MLA Kuldeep Kumar: दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचा AAP विधायक कुलदीप कुमार की हिरासत का मामला, जल्द होगी सुनवाई - Haribhoomi

Published on 18 अग॰ 2026

AAP MLA Kuldeep Kumar: सफाईकर्मी की हत्या के विरोध में प्रदर्शन करने वाले AAP विधायक कुलदीप कुमार को हिरासत में लिए जाने का मामला दिल्ली हाईकोर्ट पहुंच गया है।

AAP MLA Kuldeep Kumar

आप विधायक कुलदीप कुमार का हिरासत मामला दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचा।

  • Published: 18 Aug 2026, 05:15 PM IST
  • Last Updated: 18 Aug 2026, 05:17 PM IST

AAP MLA Kuldeep Kumar: आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक कुलदीप कुमार को कथित तौर पर हिरासत में लिए जाने का मामला दिल्ली हाईकोर्ट पहुंच गया है। विधायक को अवैध रूप से हिरासत में रखे जाने के आरोप वाली हेबियस कॉर्पस याचिका पर मंगलवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने पर अदालत ने सहमति जताई।

वरिष्ठ अधिवक्ता शादान फरासत ने दिल्ली हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के समक्ष मामले को मेंशन किया। उन्होंने दावा किया कि मंगलवार तड़के करीब 4 बजे सादे कपड़ों में पहुंचे करीब 20 पुलिसकर्मी कुलदीप कुमार को उनके घर से अपने साथ ले गए।

वकील के मुताबिक, कुलदीप कुमार पिछले दिन से अपने क्षेत्र में एक सफाईकर्मी की हत्या के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान वह मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे।

परिवार को नहीं मिली विधायक की जानकारी

याचिका में दावा किया गया है कि कुलदीप कुमार के परिवार ने पुलिस से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन अब तक विधायक की लोकेशन या उनके बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। मामले में विधायक को अदालत के समक्ष पेश करने की मांग की गई है।  

केजरीवाल ने केंद्र और दिल्ली पुलिस पर उठाए सवाल

AAP के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी कुलदीप कुमार की कथित हिरासत को लेकर केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर सवाल उठाए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दावा किया कि दिल्ली पुलिस ने सुबह करीब 4 बजे विधायक को उनके घर से उठाया और घर के CCTV से छेड़छाड़ कर DVR भी अपने साथ ले गई।

केजरीवाल ने सवाल किया कि अगर एक विधायक को बिना किसी जानकारी और कारण के इस तरह पुलिस घर से ले जा सकती है, तो आम नागरिक की सुरक्षा और अधिकारों का क्या होगा। उन्होंने इसे लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि देश ऐसी कथित “गुंडागर्दी” को बर्दाश्त नहीं करेगा।

फिलहाल, मामले में दिल्ली हाईकोर्ट की सुनवाई और पुलिस की ओर से विधायक की कथित हिरासत को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।