अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कश्मीर को लेकर बड़ा बयान दिया है। सीएम उमर अब्दुल्ला से मुलाकात के बाद उन्होंने ट्रैवल एडवाइजरी में ढील देने के संकेत दिए हैं।
सीएम उमर अब्दुल्ला से मुलाकात के बाद अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कश्मीर के लिए ट्रैवल एडवाइजरी में ढील देने के संकेत दिए हैं।
- Published: 19 Aug 2026, 04:41 PM IST
- Last Updated: 19 Aug 2026, 04:41 PM IST
US envoy Sergio Gor Jammu-Kashmir Visit: भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात के बाद एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका अपनी यात्रा चेतावनियों (ट्रैवल वार्निंग्स) की समय-समय पर समीक्षा करता है। हालांकि उन्होंने आज यहां कोई बड़ी घोषणा तो नहीं की, लेकिन यह स्पष्ट किया कि इस पर विचार किया जाएगा।
राजदूत ने माना कि नई दिल्ली और यहां की सरकार ने इस क्षेत्र को सुरक्षित और संरक्षित बनाने की दिशा में बेहद सराहनीय कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इसी के मद्देनजर इस बात पर विचार किया जाएगा कि अमेरिका द्वारा अनुशंसित ट्रैवल वार्निंग को डाउनग्रेड (कम) किया जाना चाहिए या नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि यह एक बेहद खूबसूरत इलाका है और अमेरिका के कई नागरिक यहां की सुंदरता और अवसरों का आनंद उठाना चाहेंगे।
#WATCH | Srinagar, J&K | After meeting with CM Omar Abdullah, US Ambassador to India, Sergio Gor says, "The United States puts out travel warnings and every so often we re-evaluate those travel warnings. I cannot make any big announcements here today but it is something that we… pic.twitter.com/0HYGGQUXqw
— ANI (@ANI) August 19, 2026
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने क्या कहा?
इस मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, "आज श्रीनगर में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर का स्वागत करके मुझे बहुत प्रसन्नता हुई। हमने जम्मू-कश्मीर और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच जुड़ाव को व्यापक और गहरा करने की संभावनाओं पर बहुत अच्छी बातचीत की, विशेष रूप से पर्यटन, बागवानी और नई अर्थव्यवस्था जैसे क्षेत्रों में। मैं इस जुड़ाव को जारी रखने और हमारी बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हूं।"
It was a pleasure to receive @USAmbIndia Sergio Gor in Srinagar today. We had a very good conversation about the possibilities that exist to widen & deepen the engagement between J&K & the United States of America, particularly in areas like tourism, horticulture & the new… pic.twitter.com/VsJdJSbzJg
— Omar Abdullah (@OmarAbdullah) August 19, 2026
महबूबा मुफ्ती ने ट्रैवल एडवाइजरी वापस लेने की की थी मांग
इससे पहले दिन में, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) की अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने अमेरिकी राजदूत से कश्मीर आने पर लगाई गई उच्चतम स्तर की यात्रा सलाह (ट्रैवल एडवाइजरी) की समीक्षा करने और उसे वापस लेने का आग्रह किया था। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट के जरिए उन्होंने कहा था कि कश्मीर में हजारों परिवार अपनी आजीविका के लिए पर्यटन पर निर्भर हैं, और यह एडवाइजरी केवल एक चेतावनी नहीं बल्कि "कश्मीर और दुनिया के बीच एक दीवार" की तरह है।
महबूबा मुफ्ती ने कहा कि इस एडवाइजरी को हटाना आत्मविश्वास का एक मजबूत संदेश भेजेगा, जिससे अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की वापसी में मदद मिलेगी और उन अनगिनत परिवारों को बहुत जरूरी राहत मिलेगी जिनकी रोजी-रोटी पूरी तरह से पर्यटन पर टिकी हुई है।