माया की मेहनत पर फिदा हुए MrBeast, मिलते ही दिया 10 लाख का तोहफा, वीडियो को मिले 6 करोड़ व्यूज

Published on 15 अक्टू॰ 2026

माया की मेहनत पर फिदा हुए MrBeast, मिलते ही दिया 10 लाख का तोहफा, वीडियो को मिले 6 करोड़ व्यूज

MrBeast ने दिया 9.5 लाख का तोहफाImage Credit source: Instagram/mrbeast

सोशल मीडिया पर कुछ लोग अपने अनोखे अंदाज से लोगों का दिल जीत लेते हैं. गुजरात के सूरत की रहने वाली माया गुप्ता की कहानी भी कुछ ऐसी ही है. माया ने दुनिया के मशहूर YouTuber MrBeast से मिलने के लिए पूरे 365 दिनों तक लगातार कोशिश की. उन्होंने हर दिन अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो शेयर किए और MrBeast को टैग करती रहीं. आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और उन्हें अपने पसंदीदा YouTuber से मिलने का मौका मिल गया. इतना ही नहीं, MrBeast ने माया को 10,000 डॉलर यानी करीब 9.5 लाख रुपये का तोहफा भी दिया, ताकि वह जरूरतमंद लोगों की मदद का अपना काम आगे बढ़ा सकें.

माया ने इस चैलेंज की शुरुआत एक खास मकसद के साथ की थी. वह MrBeast से मिलना चाहती थीं, जो अपनी बड़ी-बड़ी चुनौतियों, दिलचस्प वीडियो और लोगों की मदद करने के लिए दुनियाभर में मशहूर हैं. अपने इस सफर को लोगों तक पहुंचाने के लिए माया ने इंस्टाग्राम पर @mayaforbeast नाम से अकाउंट बनाया. वह नियमित रूप से वीडियो पोस्ट करतीं और हर बार MrBeast को टैग करके उनका ध्यान खींचने की कोशिश करतीं.

माया की मेहनत पर फिदा हुए MrBeast

धीरे-धीरे सोशल मीडिया पर उनके इस चैलेंज की चर्चा होने लगी. कई लोग माया को फॉलो करने लगे और यह जानने के लिए उत्सुक रहने लगे कि क्या वह अपने लक्ष्य को पूरा कर पाएंगी. लेकिन माया की इस पूरी कोशिश के पीछे सिर्फ एक मशहूर YouTuber से मिलने की इच्छा नहीं थी. इस दौरान वह अपने आसपास रहने वाले जरूरतमंद लोगों की मदद भी करती रहीं. उन्होंने जरूरतमंदों को खाना खिलाया और अपने इस काम के वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किए.

आखिरकार माया की लगातार कोशिशें MrBeast तक पहुंच गईं. जब दोनों की मुलाकात हुई, तो YouTuber ने बताया कि वह काफी समय से माया के वीडियो देख रहे थे. उन्हें यह बात खास तौर पर पसंद आई कि माया पूरे साल अपने समुदाय के लोगों की मदद करती रहीं. MrBeast ने वीडियो में माया का परिचय देते हुए कहा कि ये माया हैं, जो पिछले एक साल से अपने इलाके के लोगों को खाना खिला रही हैं और अपने हर वीडियो में मुझे टैग कर रही हैं.

उन्होंने आगे बताया कि माया ने बीते एक साल में अपने समुदाय के लिए जो अच्छा काम किया है, वह उसे देख चुके हैं. इसी वजह से वह माया को एक खास तोहफा देना चाहते थे. इसके बाद MrBeast ने माया को 10,000 डॉलर देने का ऐलान किया. भारतीय रुपये में यह रकम करीब 9.5 लाख रुपये बताई गई. इस तोहफे का मकसद माया को जरूरतमंदों की मदद करने के उनके काम में सहयोग देना था.

माया ने भी साफ कर दिया कि वह इस रकम को सिर्फ अपने तक सीमित नहीं रखेंगी, बल्कि इसे दूसरों की मदद के लिए इस्तेमाल करना चाहती हैं. उन्होंने आगे भी जरूरतमंद लोगों के लिए काम जारी रखने की इच्छा जताई. माया और MrBeast की मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. इसे 6 करोड़ से ज्यादा बार देखा गया. लोगों ने माया की मेहनत, लगन और दूसरों के प्रति उनके अच्छे व्यवहार की जमकर तारीफ की. वहीं, कई यूजर्स ने MrBeast की भी सराहना की कि उन्होंने माया के काम को पहचाना और उन्हें आगे बढ़ने में मदद की.

यह भी पढ़ें: दिल्ली एयरपोर्ट की इस बात पर भड़का अमेरिकी टूरिस्ट, कहा- यहां से भूलकर भी मत आना भारत! वीडियो वायरल

एक यूजर ने लिखा कि आप एक अच्छे इंसान और हीरो हैं. वहीं, दूसरे यूजर ने कहा कि माया से मिलकर उसे शायद माया से भी ज्यादा खुशी हो रही है. एक अन्य यूजर ने इसे इस बात की प्रेरणा बताया कि इंसान ठान ले, तो बहुत कुछ कर सकता है. माया की यह कहानी दिखाती है कि अगर किसी लक्ष्य को लेकर लगातार मेहनत की जाए और दूसरों की मदद करने का जज्बा हो, तो छोटी-छोटी कोशिशें भी बड़ा बदलाव ला सकती हैं.

यहां देखिए वीडियो

आयुष कुमार

आयुष कुमार

आयुष कुमार, टीवी9 डिजिटल में सीनियर सब एडिटर हैं. अशोक और चाणक्य की धरती बिहार से हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की तालीम हासिल की है. पत्रकारिता में तीन साल से तिल को बिना ताड़ बनाए किसी भी सोशल मुद्दे को 360 डिग्री समझाने की कोशिश करते हैं. अमर उजाला, फिरकी डॉट इन से अपने पत्रकारीय सफर की शुरुआत की है. पाठकों तक सरल शब्दों में खबरें पहुंचाना उद्देश्य रहा है. लेखन की इस दुनिया में दिलचस्पी इसलिए बढ़ गई, क्योंकि बचपन से ही काफी ज्यादा बातूनी रहे हैं. फिलहाल, टीवी9 में फीचर राइटिंग करते हुए सोशल मीडिया की नब्ज पकड़ने में माहिर हो गए है. अजीबोगरीब खबरों को गजब तरीके से लिखकर आप सबके सामने पेश करते हैं.

Read More

google button