ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल (JAH) के ट्रॉमा सेंटर में बुधवार तड़के मरीज के इलाज के दौरान विवाद हो गया। एक्सीडेंट में घायल मरीज के परिजन और उनके साथियों ने ड्यूटी पर तैनात दो जूनियर डॉक्टरों के साथ मारपीट कर दी।
.
घटना में डॉक्टर सुभद्र और डॉक्टर मोहित घायल हुए हैं। आरोप है कि हमलावर मारपीट के बाद अपने मरीज को भी साथ लेकर वहां से भाग गए। घटना से नाराज जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (जूडा) ने पुलिस और अस्पताल प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।
जूडा ने चेतावनी दी है कि तय समय में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो जूनियर डॉक्टर प्रदर्शन करेंगे।
सुबह 5:30 बजे इलाज के दौरान शुरू हुआ विवाद
जूडा अध्यक्ष धुआंराम गुर्जर के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे सड़क हादसे में घायल अनूप गुर्जर को परिजन ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे थे। कैजुअल्टी में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर सुभद्र और डॉक्टर मोहित मरीज का इलाज कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर मरीज के अटेंडेंट्स डॉक्टरों से बहस करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।
बाहर से साथियों को बुलाकर डॉक्टरों पर हमला
शुरुआती कहासुनी के बाद अटेंडेंट्स ट्रॉमा सेंटर से बाहर चले गए। कुछ देर बाद वे अपने अन्य साथियों के साथ लौटे और दोनों जूनियर डॉक्टरों के साथ मारपीट कर दी।
जूडा के अनुसार, जब तक अस्पताल का अन्य स्टाफ और साथी डॉक्टर मौके पर पहुंचते, हमलावर मरीज अनूप गुर्जर को लेकर वहां से निकल गए।
जूडा ने पुलिस और अस्पताल प्रशासन से की शिकायत
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। जूडा ने कंपू थाना पुलिस, सीएसपी रोबिन जैन, जेएएच अधीक्षक और जीआरएमसी डीन को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद अस्पताल में डॉक्टरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फिर सवाल उठे हैं।
48 घंटे का अल्टीमेटम, कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदर्शन
जूडा अध्यक्ष धुआंराम गुर्जर ने कहा कि ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों के साथ मारपीट की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। डॉक्टर अपनी जान जोखिम में डालकर मरीजों का इलाज करते हैं, लेकिन उनकी सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस को सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 48 घंटे का समय दिया गया है।
तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो जूनियर डॉक्टर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।