Mirzapur The Movie Box Office: 20वें दिन 322 करोड़ के पार, YJHD समेत इन फिल्मों को छोड़ा पीछे

Published on 24 सित॰ 2026

Mirzapur The Movie Box Office: 20वें दिन 322 करोड़ के पार, YJHD समेत इन फिल्मों को छोड़ा पीछे

Mirzapur The Movie Box Office Collection: 'मिर्जापुर द मूवी' रिलीज के तीसरे हफ्ते में भी बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए हुए है. वीकडेज में फिल्म की कमाई की रफ्तार जरूर पहले के मुकाबले धीमी हुई है, लेकिन दुनियाभर में इसका कलेक्शन लगातार बढ़ रहा है. 300 करोड़ क्लब में एंट्री के बाद अब फिल्म 325 करोड़ रुपये के आंकड़े की ओर बढ़ रही है.

20वें दिन कितना रहा कलेक्शन?
फिल्म ने भारत में रिलीज के 20वें दिन यानी तीसरे बुधवार को करीब 1.90 करोड़ रुपये नेट का कलेक्शन किया. इसके साथ ही भारत में फिल्म की कुल नेट कमाई 221.65 करोड़ रुपये हो गई है, जबकि घरेलू बॉक्स ऑफिस पर इसका ग्रॉस कलेक्शन 263.84 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.
विदेशी बाजार में भी फिल्म ने 20वें दिन करीब 50 लाख रुपये कमाए. इसके बाद इसका ओवरसीज कलेक्शन बढ़कर 58.75 करोड़ रुपये हो गया है. भारत और विदेशों की कमाई को मिलाकर फिल्म का 20 दिनों का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 322.59 करोड़ रुपये हो चुका है.
YJHD और एक था टाइगर को छोड़ा पीछे
322 करोड़ रुपये से ज्यादा की वर्ल्डवाइड कमाई के साथ 'मिर्जापुर द मूवी' ने कई चर्चित फिल्मों के कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है. फिल्म ने रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण की 'ये जवानी है दीवानी' के करीब 318 करोड़ रुपये के वर्ल्डवाइड कलेक्शन को पार कर लिया है.
इसके अलावा सलमान खान की 'एक था टाइगर' के करीब 320 करोड़ रुपये के कलेक्शन और 'महावतार नरसिम्हा' के करीब 320.79 करोड़ रुपये के वर्ल्डवाइड कलेक्शन को भी फिल्म ने पीछे छोड़ दिया है.
अब फिल्म की नजर सलमान खान की 'भारत' पर है, जिसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब 323.03 करोड़ रुपये बताया जाता है. मौजूदा रफ्तार के साथ 'मिर्जापुर द मूवी' इस आंकड़े को भी पार करने की कोशिश में है.

फिल्म की स्टारकास्ट और बजट
'मिर्जापुर द मूवी' का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है. फिल्म का निर्माण एक्सेल एंटरटेनमेंट और अमेजन MGM स्टूडियोज के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने किया है.
फिल्म में पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु शर्मा, अली फजल, जितेंद्र कुमार, रवि किशन, सुशांत सिंह, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी और श्रिया पिलगांवकर समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं.
करीब 90 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह क्राइम थ्रिलर 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. अब 20 दिनों के बाद फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 322 करोड़ रुपये से ज्यादा हो चुका है और यह 325 करोड़ के आंकड़े की ओर बढ़ रही है.

Share this story