यूक्रेन के बाद अब रूस बनाम NATO! क्या 'फादर ऑफ ऑल बम' बनेगा पुतिन का अगला हथियार?

Published on 21 सित॰ 2026

यूक्रेन के साथ जंग खींचने का अंजाम पुतिन देख रहे हैं. बड़े और घातक हथियारों को लेकर संयम बरतने का परिणाम भी सामने है. यही वजह है कि पुतिन समझ चुके हैं कि यूक्रेन से कई गुना अधिक ताकतवर देशों के लिए यूक्रेन युद्ध वाली नीति नहीं चलेगी. पुतिन जिस दुश्मन के खिलाफ प्लान तैयार कर रहे हैं वो यूरोप है और पुतिन यूरोप को सबक सिखाने के लिए बहुत बड़े विस्फोट की तैयारी कर रहे हैं.

पुतिन एक ऐसे शक्तिशाली प्रहार की तैयारी कर रहे हैं जिससे नाटो सकते में आ जाए. पहला ही वार इतना ताकतवर हो कि यूरोपीय देश जवाबी हमले की हिम्मत न कर सकें. और ये विकल्प हो सकता है FOAB यानी रूस का महाशक्तिशाली फादर ऑफ ऑल बम. FOAB परमाणु हथियार नहीं है, FOAB से रेडिएशन नहीं फैलता है लेकिन हमला एटम बम जैसा घातक है.

यूरोपीय देशों को भी इसकी भनक लग चुकी है. यूरोप के इंटेलिजेंस अधिकारियों ने आशंका जताई है कि रूस जल्द ही NATO की परीक्षा ले सकता है. NATO की खुफिया रिपोर्ट के मुताबिक रूस कुछ महीनों में ही हमला कर सकता है. पुतिन आर्टिकल 5 की असलियत परखेंगे. यूरोप के किसी एक देश पर हमला किया जाएगा. पुतिन NATO की एकता और ताकत दोनों परखना चाहते हैं लेकिन हमला का प्लान ऐसा होगा कि यूरोप जवाब देने की तैयारी की जगह परमाणु हमले की आशंका से दहशत में आ जाए.

FOAB ने बढ़ाई यूरोप की चिंता

पुतिन दहशत बढ़ाने और पहले ही हमले से अमेरिका को वार्ता के लिए मजबूर करने वाला हमला चाहते हैं. FOAB से करीब एक किलोमीटर का इलाका तबाह हो जाएगा. पुतिन किसी बड़ी अहम जगह को टारगेट कर सकते हैं. नरसंहार के आरोप से बचने के लिए पुतिन किसी बड़ी फैक्ट्री या बेस को तबाह कर सकते हैं. यूरोप के कई देशों को इस तरह की प्लानिंग के बारे में जानकारी मिल चुकी है. यूरोप के देश अच्छी तरह से समझ रहे हैं कि रूस से अब कितना बड़ा खतरा है.

पोलैंड के पीएस टस्क संसद में रूस को बड़ा खतरा बता चुके हैं. फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने टस्क की चेतावनियों को ‘सही और पुख्ता सबूतों पर आधारित’ बताया. फ्रांस में एक आपातकालीन बैठक भी बुलाई गई. NATO रूस के खिलाफ तैयारी जरूर कर रहा है लेकिन पुतिन के आदेश पर ‘फादर ऑफ ऑल बम’ से हमला हुआ तो भारी तबाही का सामना करना पड़ेगा.

क्या है FOAB बम?

FOAB दुनिया का सबसे शक्तिशाली गैर-परमाणु बम है. ये एक वैक्यूम बम है, जो फटने के बाद परमाणु बम जैसी ही भयंकर तबाही मचाता है, लेकिन इसमें से कोई हानिकारक रेडियोएक्टिव रेडिएशन नहीं निकलता. फादर ऑफ ऑल बम रूस का बेहद ताकतवर बम है और इसे नॉन न्यूक्लियर श्रेणी में रखा गया है क्योंकि इससे रेडिएशन का खतरा नहीं है.

इस बम की खासियत है कि ये जमीन से कुछ ऊपर हवा में ही फट जाता है. जोरदार धमाके की वजह से ये एक वैक्यूम बनाता है जिसकी वजह से ये वातावरण से ऑक्सीजन खींचता है. आस पास के इलाके से अचानक आक्सीजन गायब होने की वजह से दम घुटने से इंसानों की मौत हो जाती है. इस बम से बंकर में छिपे लोग भी बच नहीं पाते हैं.

इसके बाद जमीन पर गिरते ही इसमें एक और धमाका होता है जिससे शॉकवेव बनता है और सब कुछ तबाह हो जाता है. बम से बहुत अधिक तापमान की आग फैलती है.इतना कि इसकी आग लोहे को भी गलाने में सक्षम है. जिसकी वजह से इमारतें मलबा बन जाती हैं. पूरे इलाके में कुछ नहीं बचता है. FOAB का वजन 7100 किलोग्राम है. जिसकी वजह से ये बेहद ताकतवर है. इससे 44 टन TNT के बराबर धमाका होता है. बम जहां भी गिरता है वहां 300 मीटर का इलाका भस्म हो जाता है. ये बम सब कुछ जला देने की ताकत रखता है.

FOAB के इस्तेमाल से बढ़ा परमाणु युद्ध का खतरा

रूस का ये हथियार कोई सामान्य हथियार नहीं है. ये बम अमेरिका के पास मौजूद नॉन न्यूक्लियर मदर ऑफ ऑल बम से भी करीब 4 गुना ताकतवर है. अगर रूस ने बम का इस्तेमाल किया तो अमेरिका युद्ध को आगे बढ़ाने की जगह इसे रोकना चाहेगा, क्योंकि FOAB से प्रहार परमाणु हमले की चेतावनी माना जाएगी. FOAB के बाद न्यूक्लियर बम ही अगला ताकतवर हथियार है.

NATO देशों में जवाबी हमले पर एटमी हमले का खतरा बढ़ेगा. लेकिन रूस की चुनौतियों से निपटने की तैयारी शुरु हो गई है. यूरोपीय देश लगातार अपनी सेनाओं को मज़बूत करने की कोशिश कर रहे हैं, 19 सितंबर को डेनमार्क के कोपेनहेगन में बैठक हुई. NATO सैन्य समिति का अगला अध्यक्ष चुना गया. नया अध्यक्ष जर्मनी के जनरल कार्स्टन ब्रेउर बनाए गए हैं. NATO से अमेरिका की दूरी बनाने के बाद जर्मनी ही यूरोप और नाटो का नेतृत्व संभालने के लिए आगे बढ़ रहा है.

जर्मनी अभी यूरोप के NATO सदस्यों में मिलिट्री पर खर्च करने के मामले में पहले नंबर पर है. रूस की सीमा से सटे तीन बाल्टिक देशों रूस को लेकर अधिक सतर्क हैं और लगातार तैयारियां कर रहे हैं. पोलैंड ने भी अपनी सीमा की सुरक्षा का बड़ा प्लान तैयार कर लिया है.

हमले की आशंका से यूरोप के देश अलर्ट

पोलैंड अपनी सीमा को सुरक्षित बनाने के लिए स्मार्ट बॉर्डर बना रहा है जिसके तहत ऑटोमैटिक सायरन सिस्टम लगाए जा रहे हैं ताकि लोगों को वक्त रहते सुरक्षित जगह तक पहुंचाया जा सके. थर्मल और इन्फ्रारेड कैमरे लगाए जा रहे हैं ताकि बॉर्डर के चप्पे चप्पे पर पैनी नजर रखी जा सके. पोलैंड अपनी सीमा पर लेजर बैरियर और रडार लगा रहा है. बॉर्डर पर सैनिकों की तैनाती भी बढ़ाई गई है. पोलैंड की सीमा पर AI वाले ग्राउंड सेंसर लगेंगे. जिससे किसी भी तरह की घुसपैठ की जानकारी तुरंत मिलेगी. घुसपैठ रोकने के लिए आधुनिक ड्रोन तैनात रहेंगे. सेंसर से ड्रोन तक तुरंत जानकारी पहुंचेगी और ड्रोन लॉन्च सिस्टम ऑन हो जाएगा.

इसके बाद बॉर्डर पर ड्रोन चेतावनी देने पहुंचेंगे और लाइव तस्वीरें भी सेना को मिलने लगेगी. पोलैंड के करीब रूस पिछले कई दिनों से हमले कर रहा है जिसकी वजह से पोलैंड सतर्क है और पोलैंड को कई बार फाइटर जेट भी भेजना पड़ा है. पोलैंड के करीब कुछ दिन पहले एक गैस स्टेशन पर हमला हुआ था. 13 सितंबर को पोलैंड सीमा से दो किलोमीटर दूर एक स्टेशन पर हमला हुआ. यूक्रेन पोलैंड की बॉर्डर क्रॉसिंग पर भी ड्रोन से हमले हो चुके हैं.

फ्रांस को भी एक खुफिया रिपोर्ट मिली है जिसके मुताबिक रूस बड़े पैमाने पर हाईब्रिड वॉर की तैयारी कर रहा है. फ्रांस की खुफिया एजेंसियों ने चेतावनी दी है कि रूस अगले साल अक्टूबर में हमलों की शुरुआत कर सकता है.

ब्यूरो रिपोर्ट- टीवी9 भारतवर्ष

ये भी पढ़ें-रूस संसदीय चुनाव में फिरपुतिनका दबदबा, ‘यूनाइटेड रशिया’ की जीत लगभग तय!

TV9 Bharatvarsh

TV9 Bharatvarsh

टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.

Read More

google button