पंजाब: NCSC का बड़ा एक्शन, राजा वड़िंग की जातिसूचक टिप्पणी पर गिरफ्तारी के आदेश

Published on 31 अग॰ 2026

पंजाब के लुधियाना से सांसद और प्रदेश कांग्रेस चीफ अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की मुश्किलें बढ़ गई हैं. पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री स्वर्गीय बूटा सिंह पर चुनावी सभा के दौरान कथित अपमानजनक और जातिसूचक टिप्पणी करने के मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (NCSC) ने गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं.

आयोग के अध्यक्ष किशोर मकवाना की अगुवाई में सोमवार को इस मामले में सुनवाई हुई, इस दौरान बूटा सिंह के बेटे सरबजोत सिंह, तरनतारन के डीएसपी हरप्रीत सिंह व डीएसपी गुलजार सिंह भी मौजूद रहे. आयोग ने पुलिस को राजा वड़िंग समेत सभी आरोपियों को 5 दिनों के भीतर गिरफ्तार कर स्टेटस रिपोर्ट सौंपने को कहा.

क्या है पूरा मामला?

नवंबर 2025 को एक सभा में राजा वड़िंग ने स्वर्गीय बूटा सिंह को लेकर विवादित बयान दिया था. वड़िंग ने कहा था कि ‘नाम सुणेया बूटा सिंह दा, काला रंग हुंदा सी, जमा काला, पठ्ठे पाउंदा सी पठ्ठे, कांग्रेस ने देश दा गृहमंत्री बणाया” (नाम सुना बूटा सिंह का, काले थे बिल्कुल काले, चारा डालते थे चारा, कांग्रेस ने देश का गृहमंत्री बनाया).

राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने पंजाब पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिया है कि मामले के मुख्य आरोपी राजा वड़िंग और अन्य संबंधित व्यक्तियों की 5 दिनों के भीतर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा इसकी रिपोर्ट आयोग को भेजी जाए. आयोग ने मामले की जांच जल्द से जल्द पूरी कर अदालत में चार्जशीट दाखिल करने को कहा है.

अधिकारियों के खिलाफ भी केस दर्ज करने के निर्देश

इसके साथ ही, जांच में जानबूझकर देरी करने वाले जांच अधिकारियों (IO) की जवाबदेही तय करने और दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ एससी-एसटी एक्ट की धारा 4 के तहत विभागीय व कानूनी कार्रवाई करने की सिफारिश की गई है.

एनसीएससी के आदेश पर क्या बोले वडिंग?

वडिंग ने राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (एनसीएससी) द्वारा जारी गिरफ्तारी के आदेशों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. वडिंग ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पंजाब प्रशासन को उन्हें 5 दिनों के भीतर गिरफ्तार करने के निर्देश पूरी तरह से राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित हैं. उन्होंने दावा किया कि यह सारा नाटक उत्तराखंड के हल्द्वानी में भाजपा-आरएसएस कार्यकर्ताओं द्वारा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली स्थल को गंगाजल से कथित रूप से शुद्ध करने के गंभीर मुद्दे से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए रचा जा रहा है.

इसका मकसद जनता का ध्यान भटकाना है… बोले वडिंग

उन्होंने कहा कि पंजाब के अधिकारियों को उन्हें गिरफ्तार करने के निर्देश देना भी इसी सिलसिले की एक कड़ी है, जिसका मकसद जनता का ध्यान असली मुद्दे से भटकाना है.राजा वड़िंग ने कहा कि पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने भी पहले उनके खिलाफ एक आदेश जारी किया था, जिस पर अदालत ने रोक लगा दी थी.

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ऐसी राजनीतिक चालों और दबाव की रणनीतियों से डरने वाली नहीं है. उन्होंने कहा कि बीजेपी को इस बात का जवाब देना होगा कि सिर्फ इसलिए किसी जगह का शुद्धिकरण क्यों किया गया, क्योंकि वहां एक दलित नेता ने रैली को संबोधित किया था.

मोहित मलहोत्रा

मोहित मलहोत्रा

भारतीय विद्या भवन दिल्ली से पत्रकारिता, 17 वर्षों का अनुभव, LIVE INDIA, NEWS 24 & NEWS 18 INDIA का पूर्व अनुभव, फिलहाल TV9 Bharatvarsh में चंडीगढ़ ब्यूरो - पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के लिए डिप्टी एडिटर

Read More

google button