मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आंध्र प्रदेश में विजयवाड़ा उत्सव में भाग लिया, दक्षिण भारतीय कलाओं की प्रशंसा की और आगंतुकों को एमपी के विरासत स्थलों और वन्यजीवों में आमंत्रित किया। इस कार्यक्रम में 'दक्षिण महिमा' (South Glory) की थीम के तहत हजारों कलाकारों ने भाग लिया और ऐतिहासिक संबंधों और आपसी सहयोग पर जोर देते हुए सांस्कृतिक विविधता का जश्न मनाया।
By Oneindia Staff
Published: Sunday, October 18, 2026, 17:02 [IST]
भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आंध्र प्रदेश में आयोजित विजयवाड़ा उत्सव में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतीय सांस्कृतिक कलाएं और परंपराएं जीवन में उत्साह और उमंग भरती हैं। कार्यक्रम में ‘दक्षिण का वैभव’ थीम के तहत कलाकारों के विभिन्न समूहों ने मनमोहक सांस्कृतिक नृत्यों की प्रस्तुतियां दीं। आंध्र प्रदेश सरकार और पर्यटन विभाग की ओर से मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया गया।
शनिवार रात आयोजित इस उत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मां कनक दुर्गा और भगवान मल्लिकार्जुन स्वामी के चरणों में नमन किया। उन्होंने विजयवाड़ा उत्सव के आयोजन की सराहना करते हुए आयोजकों को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए बधाई दी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि विजयवाड़ा उत्सव का यह दूसरा वर्ष है और नवरात्रि के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम सांस्कृतिक उत्साह को और बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा सभी को सुख और समृद्धि का आशीर्वाद देती हैं। बारिश की बूंदें भी उत्सव के आनंद और उमंग को बढ़ा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कृष्णा नदी के किनारे स्थित विजयवाड़ा विजय की धरती है। उन्होंने मध्य प्रदेशवासियों की ओर से आंध्र प्रदेश के नागरिकों को विजयदशमी की शुभकामनाएं दीं और सभी के जीवन में विजय की कामना की।
उन्होंने कहा कि भारत की विविधतापूर्ण संस्कृति में दक्षिण भारत की परंपराएं और कलाएं सभी को आकर्षित करती हैं। विजयवाड़ा उत्सव का वैभव लगातार बढ़ रहा है। इस आयोजन में 4 से 5 हजार कलाकार अपनी विभिन्न सांस्कृतिक कलाओं और नृत्यों की प्रस्तुति दे रहे हैं।
मध्य प्रदेश और आंध्र प्रदेश के संबंध हजारों साल पुराने
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश और आंध्र प्रदेश के बीच हजारों वर्षों से सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंध रहे हैं। दोनों राज्य अपनी ऐतिहासिक विरासत, संस्कृति और परंपराओं को समृद्ध करते हुए भविष्य में भी परस्पर सहयोग जारी रखेंगे।
विजयवाड़ा और कृष्णा नदी के आसपास के क्षेत्र की ऐतिहासिक महत्ता का उल्लेख करते हुए उन्होंने यहां हीरे के खनन से जुड़ी विरासत का भी जिक्र किया। उन्होंने प्रसिद्ध कोहिनूर हीरे का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत सरकार इसे वापस लाने के लिए प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने विजयवाड़ा के प्रसिद्ध आम बाजार का भी जिक्र किया।
मध्य प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर आने का दिया न्योता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विजयवाड़ा उत्सव में शामिल दर्शकों और श्रद्धालुओं को मध्य प्रदेश आने का निमंत्रण दिया। उन्होंने उज्जैन में बाबा महाकाल और ओंकारेश्वर में ज्योतिर्लिंग के दर्शन करने का आग्रह किया।
इसके साथ ही उन्होंने मध्य प्रदेश में चीतों के पुनर्वास और राज्य की समृद्ध वन्यजीव संपदा का अनुभव लेने के लिए भी लोगों को आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश अपनी धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत के लिए विशेष पहचान रखता है।