Muzammil Ibrahim: 'मैं बड़ा स्टार था, वो नहीं' दीपिका पादुकोण से ब्रेकअप वाले बयान पर घिरे EX बॉयफ्रेंड, अब मुजम्मिल ने दी सफाई - Haribhoomi

Published on 13 जुल॰ 2026

मॉडल-एक्टर मुजम्मिल इब्राहिम ने दावा किया था कि वह शुरुआती करियर में दीपिका पादुकोण को डेट कर चुके हैं। अपने पुराने रिश्ते पर बयान देने के बाद वह जमकर ट्रोल हुए, जिसपर अब खुद मुजम्मिल ने सफाई दी है।

Deepika Padukone ex boyfriend Muzammil Ibrahim gives clarification on his statement

मुजम्मिल इब्राहिम ने वायरल बयान पर दी सफाई।

  • Published: 13 Jul 2026, 05:07 PM IST
  • Last Updated: 13 Jul 2026, 05:07 PM IST

Deepika Padukone-Muzammil Ibrahim: मॉडल-एक्टर मुजम्मिल इब्राहिम अपने बयान के चलते चर्चा में हैं। उन्होंने एक इंटरव्यू में दावा किया था कि अपने करियर के शुरुआती दिनों में वह दीपिका पादुकोण के साथ रिश्ते में थे। उन्होंने ब्रेकअप पर बात करते हुए कहा कि तब वह दीपिका से बड़े स्टार थे, इसलिए उन्हें इस ब्रेकअप का कोई पछतावा नहीं। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा जिसपर एक्टर की ट्रोलिं हुई। इस बयान के वायरल होने के बाद अब मुजम्मिल ने पूरे मामले पर अपनी सफाई दी है।

'एक साल पुराने इंटरव्यू में कही बात, गलत मतलब निकाला गया... '
मुजम्मिल इब्राहिम ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक लंबा नोट साझा करते हुए बताया कि जिस इंटरव्यू को हालिया बयान बताकर वायरल किया जा रहा है, वह वास्तव में एक साल से भी अधिक पुराना है।

उन्होंने लिखा कि सोशल मीडिया पर इंटरव्यू के केवल कुछ छोटे हिस्से ही साझा किए गए हैं, जबकि पूरी बातचीत काफी लंबी थी। उनके अनुसार, एडिट किए गए क्लिप्स में बातचीत का मूल संदर्भ और संवेदनशीलता पूरी तरह गायब हो गई है।

'मैं हमेशा सम्मान के साथ बात करता हूं'
अपने बयान में मुजम्मिल ने कहा कि उन्होंने हमेशा अपने अतीत से जुड़े लोगों के बारे में सम्मानजनक तरीके से बात करने की कोशिश की है और आगे भी ऐसा ही करेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि पिछले कई वर्षों से उनका पूरा ध्यान अपने करियर और निजी जिंदगी पर रहा है। उनकी इच्छा है कि लोगों का फोकस भी उनके काम पर रहे, न कि पुराने रिश्तों को लेकर विवाद पैदा करने पर। उन्होंने साफ किया कि वह ईमानदारी से अपनी बात रखते हैं, लेकिन हमेशा सम्मान बनाए रखते हैं।

क्या कहा था मुजम्मिल ने?
सिद्धार्थ कनन के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान मुजम्मिल इब्राहिम ने बताया था कि मॉडलिंग के शुरुआती दिनों में वह और दीपिका पादुकोण करीब दो साल तक रिश्ते में थे।

उन्होंने दावा किया था कि रिश्ता उनकी तरफ से खत्म हुआ था और उन्हें इसका कोई अफसोस नहीं है। बातचीत के दौरान उन्होंने यह भी कहा था कि उस समय वह इंडस्ट्री में एक जाना-पहचाना चेहरा थे, जबकि दीपिका ने अभी बड़ी पहचान नहीं बनाई थी। हालांकि, उन्होंने मौजूदा समय में दीपिका की सफलता की खुलकर तारीफ भी की और कहा कि आज वह उनकी शानदार उपलब्धियों से बेहद खुश हैं और उनके काम के फैन हैं।

शादी तक बनी रही दीपिका से बातचीत
मुजम्मिल ने यह भी बताया कि अलग होने के बाद भी कुछ समय तक उनकी और दीपिका की बातचीत होती रही। दोनों एक-दूसरे की उपलब्धियों पर बधाई देते थे। हालांकि, दीपिका की रणवीर सिंह से शादी के बाद धीरे-धीरे दोनों का संपर्क पूरी तरह खत्म हो गया।

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
मुजम्मिल की सफाई के बाद भी सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर चर्चा जारी है। कुछ लोग उनके स्पष्टीकरण का समर्थन कर रहे हैं, जबकि कई यूजर्स का मानना है कि पुराने इंटरव्यू के छोटे हिस्से वायरल होने से बयान का अर्थ बदल गया।