MPPSC का बड़ा फैसला: 2019 से 2024 तक की मुख्य परीक्षा की कॉपियां दिखाएगा आयोग, कैसे करना होगा आवेदन? - Haribhoomi

Published on 28 जुल॰ 2026

मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग ने पारदर्शिता बढ़ाने के लिए 2019 से 2024 तक की राज्य सेवा मुख्य परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के निरीक्षण की सुविधा शुरू करने का फैसला किया है।

MPPSC

MPPSC

  • Published: 28 Jul 2026, 10:58 AM IST
  • Last Updated: 28 Jul 2026, 10:58 AM IST

मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने राज्य सेवा परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए बड़ा फैसला लिया है। आयोग ने घोषणा की है कि 2019 से 2024 के बीच आयोजित राज्य सेवा मुख्य परीक्षा में शामिल उम्मीदवार अब अपनी डिस्क्रिप्टिव उत्तर पुस्तिकाओं का निरीक्षण कर सकेंगे। इस पहल को आयोग ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और अभ्यर्थियों के विश्वास को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

नवंबर 2026 से शुरू होगी प्रक्रिया
आयोग की आधिकारिक सूचना के अनुसार, सबसे पहले वर्ष 2019 की राज्य सेवा मुख्य परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का निरीक्षण नवंबर 2026 से शुरू किया जाएगा।

इसके बाद 2020, 2021, 2022, 2023 और 2024 की मुख्य परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं भी चरणबद्ध तरीके से अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराई जाएंगी।

किन उम्मीदवारों को मिलेगा लाभ?
यह सुविधा केवल उन अभ्यर्थियों के लिए होगी जिन्होंने 2019 से 2024 के बीच आयोजित राज्य सेवा मुख्य परीक्षा के लिखित (Main Written Exam) में भाग लिया था।

कैसे करना होगा आवेदन?
उत्तर पुस्तिका देखने के इच्छुक उम्मीदवारों को MPPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन प्राप्त होने के बाद आयोग निर्धारित तिथि और समय के अनुसार अभ्यर्थियों को व्यक्तिगत रूप से उत्तर पुस्तिका का निरीक्षण करने की अनुमति देगा।

जल्द जारी होंगे विस्तृत दिशा-निर्देश
आयोग ने स्पष्ट किया है कि उत्तर पुस्तिका निरीक्षण से संबंधित ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, समय-सारणी, आवश्यक नियम और अन्य दिशा-निर्देश अलग से आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। इसलिए अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे आयोग की वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट देखते रहें।

क्यों अहम है यह फैसला?
उत्तर पुस्तिका निरीक्षण की सुविधा मिलने से अभ्यर्थी अपने उत्तरों के मूल्यांकन को समझ सकेंगे और परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी। इससे भविष्य की तैयारी में भी उन्हें अपनी कमियों और मजबूत पक्षों का बेहतर आकलन करने में मदद मिलेगी।