Nagaur News: करोड़ों की ड्रग फैक्ट्री का खुला राज, नागपुर से लेकर चीन तक जुड़े तार, अब तक 13 आरोपी गिरफ्तार

Published on 22 अग॰ 2026

ऑपरेशन नशा मुक्त नागौर के तहत नागौर पुलिस ने दीप कॉलोनी में चल रही अवैध एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। पुलिस की कार्रवाई में 389.15 ग्राम एमडी , करीब 25 लीटर केमिकल, हथियार, नकदी और ड्रग्स तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई। मामले की जांच आगे बढ़ने पर केमिकल सप्लाई के तार नागपुर से होते हुए चीन से खरीद तक जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। इस प्रकरण में अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।



पुलिस के अनुसार 10 अगस्त को दीप कॉलोनी में अवैध रूप से एमडी तैयार करने की सूचना पर कार्रवाई की गई थी। मौके से 389.15 ग्राम एमडी के अलावा एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, तीन खाली खोल और बिक्री से प्राप्त 1 लाख 80 हजार 500 रुपए बरामद किए गए। फैक्ट्री से करीब 25 लीटर केमिकल, आधी तैयार एमडी से भरी कांच की ट्रे, इलेक्ट्रॉनिक कांटे, खाली प्लेटें, प्लास्टिक थैलियां और पाउच सहित अन्य सामग्री भी मिली। पुलिस का कहना है कि बरामद सामान से बड़ी मात्रा में एमडी तैयार किए जाने की तैयारी थी।

विज्ञापन



पुलिस ने फैक्ट्री से गिरफ्तार आरोपी महावीर निवासी लूणसरा से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक उसने बताया कि एमडी बनाने में इस्तेमाल होने वाला केमिकल महाराष्ट्र के नागपुर से मंगाया जाता था। केमिकल सप्लायर्स से संपर्क और सौदे के लिए टेलीग्राम ग्रुप का इस्तेमाल किया जाता था। जांच में कृतज्ञ राजेंद्र ठाकुर और साहिल अतुल चौधरी के नाम सामने आए। पुलिस के अनुसार दोनों से एमडी बनाने में इस्तेमाल होने वाला केमिकल खरीदा गया था। पुलिस जांच के अनुसार दोनों आरोपियों ने Alibaba के जरिए चीन से ड्रग बनाने में इस्तेमाल होने वाला केमिकल मंगवाया था। इसके बाद इन्हें करीब दोगुने मुनाफे पर महावीर को बेचा गया। जांच एजेंसी अब विदेशी सप्लाई से लेकर नागौर में एमडी तैयार करने और आगे इसकी सप्लाई तक की पूरी कड़ी को खंगाल रही है।

विज्ञापन



ये भी पढ़ें: Jaipur News: विदेशी फंडिंग मामले में पादरी के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी, जांच के घेरे में 2.88 करोड़



नागौर पुलिस ने केमिकल सप्लायरों तक पहुंचने के लिए करीब 2500 किलोमीटर तक तलाश की। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों को नागपुर, महाराष्ट्र से दस्तयाब कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि कृतज्ञ राजेंद्र ठाकुर B.Tech IT अंतिम वर्ष का छात्र है, जबकि साहिल अतुल चौधरी B.Tech कंप्यूटर साइंस तृतीय वर्ष का छात्र बताया गया है। इस प्रकरण में पुलिस अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें फैक्ट्री संचालन, केमिकल की खरीद और कथित सप्लाई नेटवर्क से जुड़े लोग शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस अन्य आरोपियों और पूरे नेटवर्क की भूमिका की भी जांच कर रही है।



पुलिस के अनुसार कार्रवाई में 389.15 ग्राम एमडी, एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, तीन खाली खोल, 1.80 लाख रुपए से ज्यादा की नकदी, करीब 25 लीटर केमिकल, ट्रामाडोल कैप्सूल, केमिकल की बोतलें, कांच की ट्रे, इलेक्ट्रॉनिक कांटे और पैकिंग सामग्री जब्त की गई।



मामले में नागौर कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने NDPS Act की धाराओं 8/22, 28, 30 और 35 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत कार्रवाई की है। मामले की जांच मूंडवा थाना प्रभारी देवीलाल विश्नोई कर रहे हैं।  पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी ने बताया कि जांच अभी जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि केमिकल सप्लाई से लेकर एमडी बनाने और आगे इसकी आपूर्ति तक नेटवर्क में कितने लोग जुड़े हैं। साथ ही आरोपियों के संपर्क, वित्तीय लेनदेन और अन्य संभावित ठिकानों की भी जांच की जा रही है।