भोपाल में CM हाउस के करीब पहुंचे हजारों किसान, बोले- अब यहीं डालेंगे डेरा - India TV Hindi

Published on 28 जुल॰ 2026

मध्य प्रदेश में आज करीब 2000 से ज्यादा किसान सड़क पर उतरे हुए हैं। 19 किसान संगठनों के किसान सीएम हाउस के पास पहुंच गए हैं जहां पुलिस ने उन्हें रोक दिया है। किसानों और पुलिस के बीच धक्का मुक्की भी हुई है। आगे-आगे किसान पैदल यात्रा कर रहे हैं, उनके पीछे ट्रैक्टर-ट्रॉली और दूसरी गाड़ियां चल रही हैं। किसानों को रोकने के लिए SAF, RAF और 20 से अधिक थानों की पुलिस तैनात की है। कई बैरिकेड तोड़कर राजधानी में दाखिल हुए किसानों के आंदोलन से तनावपूर्ण स्थिति बनी है।

'मांगें पूरी होने तक वापस नहीं लौटेंगे'

आंदोलनकारी किसान अपने साथ 7 दिन का राशन-पानी लेकर आए हैं और उनका कहना है कि मांगें पूरी होने तक वापस नहीं लौटेंगे। किसान मूंग की 100 प्रतिशत खरीद की मांग को लेकर भोपाल पहुंचे हैं। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं और पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखा गया है। प्रशासन की कोशिश है कि स्थिति शांतिपूर्ण बनी रहे और किसी तरह का टकराव न हो।

bhopal farmers protest

Image Source : REPORTER INPUTकिसानों को रोकने के लिए SAF, RAF और 20 से ज्यादा थानों की पुलिस तैनात।

बैरिकेडिंग मजबूत की, वाटर कैनन और वज्र वाहन भी तैनात

हजारों किसानों की भीड़ तेजी से सीएम आवास की ओर बढ़ रही थी, जिसके बाद पुलिस ने बरकतउल्ला ब्रिज के पास मोर्चा संभाल लिया। यहां से सीएम आवास की दूरी करीब 7 किलोमीटर बताई जा रही है। पुलिस ने बसें खड़ी कर रास्ता बंद कर दिया और किसानों को शहर के भीतर आगे बढ़ने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग मजबूत कर दी। पुलिस ने वाटर कैनन और वज्र वाहनों को भी मौके पर तैनात किया है

हाईवे पर यातायात प्रभावित

किसानों के भोपाल की ओर बढ़ने के साथ ओबैदुल्लागंज से भोपाल की तरफ जाने वाला हाईवे बंद है, वहीं जबलपुर की तरफ से सुल्तानपुर मार्ग भी प्रभावित है। किसानों के कूच के चलते भोपाल की तरफ आने-जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह आंदोलन ऐसे समय तेज हुआ है जब मूंग की MSP खरीदी को लेकर प्रदेश में किसान पहले से प्रदर्शन कर रहे हैं। इससे पहले भी किसानों ने हाईवे जाम और विधानसभा घेराव की चेतावनी दी थी। 

यह भी पढ़ें-

''आप मुझ पर नाराज हो रहे हैं, थोड़ा मुस्करा लीजिए'', प्रियंका गांधी ने ऐसा क्या बोल दिया? संसद में हुआ हंगामा

मध्य प्रदेश में हर शुक्रवार जनता के द्वार पहुंचेगी सरकार, सीएम मोहन यादव 7 अगस्त से शुरू करेंगे जन विश्वास अभियान

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।