Maharashtra Fortuner Viral Video: 1 लाख रुपये के 55 ई-चालान! चलती कार का नंबर प्लेट कैसे हो जाता है अदृश्य

Published on 9 सित॰ 2026

Published: Wednesday, September 9, 2026, 15:22 [IST]

महाराष्ट्र में रजिस्टर्ड एक टोयोटा फॉर्च्यूनर (Toyota Fortuner) कार का हैरान कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में गाड़ी के चलते-चलते ही उसकी पिछली नंबर प्लेट एक काले रंग के स्लाइडिंग कवर से छिप जाती है।

सोशल मीडिया पर कार का नंबर (MH14 LN 4888) सार्वजनिक होने के बाद जब रिकॉर्ड्स खंगाले गए, तो पता चला कि इस अकेले वाहन पर 55 ट्रैफिक चालान पेंडिंग हैं, जिनकी कुल रकम ₹1 लाख से अधिक है।

Maharashtra Fortuner with 55 Challans Over 1 Lakh Rupees Fine

बटन दबाते ही गायब हो जाती है नंबर प्लेट

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि फॉर्च्यूनर सड़क पर सामान्य रूप से चल रही होती है। तभी अचानक कुछ ही सेकंड में एक काला मैकेनिज्म ऊपर से नीचे की ओर स्लाइड होता है और नंबर प्लेट को पूरी तरह ढका देता है। यूजर्स का दावा है कि इस मैकेनिज्म को गाड़ी के अंदर बैठे ड्राइवर द्वारा रिमोट या बटन के जरिए ऑपरेट किया जा रहा है।

गाड़ी पर चालान की पूरी कुंडली

सोशल मीडिया (X) यूजर नचिकेत देशपांडे ने CarInfo प्लेटफॉर्म के जरिए संबंधित कार (MH14 LN 4888) का चालान रिकॉर्ड साझा किया है। कार पर आए 55 में से 50 चालान ओवरस्पीडिंग यानी कि निश्चित सीमा से ज़्यादा तेज रफ्तार में गाड़ी चलाने के हैं। प्रति चालान ₹2,000 के दर से ओवरस्पीडिंग चालान का वैल्यू ₹1 लाख बैठता है। ओवरस्पीडिंग के अलावा अन्य 5 चालानों में ड्राइवर सीटबेल्ट, पैसेंजर सीटबेल्ट और गलत तरीके से नंबर प्लेट लगाने के मामले (₹1,000 प्रति चालान) शामिल हैं।

पुणे पुलिस और प्रशासन पर उठे सवाल

इस घटना ने ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हिट एंड रन का बड़ा खतरा: यूजर्स ने चिंता जाहिर की है कि बटन दबाकर नंबर प्लेट छिपाने की यह तकनीक किसी गंभीर हादसे या 'हिट एंड रन' के मामले में आरोपी को आसानी से फरार होने में मदद कर सकती है।

नेटिज़न्स ने पुणे पुलिस और पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस से सिर्फ जुर्माना लगाने के बजाय इस मैकेनिज्म को इंस्टॉल करने वाले गैरेज/मैकेनिक की जांच करने, गाड़ी को तुरंत सीज (Impound) करने और ड्राइवर का लाइसेंस रद्द करने की मांग की है।

DriveSpark की नज़र में

50 से ज्यादा ओवरस्पीडिंग के चालान बिना भरे पड़े रहना यह साफ दर्शाता है कि जब तक पुलिस खुद सड़क पर उतरकर सख्त फॉलो-अप नहीं करती, तब तक ई-चालान (e-Challan) सिस्टम बेअसर साबित होता है। गाड़ी में नंबर प्लेट छिपाने का गैजेट लगाना इस बात का सबूत है कि इस ड्राइवर के लिए चालान का डर खत्म हो चुका है और वह कानून को ठेंगे पर रखकर सड़कों पर बेखौफ घूम रहा है।