी है. ये निम्मा और नसीमा की सच्ची दास्तान है, जिनकी मोहब्बत ने इतिहास में अपनी जगह बनाई. ट्रेलर हमारी मेहनत और प्यार की सिर्फ एक छोटी-सी झलक है." उन्होंने कहा कि इस फिल्म को बनाना उनके करियर के सबसे भावुक और चुनौतीपूर्ण अनुभवों में से एक रहा है.

'नसीमा का किरदार मेरे लिए नया जन्म है'

फिल्म में पाकिस्तानी युवती नसीमा का किरदार निभा रहीं शहनाज गिल ने इसे अपने करियर का सबसे चुनौतीपूर्ण रोल बताया. उन्होंने कहा, "एक कलाकार के तौर पर नसीमा का किरदार निभाना मेरे लिए जैसे दोबारा जन्म लेने जैसा है. हर कलाकार चाहता है कि उसे ऐसा काम मिले जो उसकी सीमाओं को चुनौती दे और उसे कुछ नया सीखने का मौका दे. 'इश्कनामा' ने मुझे वही मौका दिया. यह सिर्फ एक प्रेम कहानी नहीं, बल्कि प्यार की ताकत और त्याग की कहानी है. मैं इस फिल्म को हर उस इंसान को समर्पित करती हूं, जिसने कभी सच्चा प्यार किया हो." शहनाज ने कहा कि इस फिल्म ने उन्हें अभिनय के नए आयाम सीखने का अवसर दिया और वह उम्मीद करती हैं कि दर्शक उनके इस नए अवतार को पसंद करेंगे.

'पंजाब से बेहतर लॉन्च कहीं नहीं हो सकता था'

फिल्म में निम्मा का किरदार निभा रहे एक्टर जय रंधावा ने कहा कि ट्रेलर को पंजाब में लॉन्च करना उनके लिए बेहद भावुक पल था. उन्होंने कहा, "इश्कनामा' का ट्रेलर लॉन्च करने के लिए पंजाब से बेहतर जगह कोई नहीं हो सकती थी. यही मिट्टी मेरी पहचान है और मैं हमेशा इसका ऋणी रहूंगा. ये फिल्म सिर्फ प्यार की कहानी नहीं, बल्कि त्याग, इंतजार, किस्मत और उन फैसलों की कहानी है, जो पूरी जिंदगी बदल देते हैं. निम्मा का किरदार निभाना मेरे लिए सम्मान की बात है." उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि दर्शक इस फिल्म को दिल से अपनाएंगे.

ये भी पढ़ें: लव जिहाद के आरोपों पर आमिर खान ने तोड़ी चुप्पी, ट्रोलिंग के बीच बोले- 'गौरी हिंदू नहीं ईसाई हैं'