Kal Ka Mausam: पश्चिमी विक्षोभ ने बढ़ाई टेंशन, एमपी-छत्तीसगढ़ समेत इन राज्यों में बारिश का रेड अलर्ट

Published on 25 सित॰ 2026

कल का मौसम, 26 सितंबर: देश के बड़े हिस्से में मानसून की विदाई से पहले मौसम ने अचानक करवट ले ली है. मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर बड़ी चेतावनी जारी की है. दक्षिण ओडिशा और उससे सटे दक्षिण छत्तीसगढ़ के ऊपर बना डिप्रेशन उत्तर उत्तर पश्चिम दिशा की तरफ बढ़ रहा है. इसके साथ ही उत्तर भारत में एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय हो चुका है. इन दोनों सिस्टम के एक साथ असर दिखाने के कारण मैदानी और पहाड़ी इलाकों में मूसलाधार बारिश का नया दौर शुरू हो गया है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिन कई राज्यों के लिए बेहद संवेदनशील रहने वाले हैं.

डिप्रेशन की चाल और इसका असर

मौसम विज्ञान विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार दक्षिण ओडिशा और दक्षिण छत्तीसगढ़ पर मौजूद डिप्रेशन पिछले 6 घंटों में लगभग 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ा है. यह सिस्टम रायपुर से करीब 80 किमी दूर केंद्रित है. इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और ओडिशा के अंदरूनी इलाकों में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं. हवा का झोंका 65 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच रहा है. अनुमान है कि यह सिस्टम अगले 12 घंटे तक अपनी ताकत बनाए रखेगा और इसके बाद धीरे-धीरे कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदल जाएगा. लेकिन तब तक यह मध्य भारत में भारी बारिश करा सकता है.

Weather Systems, Forecast and Warnings :
The Depressionover south Odisha & adjoining south Chhattisgarh, moved north-northwestwards with a speed of 15 kmph during past 06 hours and lay centered at 0830 hrs IST of today, 25th September 2026 over south Chhattisgarh and adjoining… pic.twitter.com/3xvy0VTVGb

— India Meteorological Department (@Indiametdept) September 25, 2026

हिमाचल-उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ का पहरा

उत्तर भारत के ऊपर बना पश्चिमी विक्षोभ मौसम को और अधिक बिगाड़ रहा है. इसके चलते उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में मौसम का रुख कड़ा रहेगा. उत्तराखंड में अगले 2 दिनों के दौरान कुछ जगहों पर बादलों के फटने जैसी स्थिति और अत्यंत भारी बारिश की संभावना है. हिमाचल प्रदेश में भी भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया गया है.

दिल्ली-हरियाणा में चल सकती हैं तेज हवाएं

दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की बात कही गई है. उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में मूसलाधार बारिश का सिलसिला शुरू हो चुका है, जिससे निचले इलाकों में पानी भरने का खतरा बढ़ गया है.

एमपी-छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का संकट

छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में इस समय प्रकृति का कड़ा इम्तिहान चल रहा है. मौसम विभाग ने इन दोनों राज्यों के लिए अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी दी है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी आने वाले दिनों में स्थिति गंभीर बनी रहेगी. विदर्भ में भारी बारिश की आशंका है. तेज तूफानी हवाएं चलने से पेड़ों और कच्चे मकानों को नुकसान पहुंच सकता है. प्रशासन ने आपदा प्रबंधन टीमों को पूरी तरह से सतर्क रहने को कहा है. नदियों और नालों के पास रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है.

बिहार-झारखंड में भी आफत

पूर्वी भारत के राज्यों जैसे बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी मौसम का मिजाज बेहद बिगड़ा हुआ है. झारखंड और ओडिशा में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाले अंधड़ और बादलों की गर्जना की चेतावनी दी गई है.

उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अत्यंत भारी बारिश का संकट बना हुआ है. पूर्वोत्तर के राज्यों असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी गरज-चमक के साथ भारी बारिश का दौर जारी रहेगा.

प्रमुख शहरों का तापमान-

शहरअधिकतम तापमान (25 सितंबर)न्यूनतम तापमान (25 सितंबर)
दिल्ली33°C23°C
मुंबई32°C28°C
चेन्नई34°C28°C
कोलकाता29°C26°C
लखनऊ23°C22°C
पटना26°C24°C
रांची24°C22°C
भोपाल28°C22°C
जयपुर33°C22°C
शिमला23°C14°C
नैनीताल21°C17°C

समुद्र में हलचल और मछुआरों को हिदायत

बंगाल की खाड़ी में बने इस दबाव के कारण समुद्र काफी अशांत हो चुका है. उत्तरी आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चल रही हैं. समुद्र में ऊंची लहरें उठने की आशंका को देखते हुए मछुआरों को अगले 12 घंटों तक समुद्र में न उतरने की सख्त हिदायत दी गई है. बंदरगाहों पर भी चेतावनी के संकेत जारी कर दिए गए हैं ताकि किसी भी अनहोनी से समय रहते बचा जा सके.

यह भी पढ़ें: Aaj Ka Mausam: देश के 13 राज्यों में दिखेगा मौसम का रौद्र रूप, भारी बारिश को लेकर IMD ने जारी किया रेड अलर्ट