चंडीगढ़ में 60 साल की बुजुर्ग का रेप कर मर्डर: सीरियल किलर दोषी करार; MBA छात्रा और 40 वर्षीय महिला को भी मार चुका - Chandigarh News

Published on 14 सित॰ 2026

चंडीगढ़ की जिला अदालत ने सीरियल किलर मोनू कुमार को तीसरे हत्याकांड में भी दोषी करार दिया है। इस बार अदालत ने उसे 60 वर्षीय महिला से दुष्कर्म के बाद हत्या करने के मामले में दोषी ठहराया। मोनू के खिलाफ दर्ज 3 हत्याकांडों में यह तीसरा मामला है, जिसमें अद

.

इससे पहले MBA की 21 वर्षीय छात्रा और एक 40 वर्षीय महिला की हत्या के मामलों में उसे उम्रकैद की सजा सुनाई जा चुकी है। जिला अदालत अब इस मामले में मोनू की सजा पर मंगलवार, 15 सितंबर को फैसला सुनाएगी। अभियोजन पक्ष की ओर से मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषी को फांसी की सजा देने की मांग की है।

मोनू कुमार ने वर्ष 2024 में 60 वर्षीय महिला से दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस जांच में इस वारदात में भी मोनू का नाम सामने आया था। गिरफ्तारी के बाद उसने तीन महिलाओं की हत्या करने की बात कबूली थी। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान जुटाए सबूतों के आधार पर उसके खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल की।

अदालत में सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने मोनू के खिलाफ सबूत पेश किए। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने उसे दोषी करार दिया।

MBA छात्रा की हत्या से खुला था सीरियल किलर का राज

मोनू कुमार का नाम सबसे पहले वर्ष 2010 में सेक्टर-38 में 21 वर्षीय MBA छात्रा से दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में सामने आया था। वारदात के बाद छात्रा का शव सेक्टर-38 के पास मिला था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, लेकिन लंबे समय तक हत्यारे का पता नहीं चल सका।

करीब 14 साल तक मामले में आरोपी की पहचान नहीं हो पाई थी। इसके बाद पुलिस ने जिला अदालत में इस मामले की अनट्रेस रिपोर्ट दाखिल कर दी थी। हालांकि, पुलिस ने जांच को पूरी तरह बंद नहीं किया था और मामले से जुड़े सबूत सुरक्षित रखे गए थे।

साल 2025 में पुलिस को डड्डूमाजरा के पास शाहपुर कॉलोनी के रहने वाले मोनू कुमार पर शक हुआ। पुलिस ने उसका DNA सैंपल लिया और उसे वर्ष 2010 में मृत मिली MBA छात्रा के सुरक्षित DNA सैंपल से मिलाया गया। दोनों DNA मैच होने के बाद पुलिस ने मोनू को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उससे पूछताछ हुई।

2022 में ऑटो ड्राइवर की पत्नी की हत्या

मोनू की गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ के दौरान उसने 2 और महिलाओं के रेप और हत्या की बात कबूली। उसने बताया कि वर्ष 2022 में भी उसने एक महिला को मारा था। मोनू ने पुलिस पूछताछ के दौरान मलोया निवासी एक ऑटो ड्राइवर की 40 वर्षीय पत्नी की हत्या करने की बात कबूली।

पुलिस ने बताया कि घटना 11 जनवरी 2022 की रात की थी। महिला बाजार जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वह घर नहीं लौटी। परिजन ने उसकी तलाश शुरू की। अगले दिन महिला का शव उसके घर से कुछ दूरी पर मिला था।

पुलिस ने इस मामले की जांच की, लेकिन हत्यारे का पता नहीं चला। इसके बाद मोनू ने पूछताछ में खुद कबूला कि उसने ही 40 वर्षीय महिला का पहले रेप किया। इसके बाद उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने इस मामले की भी अलग से चार्जशीट तैयार कर कोर्ट में पेश की।

60 वर्षीय बुजुर्ग महिला से किया रेप

पुलिस पूछताछ के दौरान मोनू ने तीसरी महिला से रेप और हत्या की भी बात बताई। उसने कबूल किया कि उसे एक 60 वर्षीय महिला का भी रेप किया। इसके बाद उसकी हत्या कर दी। इस मामले को भी पुलिस अनसुलझा मानकर छोड़ गई थी।

हालांकि, जब मोनू कुमार ने इसका भी खुलासा किया तो पुलिस ने केस में जांच शुरू की और नई चार्जशीट मोनू कुमार के खिलाफ तैयार कर कोर्ट में पेश की।

2 मामलों में उम्रकैद हो चुकी

पुलिस ने पुराने मामलों की जांच कर वैज्ञानिक व अन्य सबूतों के आधार पर अलग-अलग मामलों को आगे बढ़ाया। इसके बाद मोनू को तीनों मामलों में दोषी करार दिया गया है। MBA छात्रा से रेप के बाद हत्या के मामले में मोनू को जिला अदालत ने साल 2025 में उम्रकैद की सजा सुनाई थी।

वहीं, 40 वर्षीय महिला के रेप और हत्या में अदालत ने मोनू को उम्रकैद की सजा के साथ 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया था। अब 60 वर्षीय महिला से रेप और हत्या के मामले में मोनू को दोषी करार दिया गया है। इस पर 15 सितंबर को फैसला आना है।