- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Moradabad
- GJU Admission Counseling Schedule | LLB LLM MEd Choice Filling Details
शिवी शर्मा | मुरादाबाद31 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एलएलबी, एलएलएम और एमएड कोर्स में एडमिशन के लिए काउंसिलिंग का शेड्यूल जारी कर दिया है। एडमिशन के इच्छुक छात्र 12 से 14 सितंबर तक विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन च्वाइस फिलिंग कर सकेंगे। इसके बाद 16 और 17 सितंबर को उन्हें आवंटित कॉलेज में जाकर एडमिशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
विश्वविद्यालय की तरफ से जारी जानकारी के मुताबिक, छात्रों को पहले ऑनलाइन च्वाइस फिलिंग करनी होगी। कॉलेज मिलने के बाद 16 सितंबर से ऑफर लेटर डाउनलोड किया जा सकेगा। छात्रों को ऑफर लेटर के साथ संबंधित कॉलेज में खुद जाना होगा। वहां जरूरी डॉक्यूमेंट्स की जांच के बाद एडमिशन दिया जाएगा। काउंसिलिंग के लिए 500 रुपये फीस तय की गई है, जो वापस नहीं होगी।
एमएड कोर्स में कुल 550 सीटों पर एडमिशन होंगे। विश्वविद्यालय से जुड़े नौ कॉलेजों में 500 सामान्य और 50 ईडब्ल्यूएस सीटें तय की गई हैं। मुरादाबाद के हिंदू कॉलेज में 50+5, आरएसडी एकेडमी में 100+10 और श्री बालाजी एकेडमी में 50+5 सीटें हैं। इसके अलावा, भगवंत सिंह महाविद्यालय ठाकुरद्वारा, कृष्णा कॉलेज ऑफ साइंस बिजनौर, विवेक कॉलेज ऑफ एजुकेशन बिजनौर, रानी भाग्यवती देवी महिला महाविद्यालय बिजनौर, रामा इंस्टीट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन किरतपुर और मॉडल पब्लिक एजुकेशन कॉलेज चंदौसी में भी 50+5 सीटें तय हैं। रानी भाग्यवती देवी महिला महाविद्यालय में ये सीटें सिर्फ छात्राओं के लिए हैं।
एलएलएम कोर्स में कुल 44 सीटें हैं। इसमें एचएमयू हाशमी कॉलेज ऑफ लॉ अमरोहा और कृष्णा कॉलेज ऑफ लॉ बिजनौर में 20-20 सीटें हैं। दोनों कॉलेजों में दो-दो ईडब्ल्यूएस सीटें भी शामिल हैं। इस तरह एलएलएम में कुल 40 सामान्य और चार ईडब्ल्यूएस सीटें हैं। वहीं, एलएलबी कोर्स में केदारनाथ गिरधारी लाल खत्री (पीजी) कॉलेज, मुरादाबाद में 300 सामान्य और 30 ईडब्ल्यूएस सीटें हैं, यानी कुल 330 सीटों पर एडमिशन होगा।
विश्वविद्यालय ने छात्रों को तय तारीखों के अंदर काउंसिलिंग प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी है। तय समय के बाद एडमिशन प्रक्रिया में किसी बदलाव की संभावना नहीं होगी।
.