नेशनल अवॉर्ड जीतने के अगले ही दिन कार्तिक आर्यन लालबागचा राजा के दरबार पहुंचे। एक्टर अपने साथ अवॉर्ड भी ले गए और बप्पा के चरणों में रखकर आशीर्वाद लिया।
कार्तिक आर्यन
- Published: 23 Sep 2026, 03:21 PM IST
- Last Updated: 23 Sep 2026, 03:21 PM IST
Kartik Aaryan: कार्तिक आर्यन के लिए नेशनल अवॉर्ड मिलने के बाद का पल बेहद खास रहा। 23 सितंबर को वह मुंबई के लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंचे। इस दौरान वह अपने साथ मिला नेशनल अवॉर्ड भी लेकर गए और उसे बप्पा के चरणों में रखकर आशीर्वाद लिया।
अवॉर्ड लेकर पहुंचे बप्पा के दरबार
SPOTTED 🚨:#KartikAaryan visited Lal Baghcha Raja with his National Award 🙌 pic.twitter.com/kawcgeUBUx
— Bollywood Talkies (@bolly_talkies) September 23, 2026
कार्तिक का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह लालबागचा राजा की मूर्ति के पास अपना नेशनल अवॉर्ड ले जाते नजर आ रहे हैं। उन्होंने अवॉर्ड को बप्पा के चरणों से लगाया और फिर हाथ जोड़कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद कार्तिक ने लालबागचा राजा की मूर्ति के सामने अपने नेशनल अवॉर्ड के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। वीडियो सामने आने के बाद उनके फैंस इस पल पर जमकर कमेंट कर रहे हैं।
‘चंदू चैंपियन’ के लिए मिला अवॉर्ड
कार्तिक आर्यन को फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ में मुरलीकांत पेटकर का किरदार निभाने के लिए बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड मिला है। 22 सितंबर को गुजरात के एकता नगर में हुए 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें यह सम्मान दिया। कार्तिक ने यह अवॉर्ड मलयालम एक्टर मम्मूट्टी के साथ साझा किया। मम्मूट्टी को ‘ब्रह्मयुगम’ में उनकी एक्टिंग के लिए सम्मान मिला है।
बोले- छोटे शहर के लड़के का सपना पूरा हुआ
अवॉर्ड मिलने के बाद कार्तिक ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर की। उन्होंने ग्वालियर के दिनों को याद करते हुए बताया कि एक छोटे शहर से निकलकर एक्टर बनने का सपना देखना उनके लिए कितना खास था। उन्होंने लिखा कि नेशनल अवॉर्ड मिलना छोटे शहर के एक लड़के के सपने के सच होने जैसा है। कार्तिक ने डायरेक्टर कबीर खान और प्रोड्यूसर साजिद नाडियाडवाला को भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने मुरलीकांत पेटकर का किरदार निभाने के लिए उन पर भरोसा किया।
‘चंदू नहीं, चैंपियन हूं मैं’
कार्तिक ने मुरलीकांत पेटकर का किरदार निभाने के सफर को मुश्किल बताया। उन्होंने कहा कि यह सफर दर्दनाक रहा, लेकिन इसका नतीजा बहुत खास रहा। उन्होंने अपने माता-पिता, दोस्तों और पूरी टीम का भी शुक्रिया अदा किया। कार्तिक ने यह अवॉर्ड देश के हर पैरालंपियन और उन लोगों को समर्पित किया, जो मुश्किलों के बावजूद अपने सपनों को पूरा करने की कोशिश करते हैं।
अपनी पोस्ट के आखिर में कार्तिक ने लिखा कि यह तो बस शुरुआत है और आने वाले समय में उन्हें अभी कई और मुकाम हासिल करने हैं। उन्होंने पोस्ट का अंत ‘गणपति बप्पा मोरया’ के साथ किया।
यह भी पढ़े- संजय दत्त ने बप्पा के पैरों से सिंदूर लेकर पत्नी मान्यता की भरी मांग, Video ने जीता फैंस का दिल