Japan Earthquake: भूकंप के तेज झटकों से हिला शहर, कई इलाकों में ब्लैकआउट, 23 लोग घायल, रोकनी पड़ी ट्रेनें

Published on 23 अग॰ 2026

Time Updated: Sunday, August 23, 2026, 9:11 [IST]

Japan Earthquake Tokyo: जापान में रविवार तड़के भूकंप के तेज झटकों से लोगों में दहशत फैल गई. दक्षिणी इबाराकी प्रांत में आए इस भूकंप की प्रारंभिक तीव्रता 5.9 मापी गई. इसके झटके पूर्वी जापान के कई इलाकों के साथ राजधानी टोक्यो में भी महसूस हुए. अधिकारियों के मुताबिक, भूकंप से चार प्रांतों में 23 लोग घायल हुए हैं।

हालांकि, ज्यादातर लोगों को मामूली चोटें आई हैं। राहत की बात यह है कि भूकंप के बाद सुनामी का कोई खतरा नहीं बताया गया। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 70 किलोमीटर नीचे था।

Japan earthquake Tokyo

23 लोग जख्मी

भूकंप के कारण सैतामा में 9, कानागावा में 9, चिबा में 4 और इबाराकी में एक व्यक्ति घायल हुआ है। भूकंप के वक्त ज्यादातर लोग सो रहे थे और तेज झटकों के कारण गिरने या फर्नीचर और दरवाजों से टकराने से चोटिल हुए। कानागावा के योकोहामा में 80 साल से अधिक उम्र की एक महिला बिस्तर से गिर गईं, जिससे उनके कूल्हे में गंभीर चोट आई है।

ट्रेनों की रफ्तार पर असर

भूकंप के बाद टोक्यो और नारिता एयरपोर्ट के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन में देरी हुई। पूर्वोत्तर जापान की कुछ लोकल ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुईं. हालांकि, ईस्ट जापान रेलवे के मुताबिक, शिंकानसेन बुलेट ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहीं। यानी देश की प्रमुख हाई-स्पीड रेल सेवा पर भूकंप का कोई बड़ा असर नहीं पड़ा।

प्रधानमंत्री ने बनाई टास्क फोर्स

जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि सरकार ने भूकंप से हुए संभावित नुकसान का आकलन करने के लिए टास्क फोर्स बनाई है। भूकंप के झटके महसूस होते ही लोगों के मोबाइल फोन पर आपातकालीन चेतावनी भी जारी की गई। सरकार की टीमें प्रभावित इलाकों में हालात पर नजर रख रही हैं और नुकसान की जानकारी जुटाई जा रही है।

टोक्यो में बिजली गुल

तेज झटकों से टोक्यो के कोटो इलाके में भूमिगत पानी की पाइपलाइन फट गई, जिससे सड़क पर पानी भर गया। कर्मचारियों ने बाद में पाइप की मरम्मत कर रिसाव रोक दिया। भूकंप के कारण करीब 460 घरों की बिजली भी चली गई थी, जिसे रविवार सुबह तक बहाल कर दिया गया। परमाणु नियामक प्राधिकरण ने बताया कि करीब एक दर्जन परमाणु ऊर्जा संयंत्रों और अन्य परमाणु सुविधाओं से किसी तरह की अनियमितता की सूचना नहीं मिली है।

  • Block for 8 hours

  • Block for 12 hours

  • Block for 24 hours

  • Don't block

Gender

Select your Gender

Age

Select your Age Range